06/09/2026
सोहगरा में हथियार के साथ मारपीट की सूचना, कट्टा व कारतूस बरामद
गुठनी थाना क्षेत्र के सोहगरा गांव में हथियार के साथ मारपीट किए जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि दो व्यक्ति हथियार के साथ एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली तो वहां से एक रेसर बाइक, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरार दोनों आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के संबंध में पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।