13/07/2026
अमरेंद्र दुबे, संवाददाता,बक्सर
बिहार राज्य एक्स सर्विस मैंन मूवमेंट ने मीडिया कर्मियों को किया सम्मानित, मीडिया कर्मियों के दायित्वों और कर्तव्यों की कि सराहना
एक्स आर्मी मैन एसोसिएशन ग्रुप, बक्सर द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में जिले के विभिन्न मीडिया कर्मियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका तथा उनके दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति सम्मान प्रकट करना था।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार विषम परिस्थितियों में भी सत्य को सामने लाने और जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक्स आर्मी मैन एसोसिएशन ने मीडिया कर्मियों की निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
सम्मान प्राप्त करने वाले पत्रकारों ने एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी मेजर पीके पांडे,हरेन्द्र तिवारी,सूबेदार विद्यासागर चौबे,धनंजय दुबे सहित पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में सभी ने समाज हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।