12/08/2026
प्रेम प्रसंग में 21 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या, बचाने आई मां पर भी कातिलाना हमला
पटना जिले के बख्तियारपुर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अंबेडकर नगर, वार्ड नंबर 6 में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर 21 वर्षीय ज्ञानदीप कुमार की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का आरोप है।
परिजनों के मुताबिक, ज्ञानदीप का एक स्थानीय लड़की से प्रेम संबंध था। आरोप है कि इसी बात को लेकर लड़की के पिता और उसके दो भाइयों ने युवक को घेरकर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर किया गया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
⚠️ फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।