07/08/2026
*सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, डीएम ने निर्माण कार्य और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश*
#जहानाबाद - जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, निर्माणाधीन भवन, रेफरल व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, आपातकालीन सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता तथा औषधि उपलब्धता का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने सदर अस्पताल के निर्माणाधीन नए भवन में चल रहे कंक्रीटीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसी को 18 अगस्त 2026 तक हर हाल में यह कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही बीएमएसआईसीएल के उप महाप्रबंधक को निर्माण कार्य की सतत निगरानी करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि 19 अगस्त को वे स्वयं पुनः निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करेंगे।निर्माणाधीन भवन में लिफ्ट स्थापना कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नवंबर 2026 तक अस्पताल भवन का संपूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कर सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ अस्पताल प्रशासन को हस्तांतरित किया जाना सुनिश्चित किया जाए।जिला पदाधिकारी ने अस्पताल की रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि एनेस्थेटिस्ट की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित की जाए तथा रात में भी नियमित रूप से सी-सेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहे, ताकि गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक रूप से अन्य संस्थानों में रेफर न करना पड़े।रेफरल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीएम ने चिकित्सकों को अनावश्यक रेफरल की प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज को उच्च संस्थान में रेफर करना आवश्यक हो तो पहले उसे चिकित्सकीय रूप से स्थिर कर सुरक्षित तरीके से रेफर किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार मिल सके।जिला पदाधिकारी ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा करने तथा मरीजों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक, बीएमएसआईसीएल के पदाधिकारी, संबंधित अभियंता, चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।