23/08/2026
पीएम सूर्य घर योजना में लोन का बड़ा अड़ंगा! 33,534 आवेदनों में 13,610 खारिज, सिर्फ 3,502 को मिली ऋण राशि
बिहार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने के लिए सरकार जोर दे रही है, लेकिन योजना के तहत बैंक से ऋण लेने में बड़ी परेशानी सामने आई है। 10 अगस्त तक राज्य के 21 बैंकों में ऋण के लिए 33,534 आवेदन पहुंचे थे। इनमें से 13,610 आवेदन यानी करीब 40 फीसदी अलग-अलग कारणों से खारिज कर दिए गए। वहीं, अब तक सिर्फ 3,502 आवेदकों के खाते में ऋण की राशि पहुंच पाई है।
बैंकों की ओर से बड़ी संख्या में आवेदन खारिज किए जाने पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी नाराजगी जताई है। ऊर्जा विभाग और बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि ऋण आवेदन को मंजूरी देने में लगने वाला समय 18 दिन से घटाकर 10 दिन किया जाए। साथ ही आवेदकों से तय दस्तावेजों के अलावा कोई अतिरिक्त कागज नहीं मांगने को कहा गया है।
बैंकों के आंकड़ों में सबसे ज्यादा आवेदन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास पहुंचे। एसबीआई में 14,951 आवेदन आए, जिनमें 8,369 स्वीकृत हुए। 5,552 आवेदन खारिज किए गए और 1,030 आवेदकों को ऋण की राशि जारी हुई।
पंजाब नेशनल बैंक में 6,004 आवेदन पहुंचे। इनमें 3,065 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 2,361 यानी 39.3 फीसदी आवेदन निरस्त हुए। बैंक ने 578 आवेदकों को ऋण की राशि जारी की।
केनरा बैंक में 2,725 आवेदन आए। इनमें 1,289 आवेदन स्वीकृत हुए, 1,211 यानी 44.4 फीसदी आवेदन खारिज किए गए और 225 आवेदकों को ऋण मिला।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 1,693 आवेदन पहुंचे। इनमें 472 आवेदन स्वीकृत हुए, 732 आवेदन निरस्त किए गए और 489 आवेदकों को ऋण की राशि जारी हुई। वहीं बैंक ऑफ इंडिया में 1,949 आवेदन आए, जिनमें 761 स्वीकृत, 830 निरस्त और 358 आवेदकों को ऋण जारी किया गया।
बाकी बैंकों की स्थिति भी अलग-अलग रही। बैंक ऑफ बड़ौदा में 1,790 आवेदन आए, 790 स्वीकृत हुए, 818 निरस्त और 182 को राशि मिली। बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 299 आवेदन में 133 स्वीकृत, 137 निरस्त और 29 को राशि मिली। बिहार ग्रामीण बैंक में 576 आवेदन में 250 स्वीकृत, 247 निरस्त और 79 को राशि मिली।
इंडियन बैंक में 1,441 आवेदन आए, जिनमें 521 स्वीकृत, 743 निरस्त और 177 को ऋण मिला। इंडियन ओवरसीज बैंक में 185 आवेदन में 100 स्वीकृत, 71 निरस्त और 14 को राशि जारी हुई। यूको बैंक में 651 आवेदन में 210 स्वीकृत, 334 निरस्त और 107 को राशि मिली। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में 1,100 आवेदन में 435 स्वीकृत, 515 निरस्त और 150 आवेदकों को राशि जारी हुई।
इसके अलावा एचडीएफसी बैंक में 39 आवेदन में 30 स्वीकृत, 9 निरस्त और 30 को राशि मिली। आईडीबीआई बैंक में 69 आवेदन में 8 स्वीकृत, 25 निरस्त और 36 को राशि जारी हुई। पंजाब एंड सिंध बैंक में 50 आवेदन में 18 स्वीकृत, 22 निरस्त और 10 को राशि मिली। जम्मू एंड कश्मीर बैंक में 3 आवेदन में 2 स्वीकृत, 1 निरस्त और 1 को राशि मिली।
क्रेडिट पेचयर बैंक के सभी 5 आवेदन स्वीकृत हुए और सभी 5 को राशि भी जारी हुई। आईआरबीआई बैंक में एक आवेदन आया, जो स्वीकृत हुआ और राशि भी जारी की गई। गुजरातलाबागा (पटना) में एक आवेदन स्वीकृत हुआ, जबकि राशि जारी नहीं हुई। आंध्र प्रदेश ग्रामीण बैंक और दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में एक-एक आवेदन आया, दोनों निरस्त हुए।
अब सरकार का जोर बैंक स्तर पर आवेदन प्रक्रिया को तेज करने और अनावश्यक दस्तावेजों की मांग रोकने पर है, ताकि पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिक आवेदकों को समय पर ऋण मिल सके।