10/05/2026
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है कि वे अपनी मर्जी से अतिक्रमण हटा लें, वरना सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
मंत्री ने कहा कि अतिक्रमणकारियों को मकान-दुकान हटाकर सरकारी जमीन खाली कर देनी चाहिए, ताकि उसका लोक कल्याण के कामों में उपयोग किया जा सके। अगर स्वेच्छा से नहीं हटे तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में डॉ. जायसवाल ने कहा कि यह विभाग उनके लिए जाना-पहचाना है। वे जल्द ही जमीन से जुड़े विवादों का निपटारा तय समयसीमा में करवाएंगे। भ्रष्टाचार पर भी शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे योजना के अनुसार काम करें और शत-प्रतिशत जमीन विवादों का समाधान करें।