07/08/2026
गायघाट, प्रतिनिधि। प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को सात सदस्यीय युवा समाजसेवियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से मुलाकात कर कांटा पंचायत की ज्वलंत जनसमस्याओं और बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों से अवगत कराते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में अभिषेक सुमन, प्रभात कुमार, दीपक कुमार, मयंक कुमार, रोहित कुमार, पंचायत समिति सदस्य संजागर कुमार एवं आलोक कुमार शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने कांटा स्थित प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र को अविलंब नियमित रूप से संचालित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। युवाओं ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 5 मई 2025 को उद्घाटन किए जाने के बावजूद यह स्वास्थ्य केंद्र आज तक प्रभावी रूप से चालू नहीं हो सका है। कांटा समेत आसपास के दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर है।
वर्तमान में बाढ़ के कारण सड़क संपर्क टूट जाने से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलना कठिन हो गया है। ज्ञापन में केंद्र पर नियमित चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती, पर्याप्त दवाएं, एंबुलेंस, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई तथा मुख्य सड़क से स्वास्थ्य केंद्र तक संपर्क सड़क व बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग की गई है
बागमती नदी के बढ़ते जलस्तर से त्रस्त कांटा उत्तरी व दक्षिणी, जमालपुर कोदई, शिवदाहा, लदौर, बलौर निधि, बरुआरी, केवटसा और लक्ष्मणनगर पंचायतों की भयावह स्थिति पर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से जनआंदोलन और भूख हड़ताल करने को बाध्य होगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।