30/06/2026
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जनपद में थराली विकासखंड के तुंगेश्वर क्षेत्र में डाक विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आने का मामला प्रकाश में आया है. आरोप है कि तुंगेश्वर क्षेत्र में तैनात पोस्टमैन ने साल 2025 से लेकर अब तक की महत्वपूर्ण डाक लोगों तक पहुंचाने के बजाय अपने निजी कमरे में तीन से चार बोरियों में बंद कर रखी है. इस कथित लापरवाही के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है.
लोगों ने इस लापरवाही पर पोस्टमैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों के अनुसार, बोरियों में बड़ी संख्या में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक एटीएम कार्ड, बैंकिंग संबंधी दस्तावेज व स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे गए महत्वपूर्ण पत्र और दस्तावेज रखे गए थे, जिन्हें लाभार्थियों तक वितरित नहीं किया गया.
यह मामला तब सामने आया जब स्थानीय निवासी विनोद पांडे को उनकी पुत्री का आधार कार्ड तुंगेश्वर-माल बजवाड़ मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला. विनोद पांडे ने बताया कि जब उन्होंने इस संबंध में पोस्टमैन से पूछताछ की तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने पोस्टमैन के कमरे का निरीक्षण किया तो वहां कथित तौर पर तीन से चार बोरियों में बड़ी मात्रा में डाक रखी हुई मिली.
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से क्षेत्र में नियमित रूप से डाक वितरण नहीं किया गया. इस घटना के बाद डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. लोगों का कहना है कि महत्वपूर्ण सरकारी एवं बैंकिंग दस्तावेज समय पर न मिलने से अनेक नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा होगा. क्षेत्रवासियों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग की है.