11/06/2026
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मधेपुरा सिविल कोर्ट के नये भवन में तकनीकी अनुशासन के अभाव से बुधवार को फिर हादसा होते-होते बचा. क्षमता से करीब दोगुने लोगों के एक साथ लिफ्ट में चढ़ जाने से लिफ्ट जाम हो गई और कई लोग अंदर फंस गए. कोर्ट के अधिकारी, कर्मचारियों व अधिवक्ताओं की सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश गुरविंदर सिंह मल्होत्रा खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. उल्लेखनीय है कि इस भवन का उद्घाटन 3 मई को पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने किया था. लिफ्टमैन सुधीर कुमार ने बताया कि मना करने के बावजूद लोग जबरन लिफ्ट में घुस जाते हैं और कई बार लिफ्टमैन को भी अंदर नहीं रहने देते. उन्होंने स्थायी व्यवस्था होने तक लिफ्ट बंद करने की गुहार लगाई है. आमलोगों से निर्देशों के पालन की अपील की गई है.