10/10/2026
हिन्दी समाचार सहायक संपादक - संजीव वर्मा, वाचिका - शुभ्रा भट्टाचार्य
1- नवा रायपुर में खुलेगी बैडमिंटन अकादमी-मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है विश्व स्तरीय खेल सुविधाओं का विस्तार।
2- आकाशवाणी रायपुर के उप निदेशक समाचार विकल्प रंजन शुक्ला का आज दिल का दौरा पडने से निधन-राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित राजनीतिक और पत्रकारिता जगत ने शोक व्यक्त किया।
3- विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के तहत आज निभाई जा रही है काछन गादी की रस्म।
और
4- मां शक्ति की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र कल से होगा शुरू।
अब समाचार विस्तार से .....
मुख्यमंत्री-बैडमिंटन अकादमी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विश्व स्तरीय खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यह बात श्री साय ने आज रायपुर में सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी घोषणा और अनुबंध हस्ताक्षर समारोह को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैडमिंटन खिलाड़ी और प्रशिक्षक पद्म भूषण पुलेला गोपीचंद नवा रायपुर में बैडमिंटन अकादमी शुरू करेंगे। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा।
होल्ड बाईट-मुख्यमंत्री (25 सेकेण्ड)
कार्यक्रम में प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद ने खेलों को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी युवा पीढ़ी के निर्माण के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की खेल सुविधाओं और निवेश को प्रोत्साहित करने की पहल की सराहना की।
विकल्प शुक्ला-निधन-01
आकाशवाणी रायपुर के उप निदेशक समाचार विकल्प रंजन शुक्ला का आज दिल का दौरा पडने से निधन हो गया। श्री शुक्ला ने दोपहर को पीठ दर्द की शिकायत की। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत हृदय रोग का उपचार कराने का परामर्श दिया। इसके बाद उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल भेज दिया गया। दुर्भाग्य से, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। श्री शुक्ला के परिवार में उनकी पत्नी और दो अविवाहित बेटियां हैं। श्री शुक्ला का अंतिम संस्कार कल सुबह दस बजे रायपुर के राजेन्द्र नगर स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।
भारतीय सूचना सेवा के वर्ष उन्नीस सौ तिरानवे बैच के अधिकारी, श्री शुक्ला छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक प्रसारण के प्रमुख स्तंभ थे। समाचार संचालन और रिपोर्टिंग में उनका असाधारण योगदान था। श्री शुक्ला की पहली नियुक्ति पत्र सूचना कार्यालय दिल्ली में हुई थी। उन्होंने दूरदर्शन और आकाशवाणी सहित कई मीडिया इकाइयों में कार्य किया। उन्होंने भोपाल में भी सेवाएं दीं और कैरियर के अंतिम पच्चीस वर्ष रायपुर में बिताए। अपने पूरे कैरियर में वे सार्वजनिक प्रसारण का प्रमुख चेहरा रहे। अपने उत्साह, सूझ-बूझ और मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले श्री शुक्ला छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारियों, पत्रकारों और मीडिया जगत में जाने-माने और सम्मानित अधिकारी थे। रायपुर के साथ लंबे जुड़ाव के कारण वे राज्य के आधिकारिक मीडिया जगत का जाना-माना चेहरा बन गए थे। आकाशवाणी परिवार उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
विकल्प शुक्ला-निधन-02
राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह सहित राजनीतिक और पत्रकारिता जगत ने विकल्प रंजन शुक्ला के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री शुक्ला ने आकाशवाणी छत्तीसगढ़ के माध्यम से प्रादेशिक समाचारों और समसामयिक कार्यक्रमों के संपादन और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री शुक्ला का
मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में उनकी दीर्घ सेवाएं, कर्तव्यनिष्ठा और सहज-सरल व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनका निधन छत्तीसगढ़ के मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने श्री शुक्ला के निधन को अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला बताया है।
पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल ने श्री शुक्ला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता में उनका योगदान उल्लेखनीय है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने भी श्री शुक्ला के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
रायपुर प्रेस क्लब सहित साहित्यिक संगठनों ने भी श्री शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
समान नागरिक संहिता-बैठक
अम्बिकापुर में समान नागरिक संहिता पर आयोजित बैठक में सरगुजा संभाग के पांच जिलों के एक हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंधों जैसे मुद्दों पर विचार और सुझाव रखे गए। समिति के सदस्यों ने बताया कि सभी सुझावों का अध्ययन करने के बाद समान नागरिक संहिता का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। नागरिक वेबसाइट के माध्यम से भी अपने सुझाव दे सकते हैं।
जन सेवा से देश सेवा-कैप्सूल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में पच्चीस वर्ष पूरे कर लिए हैं। उनकी यह यात्रा ‘जन सेवा से देश सेवा’ के मंत्र और निरंतर समर्पण से परिभाषित होती है, जो आज भी जारी है।
सेवा और सुशासन की इसी सोच से प्रेरित होकर सरकार वर्ष दो हजार सैंतालीस तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। समावेशी विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के माध्यम से यह प्रतिबद्धता लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है।
आज हमारी विशेष श्रृंखला में हम ऐसी ही एक पहल के बारे में बता रहे हैं, जिसमें इस सोच को ‘‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’’ कार्यक्रम के माध्यम से धरातल पर उतारा गया है।
कैप्सूल ( )
भारत विविधताओं का देश है। यहां अलग-अलग भाषाएं, परंपराएं, खान-पान और सांस्कृतिक विरासत होने के बावजूद एकता की भावना सभी को जोड़ती है। इसी भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारत सरकार ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम की शुरुआत की। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों के बीच आपसी समझ, सांस्कृतिक जुड़ाव और मेल-मिलाप को बढ़ावा देना है। इसके तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जोड़ियां बनाई जाती हैं, जो एक निश्चित अवधि तक आपसी सांस्कृतिक आदान-प्रदान की गतिविधियां संचालित करती हैं। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत छत्तीसगढ़ और गुजरात को एक-दूसरे का भागीदार बनाया गया है। विविधता में एकता की भावना को साकार करता यह कार्यक्रम, एक-दूसरे की संस्कृति को जानने और अपनाने के माध्यम से एक मजबूत और एकजुट भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
जिले की चिट्ठी
प्रादेशिक समाचार एकांश, आकाषवाणी रायपुर द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम “जिले की चिट्ठी“ का प्रसारण कल शाम छह बजकर पांच मिनट से छह बजकर दस मिनट तक किया जाएगा। इस कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र रिले करेंगे। इस बार के अंक में ‘‘जांजगीर-चांपा’’ जिले की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
स्वच्छता अभियान
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने दो अक्टूबर से विशेष स्वच्छता अभियान का छठा चरण शुरू किया है। देशभर के छह सौ दस कार्यालयों में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई बढ़ाना, लंबित मामलों को कम करना और ई-कचरे का सही तरीके से निपटान करना है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान मंत्रालय की हर इकाई में चलाया जाए और इसे इकतीस अक्टूबर के बाद भी सालभर जारी रखा जाए।
बस्तर दशहरा
पचहत्तर दिनों तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के अंतर्गत आज शाम काछन गादी की रस्म निभाई जा रही है। इस रस्म के तहत जगदलपुर में भंगाराम चौक स्थित काछनगुढी मंदिर के सामने राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव और मां दंतेश्वरी मंदिर के पुजारी रियासत कालीन परम्परानुसार विधि-विधान पूर्वक पूजा -र्चना के बाद बालिका से बस्तर दशहरा मनाने के लिए आशीर्वाद लेंगे।
शारदीय नवरात्र
मां शक्ति की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र कल से शुरू होगा। कल से लेकर नौ दिनों तक सभी शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में मां शक्ति के विभिन्न रूपों की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिरों में घट स्थापना के साथ ही मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित किए जाएंगे। वहीं, चौक-चौराहों में स्थित पंडालों में भी देवी प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
इस बीच, नवरात्रि पर्व के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले पदयात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
स्क्वैश चैंपियनशिप
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में कल ग्यारह से तेरह अक्टूबर तक राज्य स्तरीय जूनियर और सब-जूनियर स्क्वैश चौंपियनशिप का आयोजन करेगा। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता दस आयु वर्गों में होगी।
संक्षिप्त समाचार
और अब कुछ समाचार संक्षेप में ...
- कबीरधाम जिले में भारतीय किसान संघ के बैनर तले पिछले कुछ दिनों से जारी आंदोलन स्थगित हो गया है। किसान संघ के जिला अध्यक्ष डोमन सिंह चंद्रवंशी ने बताया कि सरकार द्वारा कुछ मांगांे को पूरा करने और नवरात्र पर्व को देखते हुए आंदोलन को स्थगित किया गया है।
- कांकेर जिले में आईईडी विस्फोट की साजिश और विस्फोटक सामग्री रखने के मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने दो आरोपियों को दस-दस वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
और
- रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में बीती रात ट्रैक्टर और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।