Divyadinkar

Divyadinkar Its a website site for news on politics,entertainment ,sports and mainly deal with state of Bihar and Jharkhand.

Divya dinkar -the name of newspaper was kept on the name of our Rastra kavi Sri Ramdhari Singh 'Dinkar'. He was a great man who was a part of freedom movement. He had a strong viewpoint on everything which effected our country. We will try to follow his footpath and will try to do journalism of courage and truth. Print media is going through a transition because our society is changing rapidly.

03/12/2016

होम | बिहार |
बिहार सरकार ने राशन कार्ड रखने वाले सात लाख अयोग्य परिवार को चिह्नित किया

पटना: बिहार सरकार ने सस्ते दर पर राशन पाने का कार्ड रखने वाले सात लाख अयोग्य परिवार को चिह्नित किया है जिन्हें रद्द करने की प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू की जाएगी.

बिहार विधानसभा में गुरुवार को खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्री मदन सहनी ने भाजपा सदस्य संजय सरावगी द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार राशन कार्ड और आधार की जांच केंद्र के निर्देशों पर कर रही है.

उन्होंने बताया कि प्रदेश में राशन कार्ड रखने वाले कुल 1.54 करोड़ परिवारों में से 1.50 करोड़ की जांच पूरी कर ली गई है और इस जांच के क्रम में 7 लाख जाली राशन कार्ड पाए गए. सहनी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत प्रदेश में कुल लाभुकों की संख्या 8.71 करोड़ है जिनमें से 8.62 करोड़ की पहचान कर ली गई है. उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा प्रति माह मात्र 4.57 टन अनाज 1.54 करोड़ परिवारों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है.

03/12/2016

पटना हवाई अड्डे पर 1.20 करोड़ रुपये के पुराने नोट बरामद

पटना: पटना हवाई अड्डे पर पुलिस ने गुरुवार शाम दो विदेशी नागरिकों के पास से करीब 1.20 करोड़ रुपये के पुराने नोट बरामद किए हैं. दोनों थाईलैंड के रहने वाले बताए जाते हैं.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट से आए दो विदेशी युवकों के पास से करीब 1.20 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं. बरामद सभी नोट पुराने 500 और 1000 रुपये के हैं. फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी पटना हवाई अड्डा पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं.

पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है. सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक इस धनराशि को बुद्धिस्ट संगठनों को दान में मिला बता रहे हैं. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

03/12/2016

भतीजी से तेजप्रताप की शादी की अटकलों के बीच पटना पहुंचे रामदेव ने लालू को बताया 'देश की धरोहर'

पटना: योगगुरु बाबा रामदेव शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के पटना स्थित आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. रामदेव ने लालू प्रसाद को देश की राजनीतिक धरोहर बताया.

लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव से रामदेव की भतीजी की शादी को लेकर आई खबरों के बीच लोग योगगुरु की इस पटना यात्रा के कई मायने निकाल रहे हैं. हालांकि रामदेव ने आरजेडी अध्यक्ष से किसी भी रिश्तेदारी की बात से इनकार करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. यह सब मीडिया का फैलाया गॉसिप है.

रामदेव ने कहा कि उनका पटना आने का मकसद राजनीतिक नहीं, बल्कि पतंजलि का कार्यक्रम है. इसके बाद जब उन्होंने सुना कि लालू प्रसाद की तबियत खराब है तो उनसे मिलने चले गए. योगगुरु रामदेव सुबह लालू प्रसाद के आवास पहुंचे और उन्हें योगाभ्यस भी कराया.

इसके साथ ही रामदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को भी सराहा और कहा कि इससे कहीं भी आर्थिक मंदी की स्थिति नहीं है. हालांकि उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लालू से नोटबंदी पर नहीं, बल्कि रोगबंदी पर चर्चा हुई. येागगुरु ने कहा, 'लालू देश की राजनीतिक धरोहर हैं और उनका स्वस्थ रहना देश की राजनीति के लिए जरूरी है.'

इधर, आरजेडी के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी ट्वीट कर योग गुरु को कुशलक्षेम पूछने के लिए आने पर धन्यवाद दिया. उन्होंने रामदेव से मुलाकात की एक तस्वीर ट्वीटर पर साझा करते हुए लिखा, 'बाबा रामदेव जी ने कहा, 'आप सामाजिक, राजनीतिक धरोहर हैं, देश की राजनीति के लिए आपका स्वस्थ रहना आवश्यक है.' कुशलक्षेम पूछने के लिए बाबा का धन्यवाद.'

पत्रकारों द्वारा नोटबंदी के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि नोटबंदी को लेकर कहीं भी आर्थिक मंदी की स्थिति नहीं है. उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि नोटबंदी को लेकर लोगों को कुछ दिन धर्य रखना होगा. इसके बाद अर्थव्यवस्था पटरी पर आ जाएगी.

03/12/2016

बिहार विधानमंडल परिसर में महागठबंधन के सदस्यों का धरना

पटना: बिहार विधानमंडल परिसर में शुक्रवार को सत्ताधारी महागठबंधन के विधायकों और विधान पार्षदों ने धरना दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में जमकर नारे लगाए. इसमें शामिल नेताओं का कहना है कि नोटबंदी को लेकर किसान और मजदूर परेशान हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में इस धरना-प्रदर्शन में महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जनता दल (युनाइटेड) तथा कांग्रेस के सभी सदस्यों ने भी हिस्सा लिया. राबड़ी देवी ने कहा कि नोटबंदी के बाद किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं, मजदूर परेशान हैं. लोग अपने ही पैसों के लिए दिनभर भटक रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वादों की याद दिलाते हुए कहा कि लोगों के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपये कब डाले जाएंगे, यह उन्हें बताना चाहिए.

महागठबंधन के इस धरना को लोग एकजुटता दिखाए जाने के रूप में देख रहे हैं. सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुआ धरना विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले समाप्त हो गया.

03/12/2016

हजारों करोड़ का कालाधन घोषित करने वाला गुजरात का कारोबारी महेश शाह फ़रार

नई दिल्ली: एक आम सा दिखनेवाला शख्स है महेश शाह लेकिन ये फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा में है अहमदाबाद शहर में. ये जानकारी सामने आई है कि इन्होंने केन्द्र सरकार की महात्वाकांक्षी काला धन को टैक्स देकर सफेद करने की वीडीआईएस योजना में 13,860 करोड़ रुपये कैश होने की घोषणा की थी.

एक सामान्य घर में रहनेवाले शाह को इसके तहत इन्हें चार किश्तों में 45 प्रतिशत टैक्स भरना था. 30 नवम्बर से पहले इन्हें इसका पहला 25 प्रतिशत यानी 1560 करोड़ रुपये जमा करना था लेकिन अचानक मियाद खत्म होने से पहले इनकम टैक्स विभाग ने 28 नवम्बर को ही पूरा डिस्क्लोजर रद्द करके 29 और 30 नवम्बर को इसके औऱ इनके सीए तेहमूल सेठना के ठिकानों पर सर्च किया.

तेहमूल कहते हैं कि उन्हें इनके व्यवसाय की ठोस जानकारी नहीं है लेकिन वो बड़ी चीज थे. वो कुछ खास पढ़े लिखे नहीं थे, उम्रदराज़ लेकिन बहुत हि होशियार आदमी था. उनके सम्पर्क बहुत बड़े लोगों से थे और वो जमीन में बड़े सौदे किया करते थे इसलिए उन्हें कभी उनके खुलासे पर संदेह होने की संभावना नहीं थी

03/12/2016

डोनाल्‍ड ट्रंप से 'बेहतर' हैं नरेंद्र मोदी : कन्हैया कुमार

मुंबई : जेएनयू छात्र नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से 'बेहतर' हैं.

कुमार यहां टाइम्स लिटफेस्ट में 'फ्रॉम बिहार टू तिहाड़' पर एक सामूहिक परिचर्चा में बोल रहे थे.

उन्होंने कहा, '(हो सकता है कि नरेंद्र मोदी से) तमाम मतभेद हों, इसके बावजूद मोदी ट्रंप से बेहतर हैं. दुनियाभर में अधिनायकवादी भावना बढ़ी है और अगर आप देखें कि (अमेरिकी) राष्ट्रपति चुनाव में जिस तरह की भाषा इस्तेमाल हुई है, प्रवासियों और महिलाओं के खिलाफ अभूतपूर्व बयान दिए गए'.

कुमार पर इस साल जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में कथित तौर पर 'राष्ट्रविरोधी' नारेबाजी के मामले में देशद्रोह का आरोप लगा था.

छात्र नेता ने महान अफ्रीकी-अमेरिकी नेता मार्टिन लूथर किंग का उद्धरण देते हुए कहा, 'बुरे लोग इसलिए नहीं चिल्लाते कि वे शक्तिशाली हैं, बल्कि अच्छे लोगों के खामोश रहने से ऐसा होता है'.

03/12/2016

नोटबंदी के ऐलान के बाद रातों रात बैंक ने चुपके से बदले 47 करोड़ के पुराने नोट

मुंबई: महाराष्ट्र के नासिक ज़िला सहकारी बैंक में चुपके से 47 करोड़ बदलने का मामला सामने आया है. ये कारनामा 8 नवम्बर की रात को हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1000 और 500 के नोट रद्द करने का ऐलान किया.

प्रधानमंत्री की घोषणा के तुरंत बाद रातोंरात बैंक के निदेशकों ने 47 करोड़ रुपये के खुल्ले बैंक की तिज़ोरी से गायब कराए और उसके बदले में 500-1000 के नोट वहां भर दिए.

मामला खुला तो अब जांच शुरू हुई है. आयकर विभाग और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बैंक पर छापामारी की है और कई कागज़ात जब्त किए हैं. नासिक ज़िला बैंक पर एनसीपी नेता छगन भुजबल के समर्थकों का कब्जा बताया जाता है

03/12/2016

पीएम नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के ऐलान के बाद टोल वसूली पर लगी रोक समाप्त, आज से देना होगा टोल

नई दिल्ली: 8 नवंबर को नोटबंदी के बाद उपजी कई समस्याओं में से एक के समाधान के लिए राजमार्गों पर टोल नाकों पर वसूली पर जो रोक लगाई गई थी वह आज से हट गई है. आज से फिर टोल प्लाजा पर टोल लिया जाएगा.

सड़क परिवहन राज्यमंत्री मनसुख एल मांडविया ने कहा कि 15 दिसंबर तक जहां टोल टैक्स 200 रुपये से ज़्यादा है वहां अब भी 500 के पुराने नोट लिए जाएंगे. सरकार का कहना है कि टैक्स के पैसे लेने के लिए हर तरीके से डिजिटल व्यवस्था भी की गई है.

8 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के ऐलान के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों को पहले 11, फिर 24 नवंबर और बाद में दो दिसंबर तक फ्री किया गया था. इधर 500 रुपये के नोटों पर पेट्रोल पंप और हवाई टिकट पर मिलने वाली छूट ख़त्म हो गई है.

20/11/2016

पंजाब में 20 से 30 नवंबर तक 21 रैलियों को संबोधित करेंगे अरविंद केजरीवाल

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब में पार्टी के प्रचार के लिए 20 से 30 नवंबर तक कुल 21 रैलियां करेंगे.

पार्टी के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा, ‘‘केजरीवाल राज्य के अलग-अलग भागों में 21 रैलियों को संबोधित करने के लिए 20 से 30 नवंबर तक पंजाब में होंगे.’’ उन्होंने कहा कि वह पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के प्रतिनिधित्व वाली सीट सलालाबाद से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे और 30 नवंबर को गुरदासपुर में पंजाब का अपना दौरा समाप्त करेंगे.

प्रवक्ता ने कहा कि केजरीवाल बठिंडा, मोगा, मुक्तसर, संगरूर, रूपनगर, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, अमृतसर और तरणतारण जाएंगे. आप की नजरें राज्य के 2017 विधानसभा चुनावों के बाद पंजाब में सत्ता हासिल करने पर है.

20/11/2016

नोटबंदी : राहुल गांधी ने सरकार से पूछा - 'क्या अब आप सुप्रीम कोर्ट को 'राष्ट्रविरोधी' कहेंगे?'

नई दिल्ली: नोटबंदी के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या अब वह सुप्रीम कोर्ट को 'राष्ट्रविरोधी' कहेगी.

उन्होंने सरकार से सवाल पूछते हुए ट्विटर पर लिखा, 'क्या अब सरकार सुप्रीम कोर्ट को राष्ट्रविरोधी कहेगी?' राहुल ने ट्वीट के साथ एक खबर भी टैग की, जिसके अनुसार कलकत्ता हाईकोर्ट ने सरकार से कहा है कि उसने कदम उठाने से पहले पूर्व तैयारी नहीं की, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इससे आगे संकट की स्थिति पैदा हो सकती है.

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है, जब सरकार 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों का चलन बंद करने के अपने फैसले पर सवाल कर रहे कांग्रेस नेताओं को 'राष्ट्रविरोधी' बता रही है.

20/11/2016

कांग्रेस पंजाब के पानी को सुरक्षित रखने के लिए विधेयक लेकर आएगी : अमरिंदर

बरनाला: पंजाब कांग्रेस प्रमुख कैप्‍टन अमरिंदर सिं‍ह कैप्‍टन अमरिंदर सिं‍ह ने शनिवार को कहा कि राज्य में कांग्रेस अगर सत्ता में आती है तो विधानसभा में राज्य के पानी को बचाने और ढाई लाख रुपये तक की आय वालों के संपित्त कर को माफ करने के लिए विधानसभा में एक नया कानून लाया जाएगा.

बादल पर एसवाईएल मुद्दे पर पंजाब के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हमने उन्हें एक सबक सिखाना है. उन्होंने आरोप लगाया कि बादल सरकार ने पिछले दस साल में राज्य को लूटा है.

अमरिंदर ने सत्ता में आने पर ढाई लाख रुपये की आय वालों का संपत्ति कर माफ करने और बाद में समाज के अन्य वर्गों के लिए संपत्ति कर को कम करने का वायदा किया. उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में जिन लोगों को बिजली की मुफ्त सब्सिडी मिल रही है उसे जारी रखा जाएगा और मौजूदा ‘आटा दाल’ योजना का विस्तार करते हुए उसमें चाय और चीनी को शामिल किया जाएगा.

बादल सरकार की 10वीं सालगिराह के मौके पर बरनाला जिले में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके (बादल के) खून में कुछ गलत है. वे सभी झूठे और लुटेरे हैं जो पिछले 10 साल से रोजाना पंजाब को लूट रहे हैं. पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख ने कहा कि उन्हें (बादलों को) उनके ‘गुनाहों’ के लिए बचके जाने नहीं दिया जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘मैं सुनिश्चित करूंगा कि अगर वे दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें सजा मिले और उन्हें जेल भेजा जाए.’ अमरिंदर ने कहा कि अकाली नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. केबल, बालू और अन्य माफियाओं के साथ कथित तौर पर बादलों द्वारा चलाए जा रहे परिवहन माफिया का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी सरकार उनसे परिवहन नेटवर्क छीनकर इसे राज्य के बेरोजगार युवाओं को सौंप देगी.

20/11/2016

पश्चिम बंगाल को 500 रुपये के नए नोट नहीं भेज रही केंद्र सरकार : ममता बनर्जी

कोलकाता: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को केंद्र की राजग सरकार पर पश्चिम बंगाल में 500 रुपये के नए नोट नहीं जारी कर इस राज्य के साथ भेदभावपूर्ण राजनीति करने का आरोप लगाया एवं कहा कि अन्य राजनीतिक दलों के साथ बातचीत करने के बाद अगली कार्ययोजना तय करेंगी.

ममता बनर्जी ने कहा, "उन्होंने राजस्थान को 500 रुपये के नोट भेजे हैं, लेकिन वे पश्चिम बंगाल को 500 रुपये के नोट नहीं भेज रहे हैं. केंद्र सरकार सही ढंग से कार्य करने में पूरी तरह विफल रही है. ग्रामीण भारत मर रहा है, वह कार्ड नहीं इस्तेमाल करता. वे क्या करेंगे? पूरा ग्रामीण भारत चीख रहा है, किसान चीख रहे हैं. यदि खाना ही उपलब्ध नहीं होगा, तो लोग खाएंगे क्या? प्लास्टिक?? ’’ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बड़े पुराने नोटों का चलन बंद होने के कारण राज्य में तीन लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

उन्होंने केंद्र सरकार के इस अनुरोध पर ऐतराज करने पर उच्चतम न्यायालय की सराहना की कि वह यह निर्देश दे कि शीर्ष अदालत के सिवा कोई भी अदालत नोटबंदी की अधिसूचना पर याचिकाएं नहीं सुन सकती.

ममता आज कोलकाता में भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय गईं और वहां की क्षेत्रीय निदेशक रेखा वारियर से भेंट के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, "मैंने उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी बैंकों एवं एटीएम पर नकदी उपलब्ध हो. आम लोगों को परेशानियां नहीं होनी चाहिएं. उन्हें परेशान नहीं किया जाना चाहिए.

यह मत कहिए कि हम कोशिश कर रहे हैं क्योंकि 'कोशिश' अनिश्चित शब्द है. यह लापरवाही एवं अक्षमता को ढाल देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. मैं आपको दोष नहीं दे रही. आप कहां से नोट देंगे, यदि केंद्र ने दिया ही नहीं है." वह पार्टी नेताओं के साथ आरबीआई कार्यालय के आसपास स्थित एटीएम पर भी गईं और उन्होंने लोगों से बातचीत की.

उन्होंने कहा, "लोग अपने बचत खाते से पैसा नहीं निकाल पा रहे. उन्हें रोका जा रहा है. क्या उनका पैसा सुरक्षित है? देश जानना चाहता है." अपने दिल्ली दौरे के दौरान केंद से नोटबंदी के फैसले को तीन दिन में अंदर वापस लेने का आह्वान कर चुकीं ममता ने कहा, "तीन दिन की समयसीमा बीत जाने के बाद मैं अन्य राजनीतिक दलों से बात करूंगी एवं अगली कार्य योजना तय करूंगी."

Address

Ranchi
834002

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Divyadinkar posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Divyadinkar:

Share