04/09/2026
मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली सोना बेचकर 3 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, 2.50 लाख रुपये बरामद
#संवाददाता_प्रद्युम्न_कुमार_शुक्ला_रीवा
मऊगंज पुलिस ने नकली सोना बेचकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 2.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, फरियादी राहुल दहिया 32, निवासी देवेंद्रनगर जिला पन्ना ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने खुद को मऊगंज का निवासी बताकर जमीन की खुदाई में मिले सोने के बिस्किट सस्ते दाम में बेचने का लालच दिया। पहले असली सोने का नमूना दिखाकर भरोसा जीता गया और बाद में 12 नकली धातु के टुकड़े सोने के नाम पर 5 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया गया। 31 अगस्त को फरियादी से 3 लाख रुपये लेकर आरोपी फरार हो गए। बाद में जांच में पता चला कि कथित सोना वास्तव में पीतल था।
शिकायत मिलते ही थाना मऊगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर गिरोह के पांच सदस्यों—विमल कुमार बिंद, आकाश बिंद, भगवानदास बिंद, राजू उर्फ उमेश कुमार बिंद तथा पप्पू उर्फ विक्रम कुमार बिंद—को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों से 2.50 लाख रुपये नकद, नकली सोने जैसे दिखने वाले 12 धातु के टुकड़े तथा असली सोने का नमूना बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राम सिंह पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। #मऊगंज #रीवा