11/06/2026
सत्ता परिवर्तन यात्रा का दूसरा दिन : 05 जून 2026
शीर्षक...
शिक्षा, चिकित्सा और बिजली देंगे मुफ्त, गांव बनाएंगे स्मार्ट : चंद्रशेखर
उपशीर्षक....
प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर और बुलडोजर से मकान तोड़े जाने की कराई जाएगी निष्पक्ष जांच
प्वाइंटर...
सत्ता परिवर्तन यात्रा के दूसरे दिन सांसद चंद्रशेखर मेरठ में गरजे, 2027 में यूपी में बनेगी आसपा की सरकार
मेरठ। आजाद समाज पार्टी (आसपा) के सुप्रीमो और सांसद चंद्रशेखर ने कहा है कि अगले साल उत्तर प्रदेश में आसपा की सरकार बनेगी और सभी को शिक्षा, चिकित्सा तथा प्रत्येक घर को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। फर्जी एनकाउंटर तथा बुलडोजर से मकान तोड़े जाने की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। सभी को न्यूनतम 753 रुपये दैनिक वेतन दिया जाएगा। किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं होगा। वे शुक्रवार को अपनी प्रदेशव्यापी सत्ता परिवर्तन यात्रा के दूसरे दिन मेरठ में आयोजित विशाल रैली को संबोधित कर रहे थे।
मेरठ के शेरगढ़ी स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क और उसके बाद पुराने कमेले वाले पुल पर आयोजित रैली में सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि पिछले दो दिनों से यात्रा में जुट रही भीड़ बता रही है कि प्रदेश में आठ माह बाद आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सरकार बनने से अब कोई नहीं रोक पाएगा।
सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि देश में स्मार्ट सिटी बनाने की बात की गई। मैं खुले तौर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि यदि वे पुराने कमेले के पास कुछ दिन रहकर दिखा दें, तो मैं मान जाऊंगा कि स्मार्ट सिटी बनी हैं। क्या स्मार्ट सिटी में ऐसे बदबू वाले स्थान होते हैं? स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया गया। एक भी स्मार्ट सिटी सही मायने में नहीं बन पाई। आसपा की सरकार बनने पर स्मार्ट गांव बनाए जाएंगे। स्मार्ट गांवों में पक्की सड़कें, परिवहन सेवाएं तथा अन्य सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ रोजगार के साधन विकसित किए जाएंगे। महिलाओं और बेरोजगारों को कुटीर उद्योगों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। जब गांव में ही हर हाथ को रोजगार मिलेगा, तो पलायन रुकेगा और गांव खुशहाल तथा स्मार्ट बनेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब आसपा की सरकार बनेगी, तो वह जुल्म-ज्यादती करने वाली तानाशाही सरकार नहीं, बल्कि संवैधानिक तरीके से काम करने वाली सरकार होगी। हमारी सरकार आने पर किसी पर भी अत्याचार या अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता परिवर्तन यात्रा में आने वाली भीड़ को जगह-जगह रोका जा रहा है। यात्रा के मार्ग और आयोजन स्थलों को सीमित किया जा रहा है। इसके बावजूद महिलाएं, युवा तथा सभी जाति और धर्मों के लोग बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने रैली में आह्वान किया कि इस जुल्म करने वाली हुकुमत को उखाड़ फेंकना है। सभी लोग अपने क्षेत्र में जाकर अगले आठ माह चुनाव होने तक जुट जाएं और रात-दिन एक कर पार्टी की घोषणाओं और नीति लोगों को बताएं।
आसपा सुप्रीमो ने कहा कि आप लोगों ने मुझे संसद में अपनी आवाज उठाने के लिए भेजा है और मैं यह जिम्मेदारी निभा भी रहा हूं। आज लोग देख रहे हैं कि देश और प्रदेश में क्या हो रहा है। चारों ओर धर्म, जाति और वर्ग के नाम पर जुल्म-ज्यादती हो रही है। मैंने संकल्प लिया है कि इस तानाशाही सरकार को हटाना है, लेकिन यह आपके सहयोग के बिना संभव नहीं है। आप मुझे आठ माह दीजिए, मैं आपको प्रदेश में आपकी अपनी आसपा की सरकार दूंगा।
चंद्रशेखर ने कहा कि आसपा की सरकार आने पर कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षा मुफ्त होगी, सभी को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी, बैकलॉग के पद भरे जाएंगे, पुलिसकर्मियों को आठ घंटे की ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश मिलेगा, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति दी जाएगी तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाए जाएंगे।
इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी, किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम मिलेगा, खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को उम्रकैद की सजा दी जाएगी, तहसील स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था होगी, हाथों की बजाय मशीनों से सफाई कराई जाएगी, रेहड़ी-पटरी वालों के लिए व्यवस्थित बाजार बनाए जाएंगे तथा खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि एससी-एसटी की तरह पिछड़ी जातियों को भी पदोन्नति में आरक्षण दिया जाएगा। बहुजन समाज के महापुरुषों के प्रेरणास्थलों का संरक्षण किया जाएगा। सभी संविदा कर्मियों को स्थायी नौकरी दी जाएगी। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा अन्य सभी संविदा कर्मियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा। होमगार्ड और पीआरडी जवानों को बेहतर मानदेय मिलेगा। गांवों में रोजगार के साधन विकसित किए जाएंगे। हर महिला को रोजगार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाएगा। पेपर लीक पर रोक लगाई जाएगी, वार्षिक परीक्षा कैलेंडर लागू किया जाएगा तथा हर बेघर को पक्का मकान दिया जाएगा।
चंद्रशेखर ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि प्रदेश की तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकिए और आसपा की सरकार बनाने के लिए आगे आइए। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के भागीदार बनिए और ऐसी संवैधानिक सरकार बनाने में सहयोग कीजिए, जो सभी वर्गों का सम्मान करे, किसी पर अन्याय न होने दे, सभी को उनका अधिकार दिलाए, बेरोजगारों को रोजगार दे और महिलाओं को बराबरी का अधिकार प्रदान करे।
.......0
महिलाओं को दिलाएंगे 50 फीसदी आरक्षण
सांसद चंद्रशेखर ने सत्ता परिवर्तन यात्रा के दूसरे दिन मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित शुभकामना बैंक्वेट हॉल में आयोजित महिला चौपाल में मौजूद महिलाओं की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर खड़ी हैं। चाहे चिकित्सक हों, इंजीनियर हों, न्यायाधीश हों या राजनेता, महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। इसके बावजूद पुरुषवादी मानसिकता उन्हें दबाने का प्रयास करती है। हाल ही में सत्ता पक्ष द्वारा यह झूठ फैलाया गया कि विपक्ष के सांसदों ने महिला आरक्षण का विरोध किया और उसे पारित नहीं होने दिया। मैं आपको बताना चाहता हूं कि जब सभी लोग महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे थे, तब मैंने संसद में कहा था कि जब आबादी आधी है, तो आरक्षण भी आधा यानी 50 प्रतिशत होना चाहिए।
महिलाओं को उनकी शक्ति का एहसास कराते हुए उन्होंने कहा कि वे अगले वर्ष अपनी सरकार बनाने के लिए घर-घर जाकर लोगों को आसपा से जोड़ने का काम करें। जब महिलाओं की स्थिति सुधरेगी, तभी सही मायने में देश की स्थिति भी सुधरेगी। इसी सोच के साथ वह प्रदेश में अपनी सरकार बनाकर महिलाओं को समान सम्मान और अधिकार दिलाना चाहते हैं।
उन्होंने मुफ्त राशन को लेकर भी कहा कि 150 रुपये का राशन देकर महंगाई से लोगों की जेब से हजारों रुपये निकाले जा रहे हैं। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर भी खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशाखोरी बहुजन समाज की प्रगति में बाधा बन रही है। हमारी सरकार बनने पर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं की विभिन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बनने पर न केवल उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, बल्कि उन्हें बराबरी का अधिकार देकर दूसरों की समस्याओं का समाधान करने में सक्षम बनाया जाएगा।...0
जोरदार स्वागत
दूसरे दिन हस्तिनापुर से शुक्रवार सुबह मेरठ के लिए शुरू हुई सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान रास्ते में जगह-जगह सांसद चंद्रशेखर का जोरदार स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी उन्हें सौंपे। इस पर चंद्रशेखर ने कहा कि अभी हमारे पास वह शक्ति नहीं है, लेकिन आठ माह बाद हमारी सरकार बनने पर सभी समस्याओं का समाधान करने की शक्ति भी होगी और संकल्प भी। उन्होंने सभी से आसपा की सरकार बनाने की अपील की।....0
चुनाव ईवीएम से या बैलेट पेपर से
सांसद चंद्रशेखर ने रैली को संबोधित करते हुए जोरदार अंदाज में सवाल किया कि चुनाव ईवीएम से होने चाहिए या बैलेट पेपर से। उनके सवाल के जवाब में भीड़ ने एक स्वर में कहा, "बैलेट से।" यह सवाल और भीड़ का जवाब बार-बार दोहराया गया और कई मिनट तक सभा स्थल पर गूंजता रहा।
...0
गर्मी भी नहीं थका पाई
सांसद चंद्रशेखर बार-बार भीड़ से कहते रहे कि बहुत गर्मी है, आप लोग घर चले जाएं, नहीं तो बीमार हो जाएंगे, लेकिन भीड़ का उत्साह देखते ही बनता था। कोई भी यात्रा छोड़कर जाने के लिए तैयार नहीं था। सभी लोग कदम से कदम मिलाकर, जोरदार नारेबाजी करते हुए सांसद चंद्रशेखर के साथ आगे बढ़ रहे थे।