The Rohtak Times

The Rohtak Times Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from The Rohtak Times, Media/News Company, PA1, Prabhutanand Ashram , jagdish colony, Rohtak.

रोहतक में स्वतंत्रता दिवस पर मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित :-रोहतक, 16 अगस्त। जिला एवं सत...
16/08/2026

रोहतक में स्वतंत्रता दिवस पर मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित :-
रोहतक, 16 अगस्त। जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजय तेवतिया तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. तरन्नुम खान के कुशल मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को राजीव गांधी स्टेडियम, रोहतक में मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य विषय पर विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आमजन को भारतीय संविधान में प्रदत्त उनके मौलिक अधिकारों तथा नागरिकों के नैतिक एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में एडवोकेट दीपक वशिष्ठ एवं सुनील ने उपस्थित नागरिकों को विधिक साहित्य एवं कानूनी पुस्तकों के माध्यम से मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों को संविधान में निहित अधिकारों का उचित उपयोग करने तथा अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान आमजन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए उपलब्ध करवाई जा रही नि:शुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि पात्र व्यक्ति बिना किसी आर्थिक बोझ के कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में आमजन को किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता अथवा सलाह के लिए राष्ट्रीय विधिक हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे इस टोल-फ्री हेल्पलाइन के माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। शिविर के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उपभोग करने का अवसर नहीं, बल्कि संविधान एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के पालन की जिम्मेदारी भी है। विधिक जागरूकता से नागरिक अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ एक जिम्मेदार एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में उत्कृष्ट खेल रिपोर्टिंग पर गांव मायना के राजनारायण पंघाल सम्मानितरोहतक, 7 अगस्त। गांव मायना ...
07/08/2026

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में उत्कृष्ट खेल रिपोर्टिंग पर गांव मायना के राजनारायण पंघाल सम्मानित

रोहतक, 7 अगस्त। गांव मायना निवासी एवं खेल प्रेरक राजनारायण पंघाल को ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के दौरान हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन, खेल गतिविधियों तथा अपने अनुभवों पर प्रस्तुत विस्तृत रिपोर्ट के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (स्पेशल पब्लिसिटी) गजेंद्र फोगाट ने प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रशंसा-पत्र में कहा गया है कि राजनारायण पंघाल ने पूरे कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन, उपलब्धियों और खेलों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर नियमित, तथ्यपूर्ण एवं प्रभावी रिपोर्टिंग की। उनकी रिपोर्टों, सुझावों और अवलोकनों को खिलाड़ियों के सहयोग, समन्वय, मार्गदर्शन तथा भविष्य में हरियाणा की खेल नीतियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रतिनिधित्व के लिए उपयोगी बताया गया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान हरियाणा के खिलाड़ियों से संबंधित उनके नियमित सोशल मीडिया अपडेट और विशेष रिपोर्टों को व्यापक सराहना मिली तथा खेलों के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। इस सम्मान पर गांव मायना, रोहतक तथा खेल जगत से जुड़े लोगों ने राजनारायण पंघाल को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र और हरियाणा के लिए गर्व का विषय बताया।

झुग्गी बस्तियों की महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित, मासिक धर्म स्वच्छता पर किया जागरूकमेडिकल सर्विस सेंटर( एमएससी...
29/07/2026

झुग्गी बस्तियों की महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित, मासिक धर्म स्वच्छता पर किया जागरूक

मेडिकल सर्विस सेंटर( एमएससी) की ने रोहतक शहर के झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में 29 जुलाई को लगातार नौवीं बार मासिक धर्म को लेकर जागरूकता अभियान एवं सेनेटरी पैड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए तथा मासिक धर्म के समय साफ-सफाई बनाए रखने, सेनेटरी पैड के सही उपयोग और सुरक्षित निस्तारण के बारे में जानकारी दी गई। मेडिकल छात्रों ने मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक भ्रम और गलत धारणाओं को दूर करते हुए महिलाओं को खुलकर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अभियान मे टीम ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता न रखने से संक्रमण, खुजली एवं अन्य सभी स्त्री रोग के बारे मे जानकारी दी।
कार्यक्रम के बारे एमएससी के महासचिव डॉ. सचिन शर्मा व मीडिया समन्वयक सुभम यादव ने बताया कि झुग्गी बस्तियों की अधिकांश महिलाएं अभी तक माहवारी के दौरान कपड़े का इस्तेमाल करती थी, जिसके कारण संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि अब कई महिलाएं सैनिटरी पैड का उपयोग करने के लिए जागरूक हो गई हैं, पर इनकी आर्थिक स्थिति इतनी बेहतर नहीं है कि ये खरीद पाए, इन महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए हमारी टीम पिछले 9 महीने से इनके लिए सैनेटरी पैड लेकर आती है और इनके स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी लेती है।

28/07/2026

पारंपरिक बुनाई एवं हथकरघा कौशल के संरक्षण से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
- उपायुक्त ने आयकर विभाग की संयुक्त आयुक्त हेना सुखना के साथ 45 दिवसीय बुनकर प्रशिक्षण का किया शुभारंभ
- लूप व चरखे पर भी आजमाया हाथ
रोहतक, 27 जुलाई। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि हमारी पारंपरिक बुनाई और हथकरघा से जुड़ी कला केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजन का एक प्रभावी माध्यम भी है। समय के साथ समाज जिन पारंपरिक कौशलों को भूलता जा रहा है, उन्हें पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है ताकि आने वाली पीढिय़ां भी अपनी विरासत से जुड़ सकें।
सचिन गुप्ता आयकर विभाग की संयुक्त आयुक्त हेना सुखना के साथ बोहर गांव में जुगल भवन में केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय के माध्यम से बुनकर सेवा केंद्र पानीपत द्वारा समर्थ योजना के तहत आयोजित 45 दिवसीय बुनाई प्रशिक्षण शिविर का संयुक्त रूप से शुभारंभ करने के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर रहे थे। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने लूप पर बुनाई के कार्य को सीखा। आयकर विभाग की संयुक्त आयुक्त हेना सुखना ने पारंपरिक चरखें पर रेजे की कताई की। उन्होंने रेजे की कताई व बुनाई के कार्य का रुचिपूर्वक अवलोकन किया तथा शिविर आयोजित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाये गए कदम की सराहना की। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक रेशों से तैयार होने वाला यह कपड़ा पूरी तरह ब्रेथेबल होने के कारण स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। वर्तमान समय में अधिकांश लोग ऐसे कपड़ों का उपयोग कर रहे हैं जिनमें वायु संचार कम होता है, जबकि पारंपरिक कपड़े गर्मी के मौसम में अधिक आरामदायक होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर होते हैं। इसके अलावा इनमें एंटी-माइक्रोबियल गुण भी पाए जाते हैं, जिससे इनकी उपयोगिता और बढ़ जाती है। यह प्रशिक्षण 27 जुलाई से 19 सितंबर 2026 तक दिया जायेगा तथा महिलाओं के इस बैच में 25 महिलाओं ने प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण करवाया है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि इस क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं आगे अन्य लोगों को भी प्रशिक्षित कर सकती हैं। इससे न केवल स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि विभिन्न प्रकार के परिधान जैसे कोट, साडिय़ां एवं अन्य वस्त्र तैयार कर स्थानीय स्तर पर एक मजबूत रोजगार श्रृंखला विकसित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी पारंपरिक कला एवं कौशल सीखने और संरक्षित करने की आवश्यकता है। हमारी विरासत को केवल सुरक्षित रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी मांग को बढ़ाते हुए उसे आधुनिक बाजार से भी जोडऩा जरूरी है। इस दिशा में रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि इन उत्पादों की मांग केवल हरियाणा या भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इनके निर्यात की व्यापक संभावनाएं हैं। यदि गुणवत्ता और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए तो यह क्षेत्र बड़ी संख्या में लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका का माध्यम बन सकता है।
सचिन गुप्ता ने इस क्षेत्र में कार्य कर रहे विशेषज्ञों और संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से विलुप्त होती पारंपरिक कला को पुनर्जीवित करने का कार्य किया है। विभिन्न प्रदर्शनियों एवं आयोजनों के माध्यम से देश-विदेश के लोगों को भारत की समृद्ध हस्तकरघा परंपरा से परिचित कराया जा रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक विस्तार किया जाए ताकि समाज के सभी वर्ग, विशेषकर महिलाएं, इस कला को सीखकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल सके।
इस अवसर पर प्रशिक्षक ललिता ने उपायुक्त सचिन गुप्ता तथा आयकर विभाग की संयुक्त आयुक्त हेना सुखना को रेजे से तैयार शॉल व पौधे भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त सचिन गुप्ता एवं आयकर विभाग की संयुक्त आयुक्त हेना सुखना ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को बैग वितरित किये। उन्होंने वार्ड नंबर 10 की पार्षद मनीषा सुमित नांदल तथा वार्ड 12 की पार्षद कृष्णा व मदीना गांव के सरपंच प्रतिनिधि संदीप दांगी के अलावा प्रशिक्षण शिविर में सहयोग कर रहे बुनकर सेवा केंद्र के प्रतिनिधियों दीपक कुमार, राजेंद्र सिंह तथा सहायक प्रशिक्षक नीता सिंह व चंद्रपाल, रविंद्र, इत्यादि को शॉल व पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

अधिकारी पीएम-अजय योजना के साथ पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के लिए करें विशेष प्रयास :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
- योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र व्यक्तियों को आर्थिक विकसित सुदृढ़ करना है
- बैठक में विचार-विमर्श के उपरांत 22 प्रस्ताव किये गए स्वीकृत
- उपायुक्त की अध्यक्षता में पीएम-अजय योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
रोहतक, 27 जुलाई। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा पात्र व्यक्तियों को योजना से जुड़ने के लिए विशेष प्रयास करें।
सचिन गुप्ता स्थानीय कैंप कार्यालय में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के अंतर्गत जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन एवं अभिसरण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। समिति के समक्ष कुल 22 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गये, जिन्हें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत उपायुक्त ने सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए एक लाख से 6 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाने का प्रावधान है।
सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से योजना के बेहतर क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने इस योजना की पात्रता शर्तों के संदर्भ में कहा कि योजना के प्रावधान के अनुसार प्रार्थी की पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक, प्रार्थी अनुसूचित जाति से संबंध रखता हो तथा प्रार्थी किसी बैंक का डिफाल्टर न हो। जिला कल्याण अधिकारी रेनू सिसोदिया ने सदस्य सचिव के रूप में एजेंडा रखा। बैठक में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के जिला प्रबंधक डॉ. बिजेंद्र श्योराण ने विभिन्न 22 प्रस्ताव रखें, जिन्हें स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, सहायक जिला सूचना अधिकारी सपना के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारी मॉनसून सीजन के दृष्टिगत जल निकासी के करें सभी पुख्ता प्रबंध :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार बिजली कनेक्शन जारी करने के दिये गए निर्देश
- अधिकारी मेरा गांव-जगमग गांव योजना के तहत यथाशीघ्र जिला के सभी गांवों को करें कवर
- सिंचाई विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा की गई
रोहतक, 27 जुलाई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सिंचाई विभाग एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे मॉनसून सीजन के दृष्टिगत जिला में जल निकासी के सभी पुख्ता प्रबंध करें।
सचिन गुप्ता स्थानीय कैंप कार्यालय में मॉनसून सीजन के दृष्टिïगत सिंचाई विभाग तथा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों के साथ जल निकासी के प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सिंचाई विभाग के जल निकासी के कार्यों की समीक्षा की तथा जारी सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। सिंचाई विभाग के तीन कार्यों को छोडक़र लगभग सभी कार्य पूर्ण हो चुके है तथा यह तीन कार्य भी शीघ्र पूर्ण करवा दिये जायेंगे। सिंचाई विभाग द्वारा विभिन्न गांवों में कृषि भूमि से जल निकासी की विभिन्न परियोजनाएं पूर्ण की गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों के साथ जलभराव से संबंधित बिंदुओं पर जल निकासी के किये गए प्रबंधों की समीक्षा की तथा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा जारी किये गए अस्थाई कनेक्शन बारे भी जानकारी ली। सिंचाई विभाग द्वारा 269 अस्थाई कनैक्शनों के लिए आवेदन किया गया है तथा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 129 अस्थाई कनेक्शन जारी किये गए है। उन्होंने कहा कि गत वर्षों के अनुभव के आधार पर जलभराव के सभी संबंधित बिंदुओं पर जल निकासी के सभी प्रबंध करवाये जाये।
सचिन गुप्ता ने जिला में ड्रेनों की सफाई के कार्य की समीक्षा करते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों के साथ मेरा गांव जगमग गांव योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा यथाशीघ्र सभी गांवों को इस योजना के तहत कवर करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता सतपाल दलाल, कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल, राजेश भारद्वाज, राजीव राठी, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता अनिल नागर, सीमा नारा एवं रामेंद्र मलिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का करें समयबद्ध उचित निपटारा :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
- जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित किये गए समाधान शिविर
- समाधान शिविरों में सुनी गई नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को निपटारे बारे दिये गए निर्देश
रोहतक, 27 जुलाई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे समाधान शिविर में प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध उचित निपटारा सुनिश्चित करें। नागरिक की संतुष्टि के लिए शिकायत का निपटारा करते समय नागरिक को विभागीय जानकारी की जानकारी दें ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नागरिकों की प्रत्येक समस्या के एक छत के नीचे समयबद्ध निपटारे के उद्देश्य से जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। इन शिविरों का आयोजन हर सोमवार एवं वीरवार को सबह 10 से 12 बजे तक किया जाता है, जिनमें संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान की कार्यवाही करते है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय तथा उपमंडल मुख्यालयों सांपला एवं महम में समाधान शिविर आयोजित किये गए। जिला स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में उपमंडलाधीश आशीष कुमार तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने समस्याएं सुनने के दौरान मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध उचित निपटारा करें ताकि उन्हें राहत मिल सके। समाधान शिविर में विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चौधरी एवं डॉ. अशोक रंगा मौजूद रहे।

24/07/2026

दादा लख्मीचंद हरियाणा की आत्मा और हमारी लोक संस्कृति के अमर स्वर :- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी
- कहा, हरियाणा की लोक संस्कृति और साहित्य हमारी सबसे बड़ी धरोहर, इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार का है संकल्प
- जिस समाज का साहित्य जीवित रहता है, उसकी संस्कृति कभी समाप्त नहीं होती
- साहित्य समाज की चेतना को देता है दिशा, कलाकार संस्कृति को रखते है जीवित
- हरियाणा सरकार भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
- मुख्यमंत्री ने दादा लख्मी चंद जयंती पर साहित्यकार सम्मान समारोह में साहित्यकारों, कवियों एवं कलाकारों को किया सम्मानित
रोहतक, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सूर्य कवि पंडित दादा लख्मी चंद केवल एक कवि नहीं थे, बल्कि हरियाणा की आत्मा, लोक संस्कृति के प्रहरी और जन-जन के शिक्षक थे। उन्होंने अपनी रागनियों और सांगों के माध्यम से सत्य, त्याग, धर्म, निष्ठा और मानवीय मूल्यों को समाज तक पहुंचाया। दादा लख्मी चंद ने केवल मनोरंजन नहीं किया, बल्कि पीढिय़ों का चरित्र निर्माण किया और लोक संस्कृति को नई पहचान दिलाई।
श्री नायब सिंह सैनी रोहतक में दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय के केंद्रीय सभागार में विश्वविद्यालय तथा हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में सूर्य कवि दादा लख्मी चंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया, विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई भव्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन से विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न भाषाओं के साहित्यकारों, कवियों व कलाकारों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी ऊंची इमारतों या आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि उसकी भाषा, साहित्य, संस्कृति और कलाकारों से होती है। इतिहास घटनाओं को दर्ज करता है, लेकिन साहित्य एक युग की संवेदनाओं को अमर बना देता है, जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करता है, वही भविष्य की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता को अपनाना आवश्यक है, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
श्री नायब सिंह सैनी ने सम्मानित होने वाले साहित्यकारों, कवियों और कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लेखनी केवल शब्दों का सृजन नहीं करती, बल्कि समाज की चेतना को दिशा देती है। उनकी कला केवल मनोरंजन नहीं करती, बल्कि संस्कृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि साहित्यकारों का सम्मान वास्तव में समाज की सृजनशील चेतना का सम्मान है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा की भाषा, साहित्य, लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल कलाकारों और साहित्यकारों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोडऩा भी है। इसी सोच के तहत रोहतक स्थित विश्वविद्यालय का नाम दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय रखा गया है। यह केवल नामकरण नहीं, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक चेतना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सरकार का संकल्प है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी द्वारा हिंदी में विश्वविद्यालय स्तर की विभिन्न विषयों की पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है, जिससे मातृभाषा में उच्च शिक्षा को नई गति मिल रही है। साथ ही फारसी लिपि में उपलब्ध दुर्लभ हिंदी साहित्य को देवनागरी में प्रकाशित करने का महत्वपूर्ण कार्य भी किया जा रहा है, ताकि ऐतिहासिक धरोहर नई पीढ़ी तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी भाषा, साहित्य, इतिहास और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पंचकूला स्थित हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी भवन साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बन चुका है, जबकि राखीगढ़ी स्थित सप्त सिंधु हड़प्पा ज्ञान केंद्र भारत की प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी सांस्कृतिक चेतना का निर्माण करना है, जिससे नई पीढ़ी अपनी भाषा, इतिहास, परंपराओं और राष्ट्र पर गर्व कर सके। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा अपनी समृद्ध भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति के बल पर देश और दुनिया में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने पंडित लख्मीचंद के पौत्र विष्णु दत्त कौशिक को स्मृतिचिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। पंडित लख्मी चंद के प्रपौत्र चेतन कौशिक व विश्वविद्यालय के विद्यार्थी योगेश ने दादा लख्मी चंद की रचनाओं की प्रस्तुति दी।
बॉक्स :-
पंडित लख्मी चंद ने अपने समय में कलयुग का किया है वर्णन :-सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पंडित लख्मी चंद ने वर्षों पूर्व वर्तमान समय की वास्तविकताओं का अपनी रचनाओं में वर्णन किया है। उन्होंने अपने समय में कलयुग के बारे में भी वर्णन किया। उन्होंने इस अवसर पर हरियाणवी संस्कृति में सामण और फाल्गुन महीनों में गाये जाने वाले गीतों को भी गुनगुनाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हमेशा साहित्यकारों, कवियों व कलाकारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व प्रदेश के पूर्व मंत्री मनोहर लाल ने इस विश्वविद्यालय का नाम सूर्य कवि पंडित लख्मी चंद के नाम पर रखा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. राम बिलास शर्मा ने भी इस संदर्भ में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
बॉक्स :-
डीएलसी सुपवा के कुलगुरु अमित आर्य ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथिगण का स्मृतिचिन्ह भेंट कर किया सम्मान
डीएलसी सुपवा के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को शॉल, स्मृतिचिन्ह तथा चित्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने समारोह के अन्य अतिथिगण को भी शॉल व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह में हिंदी व हरियाणवी भाषा साहित्यकार अभिनंदन योजना, संस्कृत भाषा साहित्यकार अभिनंदन योजना, पंजाबी साहित्यकार अभिनंदन योजना, उर्दू साहित्यकार अभिनंदन योजना के तहत साहित्यकारों, कलाकारों व कवियों को सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि गण व साहित्यकारों का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य विश्वविद्यालय को उन्नति के शिखर की और अग्रसर कर रहे है। कार्यक्रम के शुभारंभ में राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी गई। विश्वविद्यालय का कुलगीत भी प्रस्तुत किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बॉक्स :-
मुख्यमंत्री ने यूनिवर्सिटी को उसकी आत्मा से मिलाया :- प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री
हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने कहा कि अकादमी दादा लख्मी चंद के नाम से प्रदेश का प्रतिष्ठित साहित्य सम्मान प्रदान करती है। इसलिए इस वर्ष यह निर्णय लिया गया कि सम्मान समारोह का आयोजन उनके नाम से संचालित यूनिवर्सिटी में किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां कार्यक्रम आयोजित करना अत्यंत सुखद अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने डॉ. अमित आर्य को डीएलसी सुपवा का कुलगुरु बनाकर इस यूनिवर्सिटी की आत्मा को पुनर्जीवित करने का कार्य किया है।
बॉक्स :-
पांच भाषाओं के साहित्यकारों को किया गया सम्मानित :-
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की साहित्यकार अभिनंदन योजना के तहत साहित्यकारों व विद्वानों को सम्मानित किया गया। अलग-अलग साल के लिए विभिन्न श्रेणियों में हिंदी, हरियाणवी, संस्कृत, पंजाबी व उर्दू भाषा के साहित्यकार और विद्वान ने सम्मान प्राप्त किया। हिंदी व हरियाणवी भाषा में कुल 32 साहित्यकारों को साल 2021 व 2022 के लिए सम्मान दिया गया। साल 2021 में 13 श्रेणियों में 19 साहित्यकार और साल 2022 में 11 श्रेणियों में 13 साहित्यकारों को सीएम ने पुरस्कृत किया। चयन किया गया है। संस्कृत भाषा में साल 2021 के लिए 11 विद्वानों को 11 श्रेणियों में सम्मानित किया गया। पंजाबी भाषा में साल 2017 से 2022 तक के 31 साहित्यकारों को अलग-अलग नौ श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें साल 2017 के लिए पांच, साल 2018 के लिए सात, साल 2019 के लिए पांच, साल 2020 के लिए छह, साल 2021 के लिए चार व साल 2022 के लिए चार साहित्यकारों को पुरस्कार दिया गया। वहीं, उर्दू भाषा में साल 2017 के लिए सात श्रेणियों में सात साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सीताराम व्यास, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, रोहतक के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, सुपवा के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य, हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रो. कुलदीप चंद्र अग्निहोत्री, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढख़ालसा, प्रदेश के मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, कला परिषद रोहतक मंडल के अतिरिक्त निदेशक गगन हरियाणवी, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलपति प्रो. रामपाल सैनी, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी, विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा, दादा लख्मीचंद के पौत्र विष्णु दत्त तथा प्रपौत्र चेतन कौशिक, भूपेंद्र धर्माणी, डॉ. दिनेश घिलौड़, रेनू डाबला, राजकुमार कपूर, धर्मबीर शर्मा, नितिन जैन, भाजपा जिला प्रभारी डॉ. अशोक कुमार रंगा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

12/07/2026

हरा-भरा हरियाणा बनाना नायब सरकार का सपना :- गजेंद्र फौगाट
- डॉ. बी.आर. आंबेडकर विज्ञान समिति के पौधरोपण अभियान का मायना गांव से शुभारंभ
- मुख्यमंत्री के ओएसडी ने किया पौधा वितरण व पौधरोपण, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का दिया न्यौता
- हरियाणा में तकनीक और नवाचार के नए अध्याय की होगी शुरुआत
रोहतक, 11 जुलाई। मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फौगाट ने कहा कि हरा-भरा हरियाणा बनाना नायब सरकार का सपना है और जनभागीदारी के माध्यम से इस सपने को साकार किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
गजेंद्र फौगाट शनिवार को गांव मायना में डॉ. बी.आर. आंबेडकर विज्ञान समिति द्वारा आयोजित पौधरोपण अभियान के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। गांव पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों, पंच नरेश, भाजपा मंडल अध्यक्ष सन्नी बब्बर तथा ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गजेंद्र फौगाट ने पौधों का वितरण एवं पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार के प्रयास तभी पूर्ण रूप से सफल होंगे, जब प्रत्येक नागरिक पौधरोपण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करेगा।
गजेंद्र फौगाट ने कहा कि हरियाणा विकास और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हाइड्रोजन ट्रेन को जनता को समर्पित करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को इस कार्यक्रम में भाग लेने का न्यौता देते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश में तकनीक और नवाचार के नए अध्याय की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आधुनिक तकनीक को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से पौधरोपण अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. बी.आर. आंबेडकर विज्ञान समिति के पदाधिकारी, पंच बुधवीर, रणसिंह, महासिंह, रणबीर, संदीप सहित अनेक ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे।

02/07/2026

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अर्पण संस्थान में कुपोषण जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित :-
रोहतक, 02 जुलाई : जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने अर्पण संस्थान का निरीक्षण किया तथा वहां उपस्थित बच्चों से संवाद स्थापित कर उन्हें स्वास्थ्य, पोषण एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जुलाई एवं अगस्त माह के दौरान "कुपोषण" विषय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य "स्वस्थ बच्चा, मजबूत राज्य" की अवधारणा को साकार करते हुए बच्चों के समुचित पोषण एवं बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा शिक्षा विभाग का सक्रिय सहयोग रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सके।
सचिव डॉ तरन्नुम खान ने बच्चों को बताया कि वे किसी भी प्रकार की निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजों में विधिक साक्षरता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पोषण संबंधी अधिकार, मिड-डे मील, एनीमिया की रोकथाम, मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) तथा विभिन्न बाल स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
डॉ. तरन्नुम खान ने बच्चों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन अपनाने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित पौधारोपण अभियान के अंतर्गत एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

गांव सुनारियां कलां में तीन अवैध कॉलोनियों में चलाया गया तोड़-फोड़ अभियान :- उपायुक्त सचिन गुप्तालगभग 4.5 एकड़ भूमि में ...
24/06/2026

गांव सुनारियां कलां में तीन अवैध कॉलोनियों में चलाया गया तोड़-फोड़ अभियान :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

लगभग 4.5 एकड़ भूमि में 2 निर्माण, एक चारदीवारी व 2 कच्चे रोड़ नेटवर्क किये गये ध्वस्त
- अवैध निर्माण/ कॉलोनी को गिराने का अभियान रहेगा जारी
- जिला में अवैध निर्माण व कॉलोनी नहीं होने दी जाएंगी विकसित
रोहतक, 24 जून : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिला के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से किये जा रहे निर्माणों/कालोनियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से तोड़-फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांव सुनारियां कलां में लगभग 4.5 एकड़ में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में 2 निर्माण, एक चारदीवारी एवं 2 कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में अवैध निर्माण/कॉलोनी के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में निरंतर जारी रहेगा तथा अवैध कॉलोनी व निर्माण को पनपने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन की जमा पूंजी को अवैध निर्माण या कॉलोनी में निवेश न करें। जिला प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण व कॉलोनी के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इस तोड़-फोड़ अभियान में जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने व किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तोड़ फोड़ अमले के साथ मौजूद रहा।
जिला नगर योजनाकार लिंक अधिकारी अंजू ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने जीवन की पूंजी अवैध निर्माणों या डीलर/भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें क्योकि इस तरह की विभागीय कार्यवाही समय-समय पर प्रशासन द्वारा अमल में लाई जायेगी। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी पूंजी को निवेश करने से पहले स्थानीय सैक्टर-1 स्थित उनके कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आकर पूछताछ कर सकते है।

22/06/2026

अधिकारी समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध करें उचित निपटारा- उपायुक्त सचिन गुप्ता
समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए नागरिकों से संवाद कर करें संतुष्ट
रोहतक, 22 जून : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा करें। समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के स्थाई समाधान के लिए संबंधित नागरिक से संवाद कर विभागीय कार्रवाई से संतुष्ट करें।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि अधिकारी समाधान शिविर में प्राप्त हो रही नागरिकों की समस्याओं व शिकायतों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध निपटाए। अधिकारी इन शिकायतों का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद अवश्य करें तथा उन्हें विभागीय कार्रवाई की जानकारी देकर संतुष्ट करें ताकि इन शिकायतों का स्थाई समाधान किया जा सके। अधिकारी इन शिविरों की किसी भी समस्या व शिकायत को लम्बित न रखें, बल्कि समयबद्ध उचित निपटारा करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशानुसार सभी विभागों से संबंधित समस्याओं/शिकायतों के एक छत के नीचे तुरंत समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। समाधान शिविरों का आयोजन प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर किया जा रहा है। इन शिविरों में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहकर प्राप्त होने वाली शिकायत के निपटारे की आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि नागरिक अपनी समस्याओं को साधारण कागज पर लिखकर लाएं। जिला प्रशासन द्वारा साधारण कागज पर लिखी शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों को अपनी समस्याओं व शिकायतों को कम्प्यूटर पर टाईप करवाकर लाने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा पढ़ने-लिखने में असमर्थ व्यक्तियों की मदद के लिए समाधान शिविर में एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। नागरिकों का फीडबैक लेने के लिए कॉलिंग सैल भी स्थापित की गई है।
बॉक्स
जिला मुख्यालय व उपमंडल मुख्यालयों सांपला व महम में भी आयोजित किए गए समाधान शिविर
उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों सांपला व महम में समाधान शिविर आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार तथा नगराधीश शुभम ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों के यथाशीघ्र उचित निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा की प्रतिनिधियों में सांपला मार्किट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, डॉ. अंकुश बिड्डïू, डॉ. अशोक रंगा उपस्थित रहे।
सांपला उपमंडल में उपमंडलाधीश अंकिता पुवार तथा महम उपमंडल मेंं उपमंडलाधीश विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं गई। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों के निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का सरकार द्वारा निर्धारित अवधि के दौरान उचित निपटारा किया जाए ताकि नागरिकों को समस्याओं से राहत मिले।

Address

PA1, Prabhutanand Ashram , Jagdish Colony
Rohtak
124001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when The Rohtak Times posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to The Rohtak Times:

Shortcuts

Share