15/08/2026
जुलाना की नई अनाज मंडी में किया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन,
समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
जुलाना, 15 अगस्त।
स्थानीय नई अनाज मंडी में मनाए गए उपमंडल स्तरीय 80 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर एसडीएम होशियार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी ने उपमंडल वासियों को स्वतंत्रता दिवस व हरियाली तीज की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन हर भारतवासी के लिए खुशी एवं गर्व का दिन है। प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव, तात्यां टोपे, शहीद उधम सिंह, मंगल पांडे, रानी लक्ष्मी बाई, बहादुर शाह, जफर, नाना साहिब, वीर कुंवर सिंह, बेगम हजरत महल जैसे सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली।
उन्होंने कहा कि भारत के इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आज हरियाणा की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है, साथ ही विनिर्माण और कृषि क्षेत्र भी प्रदेश की आर्थिक शक्ति के मजबूत आधार हैं। हमारा प्रयास है कि आर्थिक विकास के साथ-साथ निवेश बढ़े, नए उद्योग स्थापित हों, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों की आय बढ़े और प्रदेश के हर क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित हो। हमने उद्योगों के लिए कारोबारी वातावरण को सरल बनाया है। प्रमाण-पत्र, लाइसेंस और अनुमतियों से जुड़ी अनेक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है। निवेशकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि उद्योगों को बढ़ावा मिले और प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
हरियाणा के 2026-27 के बजट में भी औद्योगिक क्षेत्रों के पुनरोद्धार और रोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को प्रोत्साहन देने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। हाल ही में सरकार ने एमएसएमई पॉलिसी को मंजूरी दी है, जिससे छोटे उद्योगों को न केवल ताकत मिलेगी बल्कि लॉकल स्तर पर लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
इसी विकास यात्रा में आधुनिक परिवहन और हरित प्रौद्योगिकी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 17 जुलाई 2026 को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से जींद और सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी हमारे लिए गौरव का विषय है। ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने एक बड़ी चुनौती नशे की भी है। नशा हमारी युवा शक्ति, परिवारों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।
हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के माध्यम से देशभर में 28 हजार से अधिक स्थानों पर करोड़ों की संख्या में युवाओं ने नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि इस अभियान में हरियाणा ने भी उल्लेखनीय भागीदारी की है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं ने एक साथ नशामुक्त भारत का संकल्प लिया। खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। हमारे खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन किया है।
हाल ही में संपन्न ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव और बढ़ाया है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रशासनिक व सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया। इसी कड़ी में परेड में हिस्सा लेने वाली पुलिस विभाग कर्मियों, एनसीसी के कैडेट्स एवं गाईड के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया।