
01/07/2024
यूथ एंड इको क्लब के तहत सात दिवसीय कैंप का हुआ शुभारंभ
सफीदों के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में यूथ एंड इको क्लब के तहत सात दिवसीय कैंप का शुभारंभ प्राचार्य डॉ योगेंद्र पाल सिंह ने किया। प्राचार्य डॉक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने यूथ एंड इको क्लब के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग ,स्थिरता और संरक्षण पर जागरूकता और शिक्षा विकसित करके छात्रों में पर्यावरण मित्रता की भावना पैदा करना है। प्राचार्य डॉक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें स्वस्थ जीवन शैली अपनानी चाहिए। हमें अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हमें पौधे लगाने चाहिए। पौधों की देखभाल इस प्रकार से करनी चाहिए जिस प्रकार से माता-पिता अपने बच्चों की देखभाल करते हैं। यदि हमारा पर्यावरण स्वच्छ रहेगा तो हमारा स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। यूथ एंड इको क्लब के इंचार्ज राजेश कुमार व पवन कुमार ने बच्चों को सफीदों की नर्सरी का भ्रमण करवाया और वहां पर बच्चों को विभिन्न प्रकार के पेड़ पौधों के बारे में जानकारी दिलाई। बच्चों व स्टाफ सदस्यों द्वारा पर्यावरण जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस अवसर पर तेजबीर शर्मा, नसीब कुमार, सुरेंद्र दुग्गल, प्रेम प्रकाश, बंसीलाल, रितु गुप्ता, नवीन कुमार उपस्थित रहे।