09/08/2026
सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़: सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित आरोपी घायल, गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर का टेंपो बरामद
सहारनपुर। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस, 230 रुपये नकद तथा बिना नंबर प्लेट का एक टेंपो बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9/10 अगस्त 2026 की रात उपनिरीक्षक विजय सिंह और उपनिरीक्षक विमल कुमार पुलिस टीम के साथ मिनी बाईपास से करीब 100 मीटर टपरी की ओर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टपरी की तरफ से एक टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक टेंपो मोड़कर जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर तेज गति से भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया। कुछ दूरी पर टेंपो का टायर कच्ची सड़क पर बनी नाली में फंस गया, जिससे वह रुक गया। पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम को नजदीक आता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान वाजिद पुत्र साजिद, निवासी टपरी अंडरपास के पास, टपरी बाजार, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल सहारनपुर में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी वाजिद थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 392/2026, धारा 70(1) एवं 351(3) बीएनएस में वांछित था। मामले में पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।