14/08/2026
पुलिस मुठभेड़ में दो गौकश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
सहारनपुर। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर गौकशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, गौकशी के उपकरण, एक जीवित गोवंश और एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 और 14 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक एच.एन. सिंह, उपनिरीक्षक विमल सैनी, उपनिरीक्षक निप्पी सिंह और पुलिस टीम ग्राम शक्लापुरी कट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबर कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोग एक गोवंश को गौकशी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार जैसे ही टीम ने टॉर्च की रोशनी डाली, आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने दोबारा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान महमूद पुत्र बशीर अहमद निवासी गली नंबर-2, लिंक रोड, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। वर्तमान में वह रसूलपुर स्थित पीएनबी बैंक वाली गली में रह रहा था। वहीं, दूसरे आरोपी इरफान पुत्र सुबराती निवासी विश्वास कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि, दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग अभियान चला रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।