30/07/2026
सहारनपुर: थाना तीतरों पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी साजिद निवासी घाटमपुर, थाना नकुड़ के कब्जे से 425 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रादौर रोड स्थित एक ट्यूबवेल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के नशा तस्करी नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।