22/07/2026
चकोठी मठ से चोरी की गई छह मूर्तियां बरामद, तीन गिरफ्तार
समस्तीपुर: जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित महामंडलेश्वर 24 अवतार धाम चकोटी मठ (मंदिर) के गर्भगृह से चोरी की गई छह मूर्तियों को पुलिस ने बरामद कर लिया. वहीं तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है.पकडे गए अपराधियों की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंधियाघाट के लक्ष्मी महतो के पुत्र नंदकिशोर महतो, बुच्चू साह के पुत्र छोटू कुमार और रामप्रकाश महतो के पुत्र गुड्डु कुमार के रूप में बताई गई है. गिरफ्तार उक्त आरोपितों के पास से गर्भगृह से चोरी की गई श्रीरामलला, श्रीराम, श्रीजानकी, लड्डू गोपाल, श्रीहनुमान और श्रीलक्ष्मण समेत छह मूर्तियां बरामद की गई है. इसके अलावे घटना में प्रयुक्त
एक एर्टिगा कार, दान पात्र और 400 रुपए भी बरामद किया है. बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता कर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले का पर्दाफाश किया. एसपी ने बताया कि पकडे गए आरोपित एक संगठित गिरोह के बदमाश हैं. बीते 12 जुलाई की रात चकोठी मठ मंदिर के गर्भगृह से भगवान की छह मूर्तियां और अन्य पूजन सामग्री चोरी कर लिया. इस संबंध में मंदिर के पुजारी महंत राम सेवक दास शास्त्री के लिखित आवेदन पर खानपुर थाना में कांड दर्ज किया गया था. मामला संज्ञान मे आने के बाद मूर्तियों की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन की गई थी. पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई मूर्तियों को सुरक्षित बरामद किया. पूछताछ में पकडे गए आरोपियों ने बताया कि वे पिछले कुछ दिनों से जिले के कर्पूरीग्राम, हथौड़ी, खानपुर तथा दरभंगा जिले के बहेड़ी और बिरौल थाना क्षेत्रों में भी मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ पूर्व से बेगूसराय, सीतामढ़ी और समस्तीपुर जिलों में डकैती, चोरी एवं हथियार बरामदगी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं.