12/09/2026
एसएसपी अंकिता शर्मा के कुशल निर्देशन एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बदायूँ की थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने सर्राफा व्यापारी के साथ हुई बड़ी चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 79 लाख रुपये नकद, करीब 21 लाख रुपये कीमत के 101.68 ग्राम सोने के जेवरात और घटना में प्रयुक्त हुण्डई वर्ना कार बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस उत्कृष्ट कार्य एवं सफल अनावरण पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने उत्साहवर्धन हेतु पुलिस टीम को 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्त आरिफ अंसारी (निवासी लिसाढ़ीगेट, मेरठ) और वसीम अंसारी (निवासी कोतवाली, मेरठ) आपस में रिश्तेदार हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्त आरिफ ने खुलासा किया कि उस पर काफी कर्ज था और वह मेरठ के सर्राफ शेख दिलावर हुसैन के यहाँ ड्राइवर का काम करता था। 10 सितंबर को जब वह मालिक के नौकर सरफराज के साथ बदायूँ से माल और रकम लेकर लौट रहा था, तब उसने दास कॉलेज के पास बिरयानी खाने का बहाना बनाकर गाड़ी को बिना लॉक किए छोड़ दिया। इसके बाद पूर्व निर्धारित योजना के तहत वसीम अंसारी अपनी वर्ना गाड़ी से पहुँचा और सर्राफ की गाड़ी से नकदी व सोने के आभूषण चोरी कर लिए। किसी को शक न हो, इसलिए उन्होंने गाड़ी का पिछला शीशा भी तोड़ दिया था।
वारदात के बाद दोनों आरोपी बदायूँ में ही छिप गए थे और शनिवार को मौका पाकर चोरी का सारा माल वर्ना गाड़ी में लादकर मेरठ भागने की फिराक में थे। सिविल लाइन्स पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को माल सहित दबोच लिया। बरामदगी के आधार पर अभियोग में संबंधित धाराओं की वृद्धि कर अभियुक्तों को रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।