28/06/2026
(ब्रेकिंग...)
बाराबंकी: *दवा लेकर स्कूटर से घर लौट रही मां-बेटी की हादशे में दर्दनांक मौत*
बाराबंकी। रविवार की दोपहर का दिन एक परिवार के लिए ऐसा मातम बन गया, जिसे शायद कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। घर की खुशियों का सहारा बनी मां और बेटी दवा लेकर वापस लौट रही थीं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि घर की दहलीज तक पहुंचने से पहले ही मौत उनका इंतजार कर रही है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अटवा गांव के पास एक तेज रफ्तार बस ने बैटरी स्कूटी सवार मां-बेटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों सड़क पर जा गिरीं और जिंदगी के लिए संघर्ष करने लगीं। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि सड़क पर दर्द और चीखों का मंजर पसरा रहा।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पहले बेटी रीता देवी (24) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बेटी की मौत का दुख अभी परिवार सह भी नहीं पाया था कि लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत से जूझ रही मां मंगल यादव (40) ने भी अंतिम सांस ले ली।
बताया जाता है कि मां-बेटी जहांगीराबाद से दवा लेकर अपने घर बल्लापुरवा लौट रही थीं। परिवार उनकी राह देख रहा था, लेकिन घर वापस लौटने के बजाय दोनों की मौत की खबर पहुंची। जैसे ही यह दुखद सूचना गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है।
एक ही हादसे में मां और बेटी का यूं दुनिया से चले जाना पूरे गांव को झकझोर गया है। जिस मां ने बेटी को अपनी गोद में पालकर बड़ा किया, वह दोनों एक साथ इस दुनिया को अलविदा कह गईं। अब उनके घर में सिर्फ यादें हैं, आंसू हैं और एक ऐसा दर्द है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।