09/09/2026
यूपी के प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा के गन्ना मॉडल और गंगानगर फॉर्म की उड़ीसा तक गूँज
गन्ना उत्पादन में मॉडर्न तकनीक पर सेमिनार में कौशल मिश्रा ने साझा किए अनुभव,अधिकारियों और किसानों ने की सराहना..
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में स्थित गंगानगर के प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा ने उड़ीसा के भुवनेश्वर में आयोजित मॉडर्न गन्ना उत्पादन टेक्नोलॉजी एवं हाई प्रोडक्टिविटी पर आधारित सेमिनार में प्रतिभाग कर गन्ना खेती में किए जा रहे प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों पर अपने अनुभव साझा किए। गंगानगर का परचम उड़ीसा में फहराते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश में किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों और गन्ना उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में अपनाई जा रही तकनीकों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
सेमिनार के दौरान कौशल मिश्रा ने फार्म मशीनरी के उपयोग, गन्ने के साथ सहफसली खेती, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, गन्ना पर्ची व्यवस्था में पारदर्शिता, उन्नत बीज के लिए बीज बदलाव तथा किसानों को गन्ने का समय से भुगतान सुनिश्चित किए जाने जैसे विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने गन्ना खेती में उत्पादकता बढ़ाने के लिए अपने स्तर पर लगातार किए जा रहे प्रयासों और प्रयोगों को भी विस्तार से प्रस्तुत किया।
प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा द्वारा गंगानगर फॉर्म की कहानी और उनके अनुभव सुनकर उड़ीसा के अधिकारियों और किसानों ने गन्ना खेती को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की, सेमिनार में सहायक कृषि निदेशक दीपक द्वारा प्रगतिशील किसान और देश ही नहीं बल्कि विभिन्न प्रदेशों अवार्ड हासिल करने वाले कौशल मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान कौशल मिश्रा ने कहा कि छोटे से गांव गंगानगर से निकलकर गन्ना खेती में किए जा रहे कार्यों के चलते देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में किसानों व कृषि विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिल रहा है। इससे जहां अपने अनुभव साझा करने का मौका मिलता है, वहीं दूसरे क्षेत्रों में अपनाई जा रही नई तकनीकों और खेती के तरीकों को सीखने का अवसर भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय और गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों को खेत तक पहुंचाना ही उनका लगातार प्रयास है।