16/08/2026
स्वतंत्रता दिवस पर शिवहर नगर सभापति राजन नन्दन सिंह का बड़ा ऐलान, विकास कार्यों की गिनाई उपलब्धियां
शहीदों की शहादत को नमन करते हुए बोले—आजादी का जश्न ही नहीं, कुर्बानियों पर गर्व करने का भी दिन
शिवहर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिवहर नगर परिषद के सभापति राजन नन्दन सिंह ने नगरवासियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि उन वीर शहीदों की कुर्बानियों को याद करने और उनकी शहादत पर गर्व करने का भी अवसर है, जिनके बलिदान के कारण आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले पा रहे हैं।
नगर सभापति ने अपने संबोधन में कहा कि नगर परिषद के वर्तमान कार्यकाल का तीसरा वर्ष पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि जिस स्थिति में नगर परिषद का कार्यभार संभाला गया था, उसकी स्थिति से नगरवासी भली-भांति परिचित हैं। नगर की समस्याओं को वे इसलिए भी अच्छी तरह समझते हैं, क्योंकि वे स्वयं भी उसी समाज और क्षेत्र से आते हैं।
नगर की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करने का दावा
राजन नन्दन सिंह ने कहा कि नगरवासियों की अपेक्षाओं और उम्मीदों को पूरा करने के लिए नगर परिषद लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान नगरवासियों से किए गए वादों और देखे गए विकास के सपनों को धरातल पर उतारने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर की कई प्रमुख समस्याओं का समाधान किया गया है, जबकि कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम तेजी से चल रहा है।
इसी क्रम में महिला थाना रोड, वार्ड संख्या 7 और 10 के बीच स्थित मार्ग तथा जगदीश नन्दन सिंह पथ सहित अन्य सड़कों के विकास कार्यों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
जगदीश नन्दन सिंह पथ पर सड़क और ड्रेनेज का काम तेज
सभापति ने बताया कि जगदीश नन्दन सिंह पथ का कार्य उनके कार्यकाल के प्रथम वर्ष से ही शुरू किया गया था। यहां ड्रेन वाटर ड्रेनेज का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सड़क निर्माण और मोहल्लों से पानी की निकासी के लिए ड्रेन निर्माण का कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पदाधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार यह काम दुर्गापूजा से पहले पूरा होने की उम्मीद है। यदि किसी प्रकार की प्राकृतिक आपदा नहीं आती है तो दशहरा से पहले इस क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का काम भी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
वार्ड-5 में 42 लाख की लागत से पानी टंकी और पाइपलाइन का निर्माण
नगर में पेयजल की समस्या को लेकर सभापति ने कहा कि कई वार्डों में नल-जल की समस्या अभी भी बनी हुई है। इसके समाधान के लिए वार्ड संख्या 5 में 42 लाख रुपये की लागत से पानी की टंकी और पाइपलाइन का काम चल रहा है, जिसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि नगर में कुल 6 स्थानों को जलमीनार निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है, जिसमें वार्ड संख्या 18 और 20 भी शामिल हैं। योजना की स्वीकृति मिलने के बाद इन स्थानों पर भी कार्य शुरू किया जाएगा।
खादी भंडार रोड का काम जल्द होगा पूरा
नगर सभापति ने कहा कि लंबे समय से चर्चित खादी भंडार रोड पर भी काम शुरू हो चुका है। ड्रेनेज का काम आधे से अधिक पूरा हो गया है और जल्द ही सड़क निर्माण का काम भी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
इस्लामपुर-चिकनौटा-बालसुंदर नाले का 80 प्रतिशत काम पूरा
जलजमाव की समस्या से जूझने वाले नगर के इलाकों के लिए महत्वपूर्ण योजना की जानकारी देते हुए सभापति ने कहा कि इस्लामपुर होते हुए चिकनौटा से बालसुंदर नाले तक का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि शेष 20 प्रतिशत कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस नाले के निर्माण से वार्ड संख्या 17, 24 और 25 में लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
दाऊद छपरा में एक करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा मुख्य नाला
नगर के वार्ड संख्या 22 स्थित दाऊद छपरा में मुख्य नाले का निर्माण कार्य भी शुरू होने की जानकारी सभापति ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना पर एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है और निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
विशुनपुर मानसिंह में 1.60 करोड़ से मुख्य नाला
वार्ड संख्या 1, विशुनपुर मानसिंह की प्रमुख समस्या पानी निकासी को बताते हुए नगर सभापति ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से मुख्य नाला निर्माण की दिशा में कार्य शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था होने से क्षेत्र के लोगों को जलजमाव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कोठियां में अतिक्रमण बना नाला निर्माण में बाधा, लोगों से खुद अतिक्रमण हटाने की अपील
कोठियां क्षेत्र में नाला निर्माण में आ रही बाधा को लेकर सभापति ने
अतिक्रमणकारियों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क की काफी जमीन अतिक्रमित होने के कारण नाला निर्माण में परेशानी हो रही है। नगर परिषद की ओर से जमीन की नापी भी कराई गई है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों का कब्जा अतिक्रमित जमीन पर है, वे स्वयं उसे खाली कर दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद को बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाना पड़ा तो लोगों को अधिक नुकसान हो सकता है, क्योंकि मशीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान निजी हिस्से को भी नुकसान पहुंचने की संभावना रहती है।
बागमती नदी के पानी को शुद्ध कर घरों तक पहुंचाने की योजना
गर्मी के दिनों में नगर में होने वाली पेयजल समस्या को लेकर सभापति ने एक महत्वपूर्ण योजना का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद ऐसी योजना पर काम करने की तैयारी कर रहा है, जिसके तहत बागमती नदी के पानी को शुद्ध कर नगरवासियों के घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा सके।
उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द ही आवश्यक स्वीकृति लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और योजना को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
सभापति ने कहा कि इससे गर्मी के मौसम में भू-जल पर पड़ने वाले दबाव को कम किया जा सकेगा। गर्मियों में कई जगहों पर चापाकल और पानी के पंप सूखने की समस्या सामने आती है।
स्ट्रीट लाइट की समस्या दूर करने के लिए 684 नई लाइट खरीदी
नगर में स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर सभापति ने बताया कि परिसीमन के माध्यम से नगर परिषद में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 1,710 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में पहले से लगी स्ट्रीट लाइटों में से लगभग 600 से 700 लाइटों की चोरी की गई है। चोरी के मामले में नगर परिषद की ओर से प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
इसके अलावा करीब 25 से 30 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें अभी भी खराब होने की बात उन्होंने कही। उन्होंने बताया कि जिस एजेंसी को पूरे बिहार में स्ट्रीट लाइट की देखरेख का काम दिया गया था, उसके द्वारा काम छोड़ दिए जाने के कारण भी समस्या उत्पन्न हुई।
अब नगर परिषद ने शहरी क्षेत्र के लिए 684 नई स्ट्रीट लाइटें खरीदकर मंगाई हैं, जिन्हें लगाने का काम शुरू किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर और लाइटें भी खरीदी जाएंगी।
सभापति ने दावा किया कि दुर्गापूजा से पहले नगर में स्ट्रीट लाइट की समस्या को काफी हद तक समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
अब डिजिटल होगा होल्डिंग टैक्स, QR कोड से घर बैठे कर सकेंगे भुगतान
नगर परिषद की डिजिटल व्यवस्था को लेकर भी सभापति ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि नगर में होल्डिंग सर्वे का कार्य चल रहा है और इसके माध्यम से नगरवासियों के होल्डिंग रिकॉर्ड को डिजिटलाइज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में यदि किसी व्यक्ति का होल्डिंग टैक्स, उदाहरण के लिए 75 रुपये 50 पैसे, है तो वह QR कोड स्कैन करके घर बैठे उसका भुगतान कर सकेगा। इसके लिए नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।
दुर्गापूजा के बाद नगर परिषद का अपना ऐप
नगरवासियों को नगर परिषद से जुड़ी सेवाओं को मोबाइल के माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जानकारी दी गई।
सभापति ने कहा कि दुर्गापूजा के दसवें दिन से नगर परिषद का मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी है। ऐप लॉन्च होने के बाद नगरवासी इसे ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकेंगे और नगर परिषद से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ मोबाइल के माध्यम से उठा सकेंगे।
आवास योजना को लेकर बड़ा दावा—बिना एक रुपया लिए लाभ दिलाने का वादा
नगर सभापति ने अपने संबोधन में नगरवासियों के लिए आवास योजना को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने नगरवासियों से वादा किया था कि यदि बिहार में आवास योजना आएगी तो शिवहर में भी उसका लाभ मिलेगा।
विरोधियों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि जब तक पैसा नहीं दिया जाएगा, तब तक लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने नगरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने वादा किया था कि एक रुपया लिए बिना आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जल्द ही नगरवासियों को आवास योजना का लाभ मिलने लगेगा। जिन लाभुकों की फोटोग्राफी नहीं हो सकी थी, उनकी फोटोग्राफी भी जल्द कराई जाएगी और उन्हें पहली किस्त का भुगतान कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
तीसरे वर्ष के पूरा होने पर विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पेश करने की कोशिश
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में नगर
सभापति राजन नन्दन सिंह ने नगर परिषद के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए सड़क, नाला, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, डिजिटल होल्डिंग टैक्स, नगर परिषद ऐप और आवास योजना समेत कई योजनाओं का ब्यौरा नगरवासियों के सामने रखा।
उनके संबोधन में जहां एक ओर शहीदों की कुर्बानी को नमन किया गया, वहीं दूसरी ओर नगर के विकास को लेकर चल रही योजनाओं और आगामी कार्यों की रूपरेखा भी सामने रखी गई।
सभापति ने कहा कि नगरवासियों ने जिस भरोसे और आशीर्वाद के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, उस भरोसे पर खरा उतरने के लिए नगर परिषद लगातार काम करता रहेगा और नगर के विकास से जुड़े अधूरे कार्यों को पूरा करने का प्रयास जारी रहेगा।
तिरहुत लाइव एडिटर एंड चीफ राकेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट