24/08/2026
बेलसंड मामले में पुलिस का बड़ा खंडन, जब्ती कार्रवाई को बताया पूरी तरह विधिसम्मत
उत्कर्ष चौहान दैनिक भास्कर राष्ट्रीय दैनिक बिहार
सीतामढ़ी। बेलसंड थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में कुछ डिजिटल मीडिया माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही खबरों को लेकर पुलिस ने स्पष्ट खंडन जारी किया है। पुलिस ने कहा कि न्यायिक अभिरक्षा में ले जाए जा रहे अभियुक्त के चिकित्सीय परीक्षण के दौरान बिना अनुमति बनाए गए वीडियो को आधार बनाकर जब्ती की कार्रवाई के संबंध में भ्रामक एवं अपूर्ण जानकारी प्रसारित की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित मामले में की गई जब्ती की कार्रवाई बीएनएसएस के प्रावधानों और निर्धारित विधिक प्रक्रिया के तहत विधिवत की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जब्ती की संपूर्ण प्रक्रिया मुजफ्फरपुर एवं सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा वीडियोग्राफी के माध्यम से की गई। वीडियोग्राफी में कार्रवाई की दिनांक और समय भी अंकित है।
पुलिस ने बताया कि जब्ती की कार्रवाई से संबंधित वीडियो साक्ष्य को माननीय न्यायालय के समक्ष भी प्रस्तुत किया गया है। ऐसे में पुलिस ने अभियुक्त के व्यक्तिगत अथवा एकपक्षीय कथन और बिना अनुमति बनाए गए वीडियो के आधार पर प्रसारित की जा रही खबरों को अपुष्ट बताते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि किसी भी मामले में तथ्यों की पुष्टि किए बिना खबर प्रसारित करने से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अनुरोध किया गया है कि मामले से संबंधित किसी भी सूचना को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले अधिकृत प्राधिकार से तथ्य की पुष्टि करें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। संबंधित साक्ष्यों और दस्तावेजों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एकपक्षीय या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा करने के बजाय आधिकारिक जानकारी को ही आधार बनाएं।