25/10/2025
मुख्य पार्षद गीता देवी एवं ईओ ऋचा प्रियदर्शनी ने सभी घाटों का लिया जायज़ा
शेरघाटी: नगर परिषद शेरघाटी की मुख्य पार्षद गीता देवी, कार्यपालक पदाधिकारी ऋचा प्रियदर्शनी एवं उपाध्यक्ष तालकेश्वर चौधरी ने शनिवार को शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर परिषद द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य पार्षद गीता देवी एवं ईओ ऋचा प्रियदर्शनी ने बताया कि नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं सड़कों के समतलीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
उन्होंने कहा कि शेरघाटी नगर परिषद द्वारा सभी 22 छठ घाटों, मुख्य सड़कों, गलियों और नालियों की सफ़ाई की जा रही है। साथ ही खराब लाइटों की मरम्मत एवं नई लाइटें लगाने का कार्य भी तेज़ी से किया जा रहा है। जहाँ-जहाँ सड़कें खुदी हुई थीं, वहाँ जेसीबी के माध्यम से मरम्मत और समतलीकरण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाएंगे, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
गौरतलब है कि लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा शनिवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हो गया। छठ घाटों पर रंग-रोगन, सफाई एवं पंडाल निर्माण का कार्य जारी है।
इस अवसर पर मुख्य पार्षद गीता देवी, कार्यपालक पदाधिकारी ऋचा प्रियदर्शनी, उपाध्यक्ष तालकेश्वर चौधरी, पूर्व उपाध्यक्ष दीनानाथ पांडेय, जेई बृजेंद्र कुमार सहित नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।