25/06/2026
लगातार तीसरी बार एसएमसी अध्यक्ष बने सतीश शर्मा, शिक्षा विकास में योगदान के लिए सुरेश शर्मा की सराहना
fans
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानवा में आयोजित अभिभावक बैठक के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से सतीश शर्मा को लगातार तीसरी बार एसएमसी अध्यक्ष चुना गया, जबकि दीपक गौतम को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में पूर्व एसएमसी अध्यक्ष एवं डिग्री कॉलेज सराहां के अध्यक्ष सुरेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के विकास एवं शिक्षा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सभी अभिभावकों, शिक्षकों और समिति सदस्यों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
सुरेश शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, टाइल्स बिछाने तथा अन्य विकास कार्यों को गति प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्थानीय लोगों ने उनके प्रयासों को विद्यालय के लिए मील का पत्थर बताया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों और समिति सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।
विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने नई एसएमसी टीम को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का विश्वास जताया।
नवगठित एसएमसी टीम
• अध्यक्ष: सतीश शर्मा
• उपाध्यक्ष: दीपक गौतम
• पूर्व अध्यक्ष: उपेंद्र शर्मा
• प्रधानाचार्य: संजीव कुमार
• उपप्रधानाचार्य: कमलकांत शर्मा
बता दें कि बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विद्यालय हित में एकजुट होकर कार्य करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।