Jago Himachal

Jago Himachal www.jagonews.in and YouTube JAGO HIMACHAL TV को लाइक व सब्सक्राइब करें

राजस्व मंत्री ने की विशेष राहत पैकेज की समीक्षामंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजितशिमला -राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास...
10/08/2026

राजस्व मंत्री ने की विशेष राहत पैकेज की समीक्षा
मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक आयोजित
शिमला -
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां वर्ष 2023, 2024 और 2025 के विशेष राहत पैकेज की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीडीएनए वर्ष 2023 की विस्तृत जानकारी भी हासिल की। बैठक में सभी जिलों के उपायुक्त वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
राजस्व मंत्री ने सभी उपायुक्तों को पूर्ण और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों, गोशालाओं व दुकानों इत्यादि का ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में लोगों को पैकेज न मिलने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश देते हुए कहा कि जो परिवार विशेष राहत पैकेज से छूट गए हैं उनका विवरण शीघ्र तैयार कर राहत राशि प्रदान की जाए।
विभिन्न शहरों में भीड़-भाड़ कम करने को लेकर राजस्व मंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उप-समिति की बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी उपस्थित थे।
शिमला शहर, मुख्य औद्योगिक क्षेत्रों जैसे बीबीएन और जिला मुख्यालयों में भीड़ कम करने तथा विशेष रूप से मंडियों को स्थानांतरित करने के संबंध में यह मंत्रिमंडलीय उप-समिति गठित की गई है।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने अवगत करवाया कि अनाज मंडी, सब्जी मंडी, टिम्बर मार्केट और ट्रांसपोर्ट मार्केट को स्थानातंरित करने को लेकर भूमि की पहचान कर ली गई है। अगली बैठक में अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में विधायक हरीश जनारथा, निदेशक शहरी विकास नीरज कुमार और नगर नियोजन एवं शहरी विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
बीबीएन क्षेत्र में एक नई टाउनशिप योजना और चंडीगढ़ शहर की तर्ज पर एक सैटेलाइट टाउन की स्थापना करने के दृष्टिगत आयोजित समीक्षा बैठक में यह अवगत करवाया गया कि राजस्व विभाग द्वारा 7 हजार बीघा भूमि हिमुडा को सौंप दी गई है, जिसका इंतकाल भी कर दिया गया है।
इस बैठक में बद्दी के विधायक राम कुमार चौधरी, सचिव नगर नियोजन एवं शहरी विकास अमरजीत सिंह, सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा और हिमुडा के सीईओ सुरेंद्र वशिष्ठ उपस्थित थे।

विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरतः विक्रमादित्य सिंहशिमला -लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री...
10/08/2026

विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरतः विक्रमादित्य सिंह
शिमला -
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज यहां कहा कि प्रदेश में विकासात्मक योजनाओं और केंद्र सरकार से संबंधित परियोजनाओं को गति देने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं तथा हिमाचल प्रदेश में निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने और नई परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मामलों को केंद्र सरकार के समक्ष लगातार उठाया जा रहा है और इनके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों के विकास और उन्नयन को प्रदेश सरकार विशेष प्राथमिकता दे रही है। मानसून के दौरान सड़कों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस वर्ष, पिछले दो-तीन वर्षों की तुलना में प्रदेश में मानसून से सड़कों को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी, पोकलेन और अन्य मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जहां भी भू-स्खलन अथवा मलबे के कारण सड़कें आवागमन के लिए बाधित होती हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों, बागवानों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के तहत सैंज-लुहरी-बंजार-औट मार्ग पर बंजार से औट तक सड़क के सुधार और टारिंग के लिए 25.11 करोड़ रुपये की राशि जारी करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है।
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से जलोड़ी सुरंग परियोजना के लिए 1,775 करोड़ रुपये की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह भी किया है। केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को स्वीकृति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांगड़ा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 303 पर नगरोटा बगवां से रानीताल सड़क के लिए 395 करोड़ रुपये प्रदान करने का आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री ने इसके लिए सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उन्होंने केन्द्र सरकार से सेतु बंधन परियोजना के तहत पुलों के निर्माण के लिए 3.46 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा, उन्होंने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सीआरआईएफ और सेतु बंधन योजनाओं के अंतर्गत अधिक सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने तथा सीआरआईएफ के तहत सड़क परियोजनाओं के लिए वार्षिक आवंटन बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये करने का आग्रह भी किया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में शहरों के सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत ढांचे की क्षमता बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से उन्होंने हिमाचल प्रदेश के शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से नए शहर विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग तथा नियोजन संबंधी रूपरेखा उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने केन्द्रीय शहरी कार्य मंत्री को चंडीगढ़ की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़ और पंचकूला की सीमा से सटे क्षेत्र में प्रस्तावित नए शहर के लिए साझा आधारभूत ढांचे के विकास की आवश्यकता के बारे में भी अवगत करवाया है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत यूज्ड वाटर मैनेजमेंट कंपोनेंट में राज्य के 76 शहरी स्थानीय निकायों में से केवल 31 को ही शामिल किया गया है। उन्होंने शेष शहरी स्थानीय निकायों के लिए प्रस्तुत अतिरिक्त परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत 1,200 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्तुत की गई हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इन निधियों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने अमृत योजना के तहत शेष 64.45 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया है, ताकि राज्य में कार्यान्वित की जा रही परियोजनाओं का कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके।

प्रदेश की सभी पंचायतों का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता – अनिरुद्ध सिंह* *ग्रामीण विकास मंत्री ने 1.14 करोड़ से...
10/08/2026

प्रदेश की सभी पंचायतों का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता – अनिरुद्ध सिंह*

*ग्रामीण विकास मंत्री ने 1.14 करोड़ से निर्मित ग्राम पंचायत दैहना के नव निर्मित भवन का किया लोकार्पण*

विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी पंचायतों के सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया जारी है और आवश्यकतानुसार पुराने पंचायत भवनों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नए पंचायत भवन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए पंचायत भवनों के निर्माण के लिए एक मुश्त राशि स्वीकृत की जा रही है और एक ही डिजाइन एवं पैटर्न पर पंचायत भवन निर्मित कर क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे पंचायत से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं ।
अनिरुद्ध सिंह आज 1.14 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए गए ग्राम पंचायत दैहना के नव निर्मित भवन का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए जानकारी दे रहे थे।
उन्होंने दैहना पंचायत क्षेत्र के लोगों तथा पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत के स्थाई नव निर्मित भवन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत घर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की सेवा का मध्यांतर होता है। उन्होंने कहा कि पंचायत घर से ही क्षेत्र की विकास योजनाओं की रुपरेखा तैयार होती है और उन योजनाओं को अमलीजामा भी पहनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले पंचायतों में सुविधाओं की बहुत कमी महसूस होती थी लेकिन सरकार द्वारा लगातार पंचायतों के सुधारीकरण एवं महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रक्रिया आरंभ की गई और सरकार के प्रयासों से आज अधिकतर पंचायतें सशक्त एवं आधुनिक हुई है जबकि महिलाएं संगठित होकर आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों की मांग पर दैहना पंचायत चियोग पंचायत से तोड़कर बनाई गई है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को नए भवन मिलने से पंचायत प्रतिनिधियों को तो सुविधा मिलती ही है बल्कि क्षेत्र के लोगों को बैठने व अपनी बात रखने का पर्याप्त मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि इस पंचायत की अपनी आमदनी लगभग 5 लाख रूपए के करीब है जोकि विकास की दृष्टि से अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिर्फ 19 करोड़ रूपए की राशि सिर्फ पंचायतों के नए भवनों के निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कसुम्पटी विधानसभा की सभी पंचायतों के लिए चरणबद्घ तरीके से बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नव निर्मित पंचायत घर के साथ पंचायत की जमीन पर अतिरिक्त सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा जिसके लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा ताकि पंचायत की आमदनी में और इजाफा हो सके।
उन्होंने कहा कि फागू से चियोग-टियाली-धरेच संपर्क सड़क की अपग्रेडेशन पर 15 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस सड़क को अपग्रेड करते समय जहां भी डंगे लगने हैं, उन स्थलों पर गुणवत्ता के आधार पर निर्धारित समयावधि के भीतर सड़क कार्य एवं डंगे लगाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा जिसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के लोगों की मांग पर इस क्षेत्र की 6 छोटी सड़कों के निर्माण के लिए एफआरए के मामले पूर्ण कर लिए गए हैं। शीघ्र ही सड़कों के कार्य आरंभ कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की तीन बड़ी सड़कों का प्रधान मंत्री सड़क योजना के तहत निर्माण किया जाएगा जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि कठोड़ी खड्ड से उठाऊं पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा जिसका निर्माण कार्य दो महीने के भीतर पूर्ण होने वाला है, जिससे क्षेत्र की पेयजल समस्या समाप्त होगी।
स्थानीय ग्राम पंचायत दैहना की प्रधान विद्या शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए पंचायत क्षेत्र से संबंधित कुछ समस्याएं भी रखी। केबिनेट मंत्री ने पंचायत प्रधान द्वारा रखी गई मांगों एवं समस्याओं को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले महिला मंडल सदस्यों को 11 हजार रूपये अपनी ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर एसडीएम ठियोग डॉ शशांक गुप्ता, डीएफओ ठियोग मुनीश रामपाल, तहसीलदार ठियोग वरुण गुलाटी, बीडीसी अध्यक्ष मशोबरा तारा चंद, मार्केटिंग बोर्ड के सलाहकार नरेंद्र नीटू, जिला परिषद सदस्य नेहा जाकटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश कंवर, पंचायत समिति सदस्य रमेश एवं ऊषा वोटका, ग्राम पंचायत दैहना की उप प्रधान सन्नी वर्मा, पूर्व प्रधान चियोग पंचायत दिनेश जाकटा, ग्राम पंचायत टियाली की पूर्व प्रधान सुमन वर्मा एवं जयराम, नहोल पंचायत के पूर्व प्रधान भक्त राम, भगत सिंह जाकटा, बलग़ पंचायत पूर्व प्रधान प्रिया वंदना सिंह, ददास पंचायत प्रधान, पूर्व प्रधान धमांदरी शशिकला, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आसपास की पंचायत के पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल एवं युवक मंडल के प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

रोहड़ू में नशे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किराए के कमरे से 6 ग्राम हेरोइन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तारशिमला -शिमला जिला के ...
10/08/2026

रोहड़ू में नशे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किराए के कमरे से 6 ग्राम हेरोइन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
शिमला -
शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रोहड़ू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर चिड़गांव के बोटीनाला, कंडा रोड स्थित एक किराए के कमरे में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान रवीन कुमार पुत्र ज्ञान सिंह निवासी गांव टिपरोली, तहसील जांगला, धीरेन्द्र सिंह पुत्र मुखन सिंह निवासी जांगला तथा रूपेश कुमार पुत्र बिहारी लाल निवासी चिड़गांव के कब्जे से 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 83/2026 के तहत धारा 21, 25 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करेगी। मामले की गहन जांच जारी है।

*फिना सिंह सिंचाई परियोजना जल्द होगी पूरी, केंद्र सरकार ने जारी किए 60.26 करोड़ रुपये : मुकेश अग्निहोत्री**आशा कार्यकर्त...
09/08/2026

*फिना सिंह सिंचाई परियोजना जल्द होगी पूरी, केंद्र सरकार ने जारी किए 60.26 करोड़ रुपये : मुकेश अग्निहोत्री*

*आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में जल्द होगी 1,000 रुपये की बढ़ोतरी*

धर्मशाला, 9 अगस्त। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा जिला की महत्वाकांक्षी फिना सिंह बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना जल्द पूरी होगी। 643 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस परियोजना को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने 60.26 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। यह जानकारी मुकेश अग्निहोत्री ने धर्मशाला में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए लगातार की गई प्रभावी पैरवी और केंद्र सरकार के साथ हुई निर्णायक बैठकों के परिणामस्वरूप यह राशि जारी हुई है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फिना सिंह परियोजना पर राज्य सरकार अपने संसाधनों से परियोजना पर अब तक करीब 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। करीब 643 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही यह परियोजना लंबे समय से अधर में थी। केंद्र से मिली नई राशि से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और परियोजना को जल्द पूरा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और प्रदेश सरकार दीर्घकालिक दृष्टि से इसकी आर्थिकी को मजबूत करने पर काम कर रही है। कांगड़ा में प्रदेश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा विकसित किया जा रहा है, जिस पर प्रदेश सरकार करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। हवाई अड्डे के तैयार होने से क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कांगड़ा में चिड़ियाघर का निर्माण किया जा रहा है, जबकि जिले में प्रदेश का सबसे बड़ा दूध प्रसंस्करण संयंत्र भी स्थापित किया जा रहा है।

*पेपर लीक पर पारदर्शी व्यवस्था जरूरी*

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा पूरे देश में चिंता का विषय बना हुआ है। मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। युवाओं को रोजगार और विकास चाहिए, न कि हिंदू-मुस्लिम तथा मंदिर-मस्जिद की राजनीति। हिमाचल में भी पिछली सरकार के समय पुलिस भर्ती का पेपर लीक हुआ था। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।

*आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में जल्द होगी बढ़ोतरी*

उन्होंने कहा कि बजट घोषणा के अनुरूप आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की अधिसूचना जल्द जारी कर दी जाएगी। मंत्रिमंडल इस संबंध में निर्णय ले चुका है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आशा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं और उनके सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

*विकास की राजनीति में मर्यादा जरूरी*

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीति विकास के एजेंडे पर चलनी चाहिए और इसमें शिष्टाचार व मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से राजनीति में हैं और कभी लक्ष्मण रेखा लांघकर विरोधियों पर व्यक्तिगत हमला नहीं किया। प्रदेश में विकास और जनकल्याण की राजनीति को आगे बढ़ाया जा रहा है। जनता को विकास कार्यों और जनकल्याण की योजनाओं का मूल्यांकन करना चाहिए।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष हिमाचल पथ परिवहन निगम अजय वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता विशाल जसवाल, एचआरटीसी के डीएम पंकज चड्ढा, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्रधानाचार्य राकेश पठानिया सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

झूठी FIR लिखने वालों को मलाईदार पोस्टिंग, कानून-व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों का तबादला—सुक्खू सरकार की प्राथमिकता पर...
08/08/2026

झूठी FIR लिखने वालों को मलाईदार पोस्टिंग, कानून-व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों का तबादला—सुक्खू सरकार की प्राथमिकता पर उठे गंभीर सवाल : सुधीर शर्मा

भाजपा नेताओं पर राजनीतिक प्रतिशोध में दर्ज किए गए मामलों के बाद अब पुलिस महकमे में फेरबदल, सरकार निष्पक्ष प्रशासन नहीं बल्कि दबाव की राजनीति कर रही है : सुधीर शर्मा

धर्मशाला, 7 अगस्त। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कांगड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी हालिया तबादला आदेश पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय राजनीतिक हितों के अनुसार पुलिस व्यवस्था चलाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जिस समय प्रदेश में अपराध और कानून-व्यवस्था की चुनौतियां बढ़ रही हैं, उस समय सरकार का पूरा ध्यान राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को संरक्षण देने पर दिखाई दे रहा है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि जारी तबादला आदेश में कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का संदेश साफ है—जो अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम करेंगे और विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई करेंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि कानून-व्यवस्था को निष्पक्ष ढंग से संभालने वाले अधिकारियों को इधर-उधर भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में भाजपा नेताओं के खिलाफ जिस प्रकार एक के बाद एक मामले दर्ज किए गए, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार पुलिस का उपयोग राजनीतिक प्रतिशोध के औजार के रूप में कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विरुद्ध, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक आशीष शर्मा, विधायक होशियार सिंह, विधायक सुधीर शर्मा सहित अनेक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई। भाजपा का आरोप है कि ये मामले राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित हैं।

सुधीर शर्मा ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में कानून के राज में विश्वास करती है तो उसे पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उन अधिकारियों को आगे बढ़ा रही है जिन्होंने विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि निष्पक्ष और ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों का मनोबल गिराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है। अपराध नियंत्रण, नशा, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा जैसे वास्तविक मुद्दों पर सरकार विफल रही है, लेकिन विपक्षी नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने और पुलिस महकमे में राजनीतिक संदेश देने वाले तबादले करने में पूरी ऊर्जा लगाई जा रही है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा पुलिस बल का सम्मान करती है और चाहती है कि पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ कार्य करे। उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखा जाए तथा तबादलों और नियुक्तियों में केवल प्रशासनिक आवश्यकता और जनहित को आधार बनाया जाए, न कि राजनीतिक निष्ठा को।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस का दायित्व कानून का निष्पक्ष पालन कराना है, न कि किसी राजनीतिक दल के हितों की पूर्ति करना। यदि सरकार इसी प्रकार प्रशासन का राजनीतिकरण करती रही तो जनता उचित समय पर इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।

आजादी के 79 वर्षों बाद करेरी वासियों को मिली बस सुविधा : केवल सिंह पठानिया**वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, ग्रामीणों ने कि...
08/08/2026

आजादी के 79 वर्षों बाद करेरी वासियों को मिली बस सुविधा : केवल सिंह पठानिया*
*वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत जताया आभार*

शाहपुर, 8 अगस्त। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के करेरी गांव के लोगों को आजादी के 79 वर्षों बाद आखिरकार बस सुविधा मिल गई। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को करेरी में परिवहन विभाग की 28 सीटर बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस सेवा शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने विधायक का भव्य स्वागत किया और उनका आभार जताया।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से करेरी को बस सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी यह क्षेत्र बस सेवा से वंचित था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सहयोग से यह सुविधा संभव हो पाई है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि करेरी में बस सेवा शुरू करवाना उनका सपना था, लेकिन क्षेत्र की जटिल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहले किए गए प्रयास सफल नहीं हो पाए थे। अब 28 सीटर बस शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज उनका सपना पूरा हुआ है।

विधायक ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन नई इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की गई हैं, जिससे लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। आने वाले समय में बस सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नौरा में रेन शेल्टर तथा कम वोल्टेज की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करेरी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। करेरी ट्रैक के विकास पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके प्रथम चरण में 50 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। जल्द ही इसका नींव पत्थर रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि बरसात समाप्त होने के बाद घेरा-करेरी सड़क पर मेटलिंग का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बर्नेट-घेरा सड़क का कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

करेरी पंचायत की प्रधान सुषमा देवी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और आजादी के 79 वर्षों बाद गांव को बस सुविधा प्रदान करने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पंचायत की विभिन्न समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा।

पंचायत उपप्रधान करतार चंद ने कहा कि विधायक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों से ही आज करेरीवासियों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई जनप्रतिनिधि यहां आए और चले गए, लेकिन बस सुविधा की मांग पूरी नहीं हो सकी।

जिला परिषद सदस्य संदीप ने विधायक से आग्रह किया कि भरमौर की तर्ज पर इस क्षेत्र के लिए भी विशेष पैकेज का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाए।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, डीएफओ अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, आरएम साहिल, एसीएफ दौलत राम, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, सहायक अभियंता विद्युत आशीष, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, प्रदीप बलौरिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, पूर्व प्रधान अजय बबली, अक्षय अत्री, पूर्व अधिशासी अभियंता सुभाष शर्मा, नायब तहसीलदार राजिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से भेंट कीदिल्ली -राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज नई दिल्ली में केंद्र...
08/08/2026

राज्यपाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से भेंट की
दिल्ली -
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश हित के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर विशेष रूप से प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र तथा प्रदेशवासियों के समग्र कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन की सराहना की।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने आईआईटी दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण पर गए विद्यार्थियों से संवाद कियाशिमला/दिल्ली -तकनीकी शिक्षा मंत...
08/08/2026

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने आईआईटी दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण पर गए विद्यार्थियों से संवाद किया
शिमला/दिल्ली -
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आज आईआईटी दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण पर गए हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी प्राप्त की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी, वीएलएसआई (वेरी लार्ज-स्केल इंटीग्रेशन) चिप डिजाइन, निर्माण प्रक्रिया तथा अन्य उभरती तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान एवं प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध करवाना है।
राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों से भ्रमण के अनुभव, अर्जित ज्ञान तथा आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों के साथ हुई उनकी सहभागिता के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने, अत्याधुनिक तकनीकों को समझने, नवाचार एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने तथा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं को समझने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को देश के अग्रणी संस्थानों और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों से परिचित करवाना समय की आवश्यकता है, ताकि वह बदलते तकनीकी परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु एवं नवाचारी दृष्टिकोण अपनाने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
राजेश धर्माणी ने इस शैक्षणिक भ्रमण के सफल आयोजन के लिए आईआईटी दिल्ली की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से डॉ. राजेंद्र सिंह एवं उनकी टीम के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है।
तकनीकी शिक्षा निदेशक रोहित राठौर ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें आईआईटी दिल्ली में आयोजित विभिन्न तकनीकी सत्रों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा वहां उपलब्ध उन्नत प्रयोगशालाओं, संसाधनों एवं विशेषज्ञता का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी दिल्ली का भ्रमण उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर एवं वीएलएसआई प्रौद्योगिकी का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने से इस क्षेत्र के प्रति उनकी समझ और अधिक व्यापक हुई है तथा अनुसंधान, नवाचार एवं आधुनिक तकनीकों में उपलब्ध नए अवसरों को अपनाने की प्रेरणा मिली है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने पुनः अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख शिक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों का व्यावहारिक अनुभव तथा देश के अग्रणी शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों के साथ संवाद के अवसर उपलब्ध करवाए जाते रहेंगे, जिससे उनकी रोजगार क्षमता सुदृढ़ होगी और वह भविष्य की तकनीकी चुनौतियों एवं अवसरों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।

08/08/2026

मुख्यमंत्री ने चंबा जिले में बस दुर्घटना में सात लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया
शिमला -
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के समीप हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस बस दुर्घटना में घायल 11 लोग उपचाराधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना की हैं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Address

Shimla

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Jago Himachal posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Jago Himachal:

Shortcuts

Share