29/07/2026
प्रिंस हॉस्पिटल में फियोक्रोमोसाइटोमा की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक सम्पन्न
सीकर। जयपुर रोड, सीकर स्थित प्रिंस हॉस्पिटल में चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। अस्पताल में 32 वर्षीय युवक के एड्रिनल ग्रंथि का दुर्लभ हार्मोन बनाने वाला ट्यूमर, फियोक्रोमोसाइटोमा का सफल ऑपरेशन किया गया। यह सर्जरी अत्यंत जटिल और हाई-रिस्क मानी जाती है, क्योंकि ऑपरेशन के दौरान मरीज के रक्तचाप और हृदय गति में अचानक गंभीर उतार-चढ़ाव आने की आशंका रहती है। विशेषज्ञ चिकित्सकों व एनेस्थीसिया टीम की सतर्क निगरानी के चलते ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।
यह सर्जरी यूरोलाॅजिस्ट डा. घनश्याम कुमावत, एनेस्थेटिस्ट डा. अमित शर्मा व डा. पवन की टीम द्वारा सम्पन्न की गई। ऑपरेशन के दौरान मरीज के रक्तचाप, हृदय गति और अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक मानकों की निरंतर मॉनिटरिंग की गई, जिससे किसी भी संभावित जटिलता को तुरंत नियंत्रित किया जा सका। सर्जरी के दौरान दीपक एवं नेमीचंद ने सहायक की भूमिका निभाई।
फियोक्रोमोसाइटोमा एड्रिनल ग्रंथि का एक दुर्लभ ट्यूमर होता है, जो अत्यधिक मात्रा में एड्रेनालाईन और नॉरएड्रेनालाईन हार्मोन का स्राव करता है। इसके कारण मरीज को बार-बार या लगातार उच्च रक्तचाप, तेज धड़कन, अत्यधिक पसीना आना, सिरदर्द, घबराहट तथा बैचेनी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। समय पर पहचान और उपचार नहीं होने पर यह बीमारी जानलेवा भी साबित हो सकती है।
निदेशक डॉ. पीयूष सुंडा ने कहा कि प्रिंस हाॅस्पिटल में मल्टीस्पेशलिटी एवं सुपरस्पेशलिटी के चिकित्सकों की बड़ी टीम, अत्याधुनिक जांच सुविधाएं, बेहतर आईसीयू केयर एवं 24x7 इमरजेंसी सुविधाओं के कारण क्षेत्र के आमजन को बड़ी राहत मिली रही है।
-----------------------