24/04/2026
#राधाकिशनपुरा में अधूरी सड़क निर्माण से लोगों का फूटा गुस्सा, रास्ता जाम कर किया प्रदर्शन
रेलवे अंडरपास से वंदे मातरम् चौक तक सड़क निर्माण में देरी से नाराज स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ की नारेबाजी
#सीकर।सीकर के राधाकिशनपुरा क्षेत्र में रेलवे अंडरपास के पास सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने रास्ता जाम कर नगर परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी सड़क पर बैठ गए और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
जानकारी के अनुसार रेलवे अंडरपास से वंदे मातरम् चौक तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पिछले साल शुरू किया गया था। सड़क को चौड़ा करने के उद्देश्य से निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन करीब एक साल बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है। अधूरी सड़क और उखड़ी हुई मिट्टी के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी विकास शर्मा और दिनेश सैनी ने बताया कि सड़क पर उड़ रही धूल-मिट्टी से आमजन का जीना मुश्किल हो गया है। राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
प्रदर्शन के दौरान मोहल्ले के सैकड़ों लोग मौके पर एकत्रित हुए और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।