31/08/2026
अंकित बालियान हत्याकांड: सोनीपत के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर, 20 राउंड फायरिंग, दोनों पर था 50-50 हजार का इनाम
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में दो शूटरों को मार गिराया है। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों की पहचान सोनीपत निवासी सुमित और मोहित के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था और उन्हें गोगी गैंग से जुड़ा शूटर बताया जा रहा है।
शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक दोनों बाइक से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह पुलिस ने उन्हें घेर लिया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें सुमित और मोहित को गोली लगी। पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक पांच दिन पहले इन्हीं दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर जिम के बाहर अंकित की गोली मारकर हत्या की थी। मामले में शामिल बाकी दो साथी सत्यम और आर्यन अभी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
खबर लगातार अपडेट की जा रही है...