02/10/2026
रक्तदान के रूप में जीवनदान करें: महासाध्वी श्री श्रुति जी
-श्रीमत सिटी सेंटर में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का भव्य आयोजन
-अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के सहयोग से किया गया आयोजन
सिरसा। रक्तदान करके किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है, इसलिए रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। हर व्यक्ति को जीवन में रक्तदान करते रहना चाहिए। उक्त उद्गार महासाध्वी श्री श्रुति जी म आदि ठाणे-5 ने तेरापंथ युवक परिषद् सिरसा द्वारा अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत श्रीमत सिटी सेंटर में रक्तदान शिविर के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए।
महासाध्वी ने कहा कि रक्तदान करके दूसरे का जीवन बचाने का मौका जिसे मिलता है, वह सौभाग्यशाली होता है। उन्होंने कैंप में स्वयं रक्तदान किया और रक्तदानियों की हौंसला अफजाई की। उन्होंने मेगा ब्लड कैंप के आयोजन के लिए तेरापंथ युवक परिषद व श्रीमत सिटी सेंटर को शुभाशीष दिया। कैंप में 219 यूनिट रक्त शिव शक्ति ब्लड बैंक, वरदान ब्लड बैंक व सिविल अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने एकत्रित किए। श्रीमत टेक्सवर्थ प्रा. लिमिटेड के डायरेक्टर माधव जैन के अलावा अनेक समाजसेवियों, आयोजन संस्थाओं से जुड़े लोगों ने बड़े उत्साह के साथ रक्तदान किया। श्रीमत सिटी सेंटर के डायरेक्टर संजीव जैन एडवोकेट ने कहा रक्तदान कैंप के आयोजन में भागीदारी करके वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे है। तेरापंथ युवक परिषद् सिरसा के अध्यक्ष दीपक पुगलिया एवं मंत्री पीयूष पुगलिया ने बताया कि परिषद् द्वारा अभातेयुप के इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हरियाणा मेगा ब्लड डोनेशन अभियान के प्रभारी देवेन्द्र डागा ने बताया कि अभातेयुप वर्ष 2012 से देश-विदेश में स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 'रक्तदान कर्तव्य-2026 के अंतगर्त संस्था की ओर से इस पखवाड़े में अब तक 537 यूनिट रक्तदान किया गया है। हरियाणा लेबर बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ चिकित्सक डा. वेद बैनीवाल, प्रो. रविंद्र पुरी सहित विशिष्ट जनों ने ब्लड कैंप का अवलोकन किया और रक्तदानियों का हौंसला अफजाई की। श्रीमत सिटी सेंटर की ओर से रक्तदानियों को रिफ्रेशमेंट व स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।