12/09/2025
जवाहर नवोदय विद्यालय खारा खेड़ी में कक्षा 9वीं व 11वीं में दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित
फतेहाबाद, 12 सितंबर को पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, खारा खेड़ी में कक्षा 9वीं और 11वीं में लेटरल एंट्री के आधार पर होने वाली प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए निशुल्क ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र अभ्यर्थी 23 सितंबर 2025 तक एनवीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
उपायुक्त एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. विवेक भारती ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित चयन परीक्षा आगामी 7 फरवरी 2026 को होगी। ऑनलाइन आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से किए जा सकते हैं।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए पात्रता
अभ्यर्थी जिले का वास्तविक निवासी हो और शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उस जिले के सरकारी/सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत हो।
जन्मतिथि 01 मई 2011 से 31 जुलाई 2013 के बीच होनी चाहिए।
यह पात्रता सभी वर्गों के लिए समान रूप से लागू है।
कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए पात्रता
अभ्यर्थी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 (अप्रैल 2025 से मार्च 2026) के दौरान जिले के सरकारी/सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय से 10वीं की पढ़ाई की हो।
जन्मतिथि 01 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए।
विद्यालय की प्रमुख सुविधाएं
जेएनवी खारा खेड़ी छठी से 12वीं तक सह-शिक्षा एवं पूर्णत: आवासीय सुविधा प्रदान करता है। ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को यहां नि:शुल्क आधुनिक शिक्षा दी जाती है। विद्यालय में छात्रों को भोजन, आवास, वर्दी, पाठ्य पुस्तकें और स्टेशनरी उपलब्ध करवाई जाती है।
विद्यालय खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस, योग, सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों और सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर देता है। साथ ही अटल टिंकरिंग लैब, एस्ट्रोनॉमी लैब, सॉयल टेस्टिंग लैब, एग्रीकल्चर लैब, एआर-वीआर लैब जैसी आधुनिक प्रयोगशालाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय परिसर में हरित पार्क, आर्चरी नर्सरी, खेलों की विशेष कोचिंग, वर्मी-कंपोस्टिंग प्लांट, पौधशाला, फल उद्यान और हर्बल वाटिका जैसी सुविधाएं भी हैं।
डॉ. विवेक भारती ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पहले ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें ताकि प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्राप्त कर सकें।