29/07/2026
एसडीएम मोहित कुमार ने निजी संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
- अग्निशमन उपकरणों में कमियां मिलने पर नोटिस जारी, निर्धारित समय में सुधार के भी दिए निर्देश
कालांवाली, 29 जुलाई।
एसडीएम कालांवाली मोहित कुमार ने बुधवार को कालांवाली में विभिन्न निजी संस्थानों का औचक निरीक्षण कर वहां की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग, सुरक्षा संकेतकों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार, सुरक्षा उपकरणों की वैधता एवं कार्यक्षमता की जांच की। उन्होंने संबंधित संचालकों से उपकरणों के नियमित रखरखाव एवं समय-समय पर रिफिलिंग तथा परीक्षण के संबंध में भी जानकारी ली।
जांच के दौरान जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों का पूर्ण रूप से पालन नहीं पाया गया अथवा सुरक्षा उपकरणों में कमियां मिलीं, उन्हें नोटिस जारी किए गए। एसडीएम ने संबंधित संचालकों को निर्देश दिए कि निर्धारित जल्द से जल्द सभी कमियों को दूर कर इसकी रिपोर्ट भेजें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम मोहित कुमार ने कहा कि किसी भी संस्थान में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। किसी भी आपात स्थिति में पर्याप्त एवं कार्यशील फायर सेफ्टी उपकरण बड़ी दुर्घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी संस्थान यह सुनिश्चित करें कि उनके यहां स्थापित अग्निशमन उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप हों तथा हमेशा उपयोग की स्थिति में उपलब्ध रहें।
उन्होंने सभी निजी संस्थानों के संचालकों से अपील की कि वे फायर सेफ्टी नियमों का कड़ाई से पालन करें, कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दें। प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इसी तरह निरीक्षण किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।