26/08/2026
बद्दी का प्रदूषण अब सीमा पार मुद्दा: हिमाचल सोता रहा, हरियाणा-पंजाब जागे
माधांवाला में कथित औद्योगिक वेस्ट को लेकर मचा हड़कंप, SDM संयम गर्ग ने बद्दी के पत्रकारों से मांगा सहयोग
बद्दी के कुछ पत्रकार लगातार उठाते रहे प्रदूषण का मुद्दा, हिमाचल के अधिकारियों की नहीं खुली आंखें; हरियाणा और पंजाब के अधिकारी व नेता हुए सक्रिय
बद्दी/कालका। बद्दी औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रदूषण और कथित औद्योगिक वेस्ट का मुद्दा अब सीमाओं को पार कर हरियाणा और पंजाब तक पहुंच चुका है। विडंबना यह है कि बद्दी के कुछ पत्रकार लंबे समय से इस मुद्दे को लगातार और बार-बार उठा रहे थे, लेकिन हिमाचल प्रदेश के संबंधित विभागों और अधिकारियों की सक्रियता को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे।
अब बद्दी से सटे हरियाणा के माधांवाला क्षेत्र में कथित वेस्ट मैटेरियल का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बद्दी के पत्रकारों ने इस संबंध में कालका के एसडीएम संयम गर्ग से बातचीत कर पूरे मामले की गंभीरता से अवगत करवाया।
SDM संयम गर्ग ने पत्रकारों से मांगा सहयोग
बातचीत के दौरान एसडीएम संयम गर्ग ने बद्दी के पत्रकारों से सहयोग की अपील की। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वे मौके पर पहुंचकर मामले की जमीनी हकीकत सामने लाएं, ताकि वास्तविक तथ्यों के आधार पर संबंधित विभागों और सरकार के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पत्रकारों ने भी माधांवाला क्षेत्र में कथित औद्योगिक वेस्ट, प्रदूषण और इसके पर्यावरण तथा जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की जानकारी प्रशासन के समक्ष रखी।
हिमाचल में उठते रहे सवाल, पड़ोसी राज्यों में दिखी सक्रियता
बद्दी क्षेत्र में प्रदूषण का मुद्दा नया नहीं है। पत्रकारों द्वारा बार-बार सवाल उठाने और रिपोर्टिंग करने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में संबंधित विभागों की कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल खड़े होते रहे।
अब जब प्रदूषण और कथित वेस्ट का प्रभाव पड़ोसी राज्यों तक पहुंचने की आशंका और शिकायतें सामने आई हैं, तो हरियाणा और पंजाब के अधिकारी तथा नेता भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते दिखाई दे रहे हैं।
वेस्ट आखिर किसका? जांच पर टिकी नजरें
माधांवाला में मौजूद कथित वेस्ट मैटेरियल का स्रोत अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है। क्षेत्र बद्दी औद्योगिक इलाके के साथ लगता है, इसलिए लोगों की नजरें जांच पर टिकी हैं। हालांकि, किसी भी कंपनी या औद्योगिक इकाई की जिम्मेदारी जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही तय होगी।
यदि जांच में किसी इकाई द्वारा पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन या अवैध तरीके से वेस्ट निस्तारण की पुष्टि होती है तो संबंधित विभागों द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
अब होगी ग्राउंड रिपोर्टिंग
एसडीएम संयम गर्ग से हुई बातचीत के बाद बद्दी के पत्रकार माधांवाला क्षेत्र में पहुंचकर मामले की जमीनी पड़ताल करेंगे। मौके की स्थिति, स्थानीय लोगों की समस्याएं और वहां मौजूद कथित वेस्ट की वास्तविकता को प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।
बद्दी का प्रदूषण अब सिर्फ हिमाचल का स्थानीय मुद्दा नहीं रहा। सवाल यह है कि जो आवाज बद्दी के पत्रकार लंबे समय से उठा रहे थे, क्या अब पड़ोसी राज्यों की सक्रियता के बाद हिमाचल के संबंधित विभाग भी पूरी तरह जागेंगे?
— हिम संवाद | विश्वास की खबर, हिमाचल से भारत तक