07/07/2026
नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने OPS से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर बनाई रणनीति, मुख्यमंत्री से शीघ्र होगी मुलाकात
शिमला, 05 जुलाई 2026
नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पुरानी पेंशन योजना (OPS) से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वप्रथम महासंघ की आगामी प्रदेश स्तरीय फिजिकल बैठक के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सभी जिला इकाइयों से सुझाव प्राप्त करने के उपरांत बैठक की तिथि एवं स्थान निर्धारित किया जाएगा।
बैठक में उन कर्मचारियों के विषय पर भी गंभीर चर्चा हुई जो अभी तक पुरानी पेंशन योजना (OPS) के दायरे से बाहर हैं। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तथा जिला परिषद के ऐसे कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाने तथा आवश्यक रणनीति अपनाने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त महासंघ ने प्रदेश सरकार से पुरानी पेंशन योजना को स्थायी सुरक्षा प्रदान करने हेतु OPS पर विधिक (कानूनी) प्रावधान बनाए जाने की मांग उठाने का भी निर्णय लिया, ताकि भविष्य में कर्मचारियों के पेंशन अधिकार किसी भी प्रकार से प्रभावित न हों।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 20 जुलाई 2026 तक सभी जिला इकाइयों की बैठकें Google Meet के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों से प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों के आधार पर प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अंतिम प्रस्ताव पारित कर माननीय मुख्यमंत्री महोदय के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
महासंघ ने निर्णय लिया कि उपरोक्त तीनों प्रमुख मुद्दों पर माननीय मुख्यमंत्री महोदय से शीघ्र भेंट कर कर्मचारियों की भावनाओं एवं महासंघ की मांगों से अवगत कराया जाएगा तथा सकारात्मक समाधान का आग्रह किया जाएगा।