01/05/2026
सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में आधुनिक जल निकासी प्रणाली का होगा निर्माण, 390 करोड़ रुपये होंगे खर्च: राजीव जैन
- भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने नगर निगम क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चला कर जनता से मांगा समर्थन
- राजीव जैन ने कहा सोनीपत नगर निगम क्षेत्र के विकास को लेकर आधारभूत संरचनाओं को किया जाएगा मजबूत
सोनीपत, 30 अप्रैल । मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार व सोनीपत से भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने बृहस्पतिवार को सुबह से ही सघन जनसंपर्क अभियान चला कर जनता से समर्थन मांगा। उन्होंने इस दौरान लोगों को भरोसा दिलाया कि अगले पांच सालों में नगर निगम क्षेत्र के विकास को लेकर आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में करीब 390 करोड़ रुपये की लगत से आधुनिक जल निकासी प्रणाली का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव राठधाना में 90 करोड़ रुपये की लागत से तथा देवडू में 20 करोड़ रुपये की लागत से नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किये जाएंगे । वहीं करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सोनीपत शहर में जल आपूर्ति के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। राजीव जैन ने महलाना रोड पार्क, राधा स्वामी सत्संग भवन मुरथल रोड, न्यू अनाज मंडी, आदर्श नगर, खेवड़ा रोड, गढ़ी ब्राह्मणान, कोर्ट रोड, अशोक विहार, राम नगर, विशाल नगर, कालूपुर चुंगी सहित अनेक जगहों पर आयोजित सभाओं में व जनसंपर्क अभियान के दौरान सोनीपत की जनता से आशीर्वाद मांगा और भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में मतदान की अपील की । इन सभाओं में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मेयर प्रत्याशी राजीव जैन का फूल मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने कहा कि एक बार फिर से मेयर बनते ही अगले पांच सालों में बिजली, पानी, सीवर व सफाई के साथ-साथ पार्किंग की समस्याओं से लोगों को स्थाई तौर पर निजात दिलवाने के लिए वे पूरे मनोयोग से प्रयास करेंगे । सोनीपत शहर के सौंदर्यीकरण व इसे मॉडर्न लुक प्रदान करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे । शहर के साथ-साथ नगर निगम में शामिल गांवों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नीतियों पर पूरा भरोसा है । इस दौरान उन्होंने भाजपा की नीतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास कार्यों को जनता के सामने रखा। साथ ही बतौर मेयर अपने 9 महीने के पिछले कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों के बारे में भी लोगों को बताया और कहा कि जनता के समर्थन से एक बार फिर से मेयर बनते ही अगले पांच सालों में सोनीपत नगर निगम क्षेत्र का कायाकल्प करेंगे। उन्होंने जनता की ओर से मिल रहे समर्थन, स्नेह व सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी को मिल रहा जनसमर्थन यह दर्शाता है कि जनता विकास और पारदर्शी शासन की पक्षधर है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के सहयोग व समर्थन से सोनीपत में एक बार फिर से 'कमल' खिलेगा।
महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक समारोह में पहुंच कर लिया संतों का आशीर्वाद:
भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा द्वारा आयोजित महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक समारोह में पहुंच कर संतों का आशीर्वाद लिया। वहीं वार्ड नंबर-10 नई अनाज मंडी में जनसंपर्क अभियान के दौरान व्यापारियों का जुड़ाव और समर्थन साफ नजर आया। चुनाव प्रचार के दौरान राजीव जैन ने हरियाणा की पहली महिला नंबरदार सुनीता से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नारी शक्ति वंदन’ के संकल्प को साकार करता है। उन्होंने सुबह में महलाना रोड स्थित पार्कों में आयोजित जनसंपर्क अभियान के तहत स्थानीय लोगों से मुलाकात कर विकास के मुद्दों पर बातचीत की।
इन कार्यक्रमों के दौरान पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व विधायक अनिल ठक्कर, ललित बत्रा, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, नवीन मंगला, संजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।