19/08/2026
*चीनी के दाम में लगी आग! सोने की तरह बढ़ रही कीमतें, त्योहारों से पहले आम आदमी की बढ़ी चिंता*
। पिछले कुछ दिनों से चीनी की कीमतों में लगातार तेजी ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। बाजार में चीनी के दाम रिकॉर्ड स्तर के आसपास पहुंच गए हैं। अगस्त महीने में थोक कीमतों में करीब 20 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई है।
*आखिर क्यों महंगी हो रही चीनी?* इसके पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। देश में चीनी का उत्पादन उम्मीद से कम रहने, उपलब्ध स्टॉक पर दबाव बढ़ने और आने वाले त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने से बाजार में तेजी आई है। गणेश चतुर्थी, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों के कारण आने वाले महीनों में चीनी की खपत और बढ़ने की संभावना है।
इसके अलावा गन्ने के एक हिस्से का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन में होने से चीनी की उपलब्धता पर भी असर पड़ रहा है। सरकार अब चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए एथेनॉल की ओर जाने वाले गन्ने की मात्रा कम करने, सीमित शुल्क-मुक्त आयात और कारोबारियों के स्टॉक पर पाबंदी जैसे विकल्पों पर विचार कर रही है।
आम जनता की चिंता बढ़ी—चीनी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु है। कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर चाय से लेकर मिठाई, बेकरी और अन्य खाद्य पदार्थों तक पड़ सकता है। ऐसे में त्योहारों से पहले बढ़ते दाम ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।
अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर है। यदि बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ती है तो कीमतों पर दबाव कम हो सकता है, लेकिन फिलहाल तेजी का दौर जारी है।