03/09/2026
बौराहा पंचायत में स्वच्छता कर्मियों से मारपीट का आरोप, पंचायत सचिव को जातिसूचक गाली देने का भी दावा
सुपौल। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बौराहा पंचायत में 30 अगस्त 2026 को प्रस्तावित बिहार विकास शिविर कार्यक्रम से पहले साफ-सफाई को लेकर विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। स्वच्छता कर्मियों और पंचायत सचिव की ओर से कुछ लोगों पर मारपीट एवं दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि बिहार विकास शिविर के आयोजन को लेकर पंचायत भवन की साफ-सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान स्वच्छता पर्यवेक्षक द्वारा साफ-सफाई का वीडियो बनाया जा रहा था, जिसे लेकर कुछ लोग कथित तौर पर आक्रोशित हो गए और स्वच्छता कर्मियों एवं पर्यवेक्षक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
स्वच्छता पर्यवेक्षक के अनुसार, पंचायत में सफाई कार्य की तस्वीर और वीडियो बनाकर संबंधित अधिकारियों को भेजना उनके कार्य का हिस्सा है। उनका कहना है कि पंचायत भवन में कुछ लोगों द्वारा लकड़ी, बांस एवं अन्य निजी सामान रखे गए थे। साफ-सफाई और वीडियो बनाने को लेकर गलतफहमी के कारण विवाद बढ़ गया।
वहीं, पंचायत सचिव शंभू पासवान का आरोप है कि घटनास्थल पर उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनका कॉलर पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने राघोपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी को फोन कर मामले की जानकारी दी।
बताया गया कि विवाद के दौरान मुखिया प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद मेहता भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उनके सामने भी स्वच्छता कर्मियों के साथ मारपीट की गई।
घटना के बाद स्वच्छता कर्मी, स्वच्छता पर्यवेक्षक, मुखिया प्रतिनिधि एवं पंचायत सचिव करजाईन थाना पहुंचे और पूरे मामले से थानाध्यक्ष को अवगत कराते हुए आवेदन दिया। आवेदन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल करजाईन थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बड़ा सवाल
ग्राम पंचायत में कार्यरत सरकारी कर्मियों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार कितना उचित है? यदि सरकारी कार्य के दौरान किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होता है, तो उसका समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए, न कि मारपीट या अभद्र व्यवहार के माध्यम से।
अनोखा एक्सप्रेस न्यूज़ पर दिए गए बयान स्थानीय ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छता पर्यवेक्षक, सफाई कर्मियों एवं पंचायत सचिव के हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अनोखा एक्सप्रेस न्यूज़ का उद्देश्य संबंधित पक्षों की आवाज को सामने रखना और निष्पक्ष रूप से खबर को जनता तक पहुंचाना है।
रिपोर्ट: युगेश्वर पासवान
प्रधान संपादक, अनोखा एक्सप्रेस न्यूज़