Patrikasurat

Patrikasurat Rajasthan Patrika's Surat Edition is the largest Hindi Newspaper of Textile cm Diamond city. Last 1
(1)

08/05/2026

गौ सम्मान की गूंज : राष्ट्रमाता के लिए सूरत की सड़कों पर उतरे लोग

सूरत

गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर सूरत में गुरुवार को भव्य रैली निकाली गई। शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में गौभक्त उमड़े और जयघोष से माहौल गूंज उठा। बैलगाड़ियों, भगवा ध्वज और जोशीले नारों के बीच निकली इस रैली ने हर किसी का ध्यान खींचा। श्रद्धालुओं ने गाय को सम्मान दिलाने की मांग बुलंद की। सड़कों पर यह रैली केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि आस्था और संकल्प का बड़ा संदेश बनकर उभरी।

28/04/2026

सूरत मनपा में भाजपा का सातवीं बार परचम, 115 सीटों पर कमल खिला

सूरत. सूरत महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर अपना अभूतपूर्व दबदबा कायम रखते हुए लगातार सातवीं बार मनपा पर कब्जा जमाया है। मंगलवार को घोषित चुनाव परिणामों में भाजपा ने 120 वार्डों में से 115 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। नए सीमांकन के बाद सूरत मनपा बोर्ड में यह भाजपा की रिकार्ड जीत है। वहीं एक सीट पर जीत दर्ज कर कांग्रेस ने दस साल बाद सूरत मनपा में वापसी की है। आम आदमी पार्टी (आप) को इस बार जबरदस्त शिकस्त झेलनी पड़ी है। पिछले चुनाव में 27 सीटों पर जीत दर्ज करने वाली आप मात्र चार सीटों पर सिमट गई।
26 अप्रैल को हुए मतदान में 59.32 प्रतिशत मतदान के बाद मंगलवार सुबह गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में शुरू हुई। शुरुआती रुझानों ने भाजपा की प्रचंड वापसी के संकेत दे दिए थे। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, शहर के अधिकांश वार्डों में भाजपा उम्मीदवारों की जीत तय होती गई। अंत में भाजपा ने 115 सीटें जीतकर विपक्ष का लगभग सफाया कर दिया। कांग्रेस ने वार्ड संख्या 12 में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यहां कांग्रेस प्रत्याशी अरशद जरीवाला ने भाजपा की पूरी पैनल में सेंध लगाते हुए जीत हासिल की। यह कांग्रेस के लिए दस साल बाद मनपा में वापसी का प्रतीक माना जा रहा है।

28/04/2026

सूरत. मनपा के 30 वार्ड की 120 सीटों के लिए मंगलवार सुबह 9 बजे गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में वोटों की गिनती शुरू होते ही आम आदमी पार्टी समेत भाजपा और कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गए। इस बीच, वार्ड नंबर 19 (आंजणा-डुंभाल) में भाजपा पैनल ने जीत हासिल की। यहां से कांग्रेस नेता असलम सायकलवाला के बेटे भी चुनाव लड़ रहे थे। काफी गहमागहमी के बाद यहां से भाजपा का पैनल जीत गया। इस बीच, असलम सायकलवाला ने आरोप लगाया कि पुलिस की मेहरबानी से भाजपा पैनल जीता। जब सायकलवाला अपने समर्थकों के साथ काउंटिंग सेंटर से बाहर निकलने लगे, भाजपा कार्यकर्ताओं ने हूटिंग करते हुए उनके साथ हाथापाई करने का प्रयास किया। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और मामला सुलझाया।

- कांग्रेस प्रत्याशी खुमानसिंह पर हमला
गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में वोटों की गिनती के दौरान, वार्ड नंबर 18 (लिंबायत - पर्वत - कुंभारिया) में भाजपा उम्मीदवार दिनेश पुरोहित समेत पूरे पैनल को विजेता घोषित किया गया। इसके बाद, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ज़ोर-ज़ोर से जीत की खुशी मनाई और नारे लगाए। इस बीच, काउंटिंग सेंटर के बाहर कांग्रेस उम्मीदवार खुमान सिंह खेमजी और भाजपा समर्थकों के आमने-सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। भगवा खेस पहने कुछ लोगों ने खुमानसिंह से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और बीच बचाव कर खुमानसिंह को बचाया।

20/04/2026
19/04/2026

.सूरत. गर्मी की छुट्टियों और कारखानों में छुट्टियों की शुरुआत के साथ सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर रविवार को परप्रांतीय मजदूरों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। क्राउड मैनेजमेंट की पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई। 28 हजार से अधिक यात्री स्टेशन पहुंचे, लेकिन मात्र 21 हजार को ही ट्रेनों में जगह मिल सकी। छह हजार से ज्यादा मजदूर निराश होकर लौट गए। चिलचिलाती धूप में खुले आसमान के नीचे घंटों खड़े रहने से कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई, जबकि बैरिकेड्स कूदने वालों पर पुलिस का लाठीचार्ज हो गया।

13/04/2026

सूरत. हनुमानजी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष में श्रीराम जानकी परिवार ट्रस्ट, सूरत की ओर से 15वां वार्षिक उत्सव रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव की जानकारी में ट्रस्ट ने बताया कि शहर में सिटीलाइट क्षेत्र में अग्रसेन पैलेस स्थित पंचवटी हाल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्सव की शुरुआत में बालाजी महाराज के दरबार को गुलाब के फूलों से सजाया गया जो कि थाईलैंड और कोलकाता से मंगवाए गए थे। बालाजी महाराज के श्रृंगारित दरबार के समक्ष अखंड ज्योत प्रज्जवलित की गई और छप्पन भोग का प्रसाद परोसा गया। यह पूरा कार्यक्रम मेहंदीपुर बालाजी के अनूप महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। उत्सव की शुरुआत में सुबह पंचवटी हॉल में संगीतमय सुंदरकांड पाठ की प्रस्तुति नंदकिशोर शास्त्री ने दी। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने भी हनुमद भक्ति में गोते लगाए। इसके बाद शाम पांच बजे से आयोजित भजन संध्या की शुरुआत स्थानीय गायक मुकेश दाधीच ने गणेश वंदना के साथ की। इसके बाद दाधीच ने एक के बाद एक कई सुरीले भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, बाद में दिल्ली से आए गायक शीतल पांडे ने हनुमानजी महाराज की भक्ति में श्रद्धालुओं को भजनों के माध्यम से जमकर गोते लगवाए। मेंहदीपुर वाले का सजा दरबार...समेत अन्य भजनों पर हॉल में श्रद्धालु नाचने-झूमने लगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महाप्रसादी में भाग लिया। उत्सव के दौरान देर रात्रि बालाजी महाराज की महाआरती की गई। इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आए हुए सभी अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया।

13/04/2026

रेजिडेंशियल सोसायटी की पार्किंग में भीषण आग, 18 वाहन जलकर खाक
- सारोली क्षेत्र में आधी रात लगी आग से मचा हड़कंप, दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
सूरत. शहर के सारोली इलाके में स्थित मॉडलटाउन रेजिडेंसी में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। पार्किंग में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें करीब 18 वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
शनिवार मध्यरात्रि बाद करीब 1.23 बजे ग्राउंड फ्लोर पार्किंग से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में आग की लपटों ने वहां खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। वाहनों में मौजूद पेट्रोल और टायरों के कारण आग तेजी से फैलती गई और पूरा पार्किंग क्षेत्र आग के गोले में तब्दील हो गया। टायर फटने की तेज आवाजों से सो रहे लोग जाग गए और बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई। लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर जान बचाने के लिए छत और खुले स्थानों की ओर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और डुंभाल, डिंडोली व पूणा दमकल स्टेशन से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती आग को ऊपर के फ्लैट्स तक फैलने से रोकना था। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत और लगातार पानी की बौछार के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में 17 से 18 वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिनमें अधिकतर दोपहिया और कुछ महंगी कारें शामिल हैं। कई वाहन हाल ही में खरीदे गए थे, जो अब सिर्फ जले हुए ढांचे के रूप में रह गए हैं। गनीमत रही कि समय रहते आग को काबू में कर लिया गया, जिससे आग रिहायशी हिस्से तक नहीं पहुंच सकी और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

11/04/2026

नामांकन के आखिरी दिन सूरत में चुनावी उत्सव, दलों के उम्मीदवारों ने समर्थकों संग भरे नामांकन

- सरकारी दफ्तरों में उमड़ी भीड़, भाजपा ने देर रात सूची जारी कर विजय मुहूर्त में कराया नामांकन
सूरत. सूरत महानगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन शहर में चुनावी माहौल चरम पर नजर आया। भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने समर्थकों के साथ रैलियों के रूप में पहुंचकर अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे सरकारी कार्यालयों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भाजपा द्वारा देर रात उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने के बाद पार्टी प्रत्याशियों ने रातभर तैयारी कर शनिवार सुबह से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और अन्य दलों के उम्मीदवार भी अंतिम दिन मैदान में उतरते हुए बड़ी संख्या में नामांकन केंद्रों पर पहुंचे। अठवालाइंस जिला सेवा सदन, नानपुरा स्थित बहुमंजिला भवन, पाल प्रांत कार्यालय और सुडा भवन सहित विभिन्न केंद्रों पर अलग-अलग वार्ड के उम्मीदवार चुनाव अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर फॉर्म भरते नजर आए। समर्थकों के साथ निकली रैलियों के चलते सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। आम आदमी पार्टी पहले ही दो चरणों में अपने 120 उम्मीदवार घोषित कर चुकी थी, जबकि कांग्रेस ने संभावित असंतोष को देखते हुए आधिकारिक सूची सार्वजनिक नहीं की और सीधे उम्मीदवारों को अधिकृत पत्र देकर नामांकन कराने की रणनीति अपनाई।

02/04/2026

श्रीहनुमान जन्मोत्सव: हनुमंत लला के जयकारों से गूंज उठी सूरतनगरी
-निशान ध्वज पदयात्रा, अखंड ज्योत, सवामणि, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या आदि कार्यक्रमों की चलती रही श्रृंखला
-चैत्र पूर्णिमा के उपलक्ष में शहरभर में धूमधाम से मना जन्मोत्सव
सूरत. चैत्र पूर्णिमा के मौके पर गुरुवार को प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त अंजनीसुत श्रीहनुमानजी महाराज का जन्मोत्सव सूरत समेत दक्षिण गुजरात में धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर सुबह से ही निशान ध्वज पदयात्रा, सुंदरकाण्ड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ, भजन संध्या आदि के आयोजन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों के हनुमान मंदिरों में भी मंदिर ट्रस्ट व संचालकों की ओर से जन्मोत्सव के अवसर पर शोभायात्रा, सवामणि, भजनसंध्या आदि के आयोजनों का दौर भी दिनभर चलता रहा। शहर में वेसू स्थित श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम, कैलाशनगर स्थित श्रीक्षेत्रपाल मंदिर, पाल स्थित अटलआश्रम, सिंगणपोर स्थित कंथेरिया हनुमान मंदिर, पांडेसरा स्थित रोकडिय़ा हनुमान मंदिर, परवत पाटिया स्थित डुंभाल हनुमान मंदिर, पार्ले पोइंट स्थित राधाकृष्णा मंदिर समेत शहर के अन्य कई मंदिरों में गुरुवार को श्रीहनुमान जन्मोत्सव मौके पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर में सुबह से देर रात तक पहुंचते रहे।

01/04/2026

भाजपा, कांग्रेस और आप ने कसी कमर, प्रत्याशी चयन और रणनीति पर जोर
सूरत. राज्य चुनाव आयोग द्वारा सूरत महानगरपालिका सहित राज्य की 15 महानगरपालिकाओं और नगरपालिकाओं के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही शहर की राजनीति में अचानक सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की सक्रियता तेज हो गई है। कांग्रेस ने टिकट के दावेदारों की सेंस प्रक्रिया पूरी कर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, भाजपा ने बुधवार से तीन दिवसीय सेंस प्रक्रिया शुरू कर संभावित उम्मीदवारों को टटोलना शुरू कर दिया है।

भाजपा कार्यालय में बुधवार सुबह 10 बजे के बाद से ही गांधीनगर से आए पर्यवेक्षक दल के सदस्यों ने सूरत महानगरपालिका के वार्ड संख्या एक से 12 तक के लिए पार्टी टिकट के दावेदार कार्यकर्ताओं को सुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। कार्यालय के चारों फ्लोर पर तीन-तीन वार्ड के दावेदारों की सेंस प्रक्रिया पूरी की गई। हालांकि पहले दिन यह प्रक्रिया रात्रि में देर तक चलती रही। इस दौरान पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

Address

Surat

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Patrikasurat posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Patrikasurat:

Share