28/05/2026
उदयपुर के रेती स्टैंड स्थित LIC बिल्डिंग के बाहर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पार्किंग में खड़ी एक स्विफ्ट कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई और आसमान तक धुआं फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की। वहीं LIC परिसर में मौजूद फायर ट्रैक की सहायता से शुरुआती राहत कार्य किया गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि पास में खड़े अन्य वाहन समय रहते सुरक्षित बचा लिए गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।