07/08/2026
जमीनी विवाद में कलयुगी बेटे ने 75 वर्षीय पिता पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला
राजसमंद। जिले के खमनोर थाना क्षेत्र के शिशोदा गांव में जमीनी विवाद के चलते रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने 75 वर्षीय वृद्ध पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिशोदा निवासी भंवरलाल सोनी और उनके पुत्र के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। गुस्से में आए आरोपी पुत्र ने कुल्हाड़ी से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में भंवरलाल सोनी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल वृद्ध को तत्काल नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर खमनोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, वारदात के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।