kharsia.news

kharsia.news news

14/08/2025

वृंदावन रसिक वशिष्ठ जी महाराज करेंगे श्रीमद् भागवत कथा
▪️ 14 से 21 अगस्त तक होगा ज्ञान-यज्ञ

खरसिया। आचार्य देशमुख वशिष्ठ जी महाराज धार्मिक गुरु एवं प्रख्यात कथा वाचक हैं, गुरु जी का जन्म मां गंगा और यमुना की गोद में भादो मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को हुआ था, उल्लेखनीय होगा कि इस पावन दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव पूरे विश्व में मनाया जाता है। वहीं वशिष्ठ जी महाराज श्रीकृष्ण के परम उपासक हैं, जो दिव्य श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का सम्पादन 14 अगस्त से 21 अगस्त तक कन्या विवाह भवन में दोपहर 3:00 बजे से संध्या 7:00 बजे तक करेंगे।

यह बताना भी जरूरी होगा कि श्रीकृष्ण भगवान ने स्वयं वशिष्ठ जी महाराज के सपनों में आकर उन्हें गीता पाठ, श्रीमद्भागवत गान करने के लिए कहा। अपने दादा गुरु ब्रह्मलीन पंडित गोविंद देव वशिष्ठ जी से आज्ञा लेकर मात्र 5 वर्ष की अल्पायु से ही वशिष्ठजी महाराज के द्वारा भक्तों को गीता के उपदेश एवं भागवत ज्ञान कराया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हजारीलाल मंगलचंद ताराचंद एचएमटी बिंदल परिवार के द्वारा किया जा रहा है।

14/08/2025

वंदे मातरम् के जयकारों से गूंजा खरसिया, शान से निकली तिरंगा-यात्रा

खरसिया। स्वतंत्रता दिवस और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में गुरुवार को धर्मनगरी खरसिया में भव्य एवं शानदार तिरंगा-यात्रा निकाली गई, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के अलावा समाज के सभी वर्गो ने भाग लिया। यह शानदार तिरंगा-यात्रा अग्रसेन चौक से शुरू होकर सुभाष चौक, परशुराम चौक, चौकी से होते हुए पुरानीबस्ती चौक, श्रीरामजानकी मंदिर होते हुए टॉउनहाल मैदान में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान देशभक्ति गाने व देश प्रेम के नारों से पूरा नगर गूँज उठा। गुरुवार को आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा ने नगर में देशभक्ति की भावना को पूरे जोश से नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

तिरंगा यात्रा के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के "जय हिंद जय भारत", "भारत माता की जय" व "वन्दे मातरम्" के नारों ने वातावरण में देशभक्ति की भावना को गरिमापूर्ण बढ़ावा दिया। पालिकाध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस तिरंगा यात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से और भी बल मिला है, जिन्होंने हमेशा देशभक्ति और राष्ट्रीयता के महत्व पर जोर दिया है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं, जो देश और समाज के प्रति एकता और अखंडता को मजबूत करने का काम कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिजनों, पड़ोसियों, रिश्तेदारों को भी घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा न केवल क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को प्रस्तुत करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे हम सब लोग एक साथ मिलकर अपने देश और समाज के लिए काम कर सकते हैं।

▪️ हुई फूलों की बरसात

भगवान परसुराम चौक में सुबह से ही देशभक्ति के गीत गुंजायमान हो रहे थे। जब तिरंगा-यात्रा यहां पहुंची तो भाजपा नेता तरुण ठाकुर और मोनू केशरी और साथियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया। वहीं फ्रूटी आइसक्रीम और शीतलजल पिला कर हौसलाअफजाई भी की।

रक्षाबंधन पर विशेष संयोग: दिनभर शुभ मुहूर्त, ग्रहों की शुभ स्थिति में बांधी जाएगी राखीपंडित कान्हा शास्त्री ने दी ज्योति...
07/08/2025

रक्षाबंधन पर विशेष संयोग: दिनभर शुभ मुहूर्त, ग्रहों की शुभ स्थिति में बांधी जाएगी राखी

पंडित कान्हा शास्त्री ने दी ज्योतिषीय दृष्टिकोण से विस्तृत जानकारी

रायगढ़। शनिवार 9 अगस्त को मनाया जाने वाला रक्षाबंधन इस वर्ष सिर्फ सांस्कृतिक या धार्मिक नहीं, बल्कि खगोलीय दृष्टि से भी विशेष रूप से शुभ रहने वाला है। इस बात की जानकारी देते हुए वैदिक ज्योतिषाचार्य पंडित कान्हा शास्त्री ने बताया कि इस वर्ष भद्रा काल तड़के 1:52 बजे ही समाप्त हो जाएगा, जिससे पूरे दिन राखी बांधना शास्त्रसम्मत व शुभ रहेगा। वहीं पंडित कान्हा शास्त्री ने बताया कि इस बार के विशेष ज्योतिषीय संयोग क्या होने वाले हैं।

इस रक्षाबंधन बृहस्पति वृषभ राशि में गोचर कर रहे हैं। यह गुरु की स्थिर राशि में शुभ स्थिति है, जिससे धार्मिकता, भाई-बहन के रिश्तों में स्थायित्व और गृहस्थ जीवन में सामंजस्य बढ़ेगा। चंद्रमा मकर राशि में, शनि के साथ मकर में चंद्रमा शनि के साथ होने के बावजूद, दिन में चंद्रमा ‘श्रवण नक्षत्र’ में होगा- जो कि व्रत, पूजा, मंत्र और रक्षा-संस्कार के लिए अत्यंत शुभ माना गया है।

वहीं इस दिन शुभ योग:सर्वार्थ सिद्धि योग भी होगा। इस योग में किया गया कार्य सर्वविधि सफलता देता है। साथ ही श्रवण नक्षत्र-चंद्र नक्षत्र भी होगा। यह नक्षत्र धार्मिक और पारिवारिक कार्यों के लिए उत्तम होता है। शुभ चौघड़िया: प्रातः से लेकर संध्या तक कई बार लाभ, अमृत और चर के चौघड़िए पड़ेंगे।वहीं शनिवार का यह दिन भी भाई की दीर्घायु व रक्षा-संस्कार हेतु अत्यंत फलदायक होता है।

इस बार भद्रा का अंत रात्रि 1:52 बजे हो रहा है। जिससे पूर्णिमा तिथि (7:09 PM तक) में कोई बाधा नहीं है और संपूर्ण भारतवर्ष में बहनें प्रातः काल से लेकर संध्या तक रक्षा-सूत्र बांध सकती हैं। क्योंकि भद्रा काल में रक्षा-सूत्र बांधना दोषकारक और संबंधों में विघ्न उत्पन्न करने वाला होता है।

पंडित शास्त्री ने यह भी कहा कि रक्षाबंधन केवल एक धागा नहीं, बल्कि स्मृति है उस जिम्मेदारी की जो भाई को बहन के प्रति निभानी है। आज समाज में बहनों की सुरक्षा केवल कानून से नहीं, संस्कारों और भाई की सजगता से संभव है। यही इस पर्व की आत्मा है।

▪️राखी बांधने का श्रेष्ठ समय: 9 अगस्त को प्रातः 05:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक।

▪️रक्षा-सूत्र बांधते समय निम्न मंत्र बोलें:
येन बद्धो बलिर्राजा दानवेन्द्रो महाबलः।
तेन त्वां प्रति बध्नामि रक्षे मा चल मा चल॥

▪️तामसिक भोजन, क्रोध, असावधानी से बचें बहनें रक्षा-सूत्र बांधते समय आरती व तिलक अवश्य करें।

03/08/2025

खरसिया : बोलबम बोलबम.. नन्हें कावरिया चले भोलेबाबा को मनाने

खरसिया को धर्म की नगरी यूं ही नहीं कहा जाता, दरअसल यहां के बच्चों में धार्मिक संस्कार बचपन से ही रोपे जाते हैं। सावन का महीना, शिव पूजन के के लिए विशेष होता है, इस माह भोलेबाबा के भक्त कावर में जल भरकर शिवजी का जलाभिषेक करते हैं। वहीं गंजबाजार के पालकों ने अपने नन्हें बच्चों को कावरिया के भेष में सजा कर कावर यात्रा निकाली। रविवार को ये नन्हें भक्त श्रीहनुमान मंदिर से कांवर उठाकर भगत तालाब स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने शिवजी का जलाभिषेक किया।

सेवा के संकल्प को लेकर संजय अग्रवाल ने ली लायंस के अध्यक्ष की शपथखरसिया। लायंस क्लब खरसिया सिटी सत्र 2025- 26 का शपथ ग्र...
03/08/2025

सेवा के संकल्प को लेकर संजय अग्रवाल ने ली लायंस के अध्यक्ष की शपथ

खरसिया। लायंस क्लब खरसिया सिटी सत्र 2025- 26 का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। होटल हाउस ऑफ कामन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मल्टीप्ल काउंसिल वाइस चेयरमैन पूर्व गवर्नर लायन राजकुमार अग्रवाल एवं शपथ अधिकारी पूर्व गवर्नर लायन प्रीतपाल वीएस बाली रहे। विशेष रूप से लायंस क्लब रायगढ़ मिटाउन एवं लायंस क्लब रायगढ़ सिटी के अनेक पदाधिकारी एवं नगर के सामाजिक संस्था प्रमुख, पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

अतिथियों के स्वागत पश्चात निवर्तमान अध्यक्ष ला. रामनारायण सोनी 'संटी' ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अपने कार्यकाल के दौरान किए कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हमारे द्वारा किए गए सेवाभावी कार्यों एवं नगरपालिका द्वारा घोषित लायन तिराहा से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वारा हमारे क्लब को अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। लायन अनिल बरतुंगा ने सचिवि उद्बोधन से साल भर किए गए कार्यों का विवरण दिया। शपथ अधिकारी लायन बाली ने नए पदाधिकारी को छत्तीसगढ़ी भाषा में सुंदर ढंग से अपने पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई, जिसमें प्रमुख रूप से अध्यक्ष लायन संजय अग्रवाल मेडिकल, सचिन लायन सुंदरमल चंदवानी, कोषाध्यक्ष लायन विनय कबूलपुरिया, उपाध्यक्ष ला.मुकेश अग्रवाल, ला.दुर्गेश ठक्कर के साथ-साथ टेमर ला.मुकेश ग्रहणी, टेल ट्विस्टर ला.रामनारायण सोनी, पीआरओ ला.डॉ हितेश गवेल एवं बोड ऑफ डायरेक्टर की शपथ दिलाई गई। आज दो नए सदस्यों ने लायन के कार्यों से प्रभावित होकर लायन की सदस्यता ग्रहण की जिसने मनोज अग्रवाल मेडिकोज, मनोज कबूलपुरिया जिन्हें भी शपथ अधिकारी द्वारा शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष स्व: ला.दिलीप सिंग सलूजा की धर्मपत्नी श्रीमती सलूजा अपने आप को रोक नहीं पाई और उन्होंने पधारे अतिथियों को सम्मानित कर अपने पूरे परिवार की लायनिजम के प्रति अपने समर्पण भाव व्यक्त किए। नवनियुक्त अध्यक्ष ला.संजय अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि डिस्ट्रिक्ट से प्राप्त निर्देशों के साथ क्षेत्र के सेवा कार्यों में अपनी पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए लायंस का नाम गौरवान्वित करेंगे। मुख्य अतिथि लायन राजकुमार अग्रवाल ने लायंस क्लब खरसिया सिटी की सेवा गतिविधियों एवं मुख्य रूप से लायन तिराहा का निर्माण हुआ है, उसके लिए क्लब के पदाधिकारी की सराहना करते हुए आगे भविष्य में किसी भी प्रकार के सहयोग के लिए तत्पर रहने को कहा। कार्यक्रम में मदन गर्ग, शिव अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, कैलाश बंसल, जियालदास मेघानी, मुकेश अग्रवाल, मुकेश गृहणी, आयुष गोयल, दुर्गेश ठक्कर, अमित अग्रवाल जोन चेयरमैन सहित नगर के मीडिया प्रतिनिधि, पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सारगर्भित सफल संचालन ला.डॉ हितेश गवेल ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
अंत में सहभोज के कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

श्रीराम-जानकी मंदिर में प्रत्येक मंगलवार होता है सुंदरकांड का पाठ▪️ इस मंगलवार को होगा 121वां पाठखरसिया। नगर की आस्था के...
31/07/2025

श्रीराम-जानकी मंदिर में प्रत्येक मंगलवार होता है सुंदरकांड का पाठ
▪️ इस मंगलवार को होगा 121वां पाठ

खरसिया। नगर की आस्था के मूर्तिमान स्वरूप श्रीराम-जानकी मंदिर में प्रत्येक मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ किया जाता है। वहीं इस मंगलवार 120वां सप्ताह रहा, जब सुंदरकांड का पाठ उत्साह एवं भक्तिपूर्वक किया गया।

श्रीराम-जानकी सेवा समिति से जुड़ी महिलाओं द्वारा प्रत्येक मंगलवार को श्रीराम-जानकी मंदिर में सुंदरकांड तथा श्रीहनुमान चालीसा, हनुमानाष्टक बजरंगबाण और हनुमान जी की आरती का आयोजन संध्या 5:00 बजे किया जाता है। वहीं आरती के पश्चात खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया जाता है जो श्रीराम-जानकी सेवा समिति के सदस्यों द्वारा स्वयं बनाया जाता है। यह सत्य है कि सुंदरकाण्ड का पाठ करने से सभी प्रकार की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी या संकट हो, सुंदरकाण्ड के पाठ से वह कष्ट तुरंत ही दूर हो जाता है। सुंदरकांड के पाठ से भूत, पिशाच, यमराज, शनि राहु, केतु, ग्रह-नक्षत्र आदि सभी का भय दूर हो जाता है। सुंदर काण्ड का पाठ सप्ताह में एक बार जरूर करना चाहिए। मंगलवार और शानिवार के दिन तो जरूर करना चाहिए, यह पाठ अत्यंत लाभदायक होता है।

▪️ विषम परिस्थितियों से रक्षा करता है सुंदरकांड का पाठ

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार भी विषम परिस्थितियों में सुंदरकांड पाठ करने की सलाह दी जाती है। जीवन में किसी प्रकार की समस्या या तंगी उत्पन्न होती है तो आप संकल्प लेकर लगातार सुंदरकांड का पाठ करें, इससे एक नहीं बल्कि अनेक समस्याओं का समाधान मिलता है। श्रीराम चरित मानस को रचने वाले गोस्वामी तुलसीदास के अनुसार हनुमान जी को जल्द प्रसन्न करने के लिए सुंदरकांड का पाठ एक मात्र रामबाण उपाय माना जाता है, जिससे सुंदरकांड पाठ करने वालों के जीवन में खुशियों का संसार होता है और जीवन सुखमय होता है।

▪️ सकारात्मक ऊर्जा का होता है संचार

सुंदरकांड करने वाले व्यक्ति के अंदर सकारात्मक और विचारात्मक ऊर्जा का संचार होने लगता है, वह व्यक्ति किसी भी कार्य में अपनी रुचि दिखाता है तो उसमें सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। वहीं सुंदरकाण्ड का पाठ करने से व्यक्ति के मन से भय जाता रहता है और आत्मविश्वास एवं इच्छाशक्ति मजबूत होती है। साप्ताहिक पाठ करने से गृहक्लेश दूर होता है और परिवार में खुशियां बढ़ती हैं। नियमित पाठ करने से कर्ज और रोग से छुटकारा मिलता है और स्वास्थ्यगत पीड़ा से छुटकारा मिलता है।

अनदेखा वाटरफॉल: खरसिया से महज 10 किमी दूर जबलपुर में झरने की गूंज व पानी की धुंध▪️स्वर्ग से कम नहीं ये वॉटरफॉलखरसिया। रा...
29/07/2025

अनदेखा वाटरफॉल: खरसिया से महज 10 किमी दूर जबलपुर में झरने की गूंज व पानी की धुंध
▪️स्वर्ग से कम नहीं ये वॉटरफॉल

खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया ब्लॉक हरे-भरे पेड़-पौधे, जंगल, पहाड़ और नदियों से भरा हुआ है। खरसिया क्षेत्र में घूमने की कई जगहें, धार्मिक स्थल, पुराने समय की धरोहरें, डैम वगैरह भी काफी संख्या में मौजूद हैं, जो यहां कि खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। इन्हीं खास जगहों में से एक है ग्राम जबलपुर के जंगल में स्थित "जबलपुर वाटरफॉल"। यहां एक भगवान भोलेनाथ का मंदिर भी बना है जोकि ' जय शंकर पाठ' नाम से प्रसिद्ध है।

खरसिया शहर से करीब 10 किमी दूर बसा ग्राम जबलपुर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है, यहां के जबलपुर वाटरफॉल आपका मन मोह लेगा, चारों ओर से घिरे घने जंगलों की बीच चट्टानों से तेज गति से नीचे गिरता विशाल जलप्रपात का दूधिया पानी मन को मोह लेता है, यहां की प्राकृतिक सुंदरता ऐसी है कि एक बार आने के बाद वापस जाने का दिल नहीं करता।

▪️मन को मोहित करने वाला

जबलपुर वाटरफॉल की सबसे खास बात यह है कि यहां का पानी इतनी सफेदी लिए गिरता है कि वह दूध की धार जैसा लगता है। ऊँचे पहाड़ों से बहता यह झरना जब चट्टानों पर गिरता है, तो पानी की तेज़ गर्जना और चारों ओर गूंजती उसकी आवाज़ रोमांच का अहसास कराती है। इसके चारों तरफ़ फैली हरियाली, शांत वातावरण और नीला आसमान मिलकर एक ऐसा नज़ारा पेश करते हैं जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

▪️सुकून की जगह

यह वाटरफॉल केवल आंखों के लिए सुंदर नहीं, बल्कि आत्मा के लिए भी सुकून देने वाला है। यहां की ठंडी-ठंडी हवा, जंगल की मिट्टी की खुशबू और झरने की आवाज़ मिलकर ऐसा एहसास कराती हैं जैसे आप किसी परी कथा की दुनिया में आ गए हों। जो लोग शांति और प्रकृति की गोद में समय बिताना चाहते हैं, उनके लिए यह जगह किसी वरदान से कम नहीं।

▪️पिकनिक के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन

जबलपुर वाटरफॉल सिर्फ़ प्रकृति प्रेमियों के लिए नहीं, बल्कि फैमिली पिकनिक, दोस्तों के साथ मौज-मस्ती और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी आदर्श स्थान है। यहां की हरियाली, झरने का बैकग्राउंड और पहाड़ों की खूबसूरती आपके कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वाहवाही लाने वाली है।

खरसिया की बहनों ने पूर्व सैनिकों की कलाइयों में बांधी राखी▪️25 हजार से अधिक रक्षासूत्र एवं मिट्टी खरसिया से भेजी गई बॉर्...
23/07/2025

खरसिया की बहनों ने पूर्व सैनिकों की कलाइयों में बांधी राखी
▪️25 हजार से अधिक रक्षासूत्र एवं मिट्टी खरसिया से भेजी गई बॉर्डर
▪️हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने पूर्व भारतीय सैनिकों का किया भव्य स्वागत
▪️ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र अभियान के अंतर्गत खरसिया में सैनिकों के सम्मान में राखी कार्यक्रम एवं राखी संकलन का हुआ आयोजन
▪️सैनिकों के बलिदान की याद में आंखे हुई नम

खरसिया। ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र के तहत पूरे प्रदेश से 21 लाख राखी लेकर बॉर्डर पर तैनात फौजी भाइयों के लिए ले जाया जा रहा है। इसी कर्म में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा पूर्व सैनिक संगठन को खरसिया आमंत्रित किया गया था। जिसमें हजारों की संख्या में खरसिया नगर की हर घर से महिलाओं ने भाग लिया एवं रक्षासूत्र एवं मिट्टी लिफाफे में डालकर एकत्रित कर उन्हें भेट किया। कार्यक्रम स्पाइस ऑफ पंजाब में बुधवार को संपन्न हुआ। जिसमें देश के वीर सपूत महेंद्र प्रताप सिंह राणा (राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सैनिक संगठन सिपाही पूर्व सैनिक महासभा), दीपक सिंह (अध्यक्ष पूर्व सैनिक संगठन कोरबा), वारिज सिंह (सचिव पूर्व सैनिक संगठन सिपाही) तथा अन्य साथियों के साथ रक्षासूत्र रथ लेकर खरसिया पहुंचे।

खरसिया नगर देशभक्ति और भावनात्मक संबंधों की मिसाल बना, जब 'ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र' अभियान के अंतर्गत सैनिकों को सम्मानित करते हुए राखी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम भारत माता के सपूतों के आगमन के साथ ही उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात माता दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वालित कर आरती की गई। पश्चात देश के सम्मान में सभी ने खड़े हो कर राष्ट्रगीत का गान किया। कार्यक्रम का आयोजन 'ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र' के तहत किया गया, जो 15 अगस्त 2025 को देशभर में प्रस्तावित विशाल तिरंगा यात्रा और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियान का एक अहम हिस्सा है। इसका उद्देश्य देश के वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को समाज के हर वर्ग से जोड़ना और उन्हें सम्मान देना है। खास बात यह रही कि इस आयोजन में बहनों ने देश के सिपाहियों की कलाई पर राखी बांधकर न सिर्फ रक्षा का संकल्प लिया, बल्कि उन्हें अपना भाई मानकर स्नेह, प्रेम और आभार प्रकट किया।

इस भव्य और आत्मीय आयोजन में कई सम्मानित अतिथि शामिल हुए। नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, नायब तहसीलदार मोनल साय, हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष विन्नी सलूजा, अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, अखिल भारतीय महिला अग्रवाल सम्मेलन से ऋतु बंसल, रीना गर्ग के साथ एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। वहीं हेल्पिंग हैंड्स क्लब टीम, अग्रवाल महिला टीम सहित नगर की अनेक प्रतिष्ठित महिलाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम में महिलाओं ने सिपाहियों को राखी बांधी, मिठाई खिलाई और जलपान कराकर अपने स्नेह का भावपूर्ण परिचय दिया। सैनिकों की आँखों में भी इस सम्मान को पाकर गर्व और भावुकता झलक रही थी। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे उस महाअभियान का हिस्सा है, जिसमें देश के सभी राज्यों, जिलों और गांवों तक पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल सैनिकों के योगदान को याद दिलाता है, बल्कि जनमानस को भी यह भाव देता है कि सशस्त्र बल सिर्फ सीमाओं पर नहीं, हमारे दिलों में भी बसे हैं।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष विन्नी सलूजा, निलेश अग्रवाल, लोकेश गर्ग , रजत शर्मा, राहुल डनसेना, विकास अग्रवाल,महिला विंग से रीना गर्ग, राखी अग्रवाल, प्रेमलता गोयल, सोनम सलूजा उपस्थित रहे। वहीं अखिल भारतीय महिला अग्रवाल सम्मेलन की सदस्यों सहित नगर की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मंच संचालन राखी अग्रवाल द्वारा किया गया।

आलोक इंटरनेशनल में ग्रीन-डे एवं हरेली पर्व का हुआ आयोजनखरसिया। सना बजाज द्वारा संचालित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर आलोक इ...
23/07/2025

आलोक इंटरनेशनल में ग्रीन-डे एवं हरेली पर्व का हुआ आयोजन

खरसिया। सना बजाज द्वारा संचालित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर आलोक इंटरनेशनल स्कूल में ग्रीन-डे एवं हरेली पर्व को हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन विद्यालय प्रांगण में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप-प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के माननीय प्रबंधक राधेश्याम शर्मा एवं प्राचार्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्रीमती प्रियंका महतो द्वारा प्रबंधक महोदय का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया, वहीं श्रीमती उजिता दुबे द्वारा प्राचार्य महोदय का सम्मान किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्रबंधक राधेश्याम शर्मा ने हरेली पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यह छत्तीसगढ़ राज्य का एक प्रमुख लोकपर्व है, जो श्रावण मास की अमावस्या को मनाया जाता है। हरेली शब्द का अर्थ ही हरियाली है। यह पर्व धरती की उर्वरता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता एवं समृद्धि की कामना का प्रतीक है। इस दिन किसान अपने कृषि यंत्रों की पूजा करते हैं, घरों को नीम की पत्तियों से सजाया जाता है, और पारंपरिक खेल जैसे गेड़ी चढ़ना आदि का आयोजन किया जाता है। यह पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को उजागर करता है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा भाषण, कविता, नृत्य एवं छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यालय के नन्हें-मुन्हें छात्रों ने भी पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर सभी का मन मोह लिया। हरे रंग की पोशाकों में सजे बच्चों ने ग्रीन-डे के महत्व को भी सुंदर तरीके से प्रदर्शित किया। यह आयोजन बच्चों को प्रकृति से जुड़ाव, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं परंपराओं के सम्मान की प्रेरणा देने में सफल रहा। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।

देवस्थल बन्दरचुआ से कांवर-यात्रा ले श्रीमदनेश्वरनाथ महादेव का किया जलाभिषेक▪️बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने लिया ह...
22/07/2025

देवस्थल बन्दरचुआ से कांवर-यात्रा ले श्रीमदनेश्वरनाथ महादेव का किया जलाभिषेक
▪️बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने लिया हिस्सा

खरसिया। सैकड़ों शिवभक्तों ने विशाल कांवड़ यात्रा के माध्यम से देवस्थल बन्दरचुआ के पवित्र कुण्ड के जल से श्री मदनेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा में शामिल महिला, पुरुष और बच्चे झूमते नाचते, बोल बम के नारे लगाते हुए चल रहे थे। जलाभिषेक पश्चात आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।

पवित्र सावन महीने के दूसरे सोमवार 21 जुलाई को पूर्ण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंचल के भक्तगण बंदरचुआ स्थित पवित्र कुण्ड से जल लाने के लिए सुबह से ही वहां पहुंचने लगे थे। भक्तगणों ने जल भरकर कांवड़ यात्रा की शुरुआत किया जिसमें दो बड़े कांवड़ सहित अनेक छोटे कांवड़ लेकर शिवभक्त नाचते थिरकते निकले। चोढा चौक, एनएच चौक, बाँसमुड़ा चौंक, बेरीवाली माता मंदिर, मदनपुर चौक होते हुए नीलसरोवर तालाब पार मदनपुर पहुंचे और वहां विराजमान श्री मदनेश्वर नाथ महादेव जी का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के बाद आरती कर प्रसाद के रूप में पूरी सब्जी का भंडारा लगाया गया किया गया जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन समिति के सदस्यगण पिछले कई दिनों से इस विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारियों में लगे हुए थे और उन्होंने सभी भक्तों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की थी। इसी के परिणाम स्वरूप सैकड़ों भक्त इस कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। आयोजन समिति सहित श्री मदनेश्वर नाथ महादेव सेवा समिति मदनपुर ने सभी सहयोगियों और भक्तों का आभार व्यक्त किया है।

21/07/2025

सावन के दूसरे सोमवार, शिव मंदिरों में भक्तों की लगी कतार
▪️ अबकी बार, भोले बाबा करेंगे बेड़ा पार

खरसिया। सावन तो शिव भक्तों के लिए महापर्व के रूप में आता है। वहीं सावन के चढ़ते ही शिवभक्तों का जोश हाई हो गया है। प्रत्येक शिवालय में शिव भजनों की धूम मची है, वहीं शिवभक्तों की लंबी कतार देखी जा रही है। साथ ही अंचल के प्रसिद्ध शिवालय सिद्धेश्वर धाम में तो आधी रात से शिवभक्तों का मेला लगा हुआ है। वहीं पास बहती बोराई नदी से शिव के भक्तों के जत्थे जल लेकर जगह-जगह स्थित शिवालयों में जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं।

शिवभक्तों के स्वागत में बादल भी रह-रह के बरस रहे हैं। वहीं समूचा आंचल शिवभक्ति में डूबा नजर आ रहा है। बंदरचुंआ स्थित पवित्र कुंड से जल लेकर भक्तों का जत्था श्रीमदनेश्वरनाथ महादेव के मंदिर मदनपुर पहुंचा, जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया और भोलेबाबा की महाआरती की। वहीं स्टेशन चौक स्थित नगर के प्रहरी के रूप में विराजमान शिव के दरबार में भोलेबाबा की महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ो भक्तों की उपस्थिति रही, स्थिति यह थी कि आधे घंटे तक रास्ता भी जाम हो चला था। महुआपाली रोड में स्थित निकले महादेव के मंदिर में भी भोलेबाबा की महाआरती की गई। साथ ही नगर की श्रद्धा के केंद्र चंदन तालाब स्थित शिव मंदिर में भी भोलेभंडारी की महाआरती की गई। इसी तरह पीपल पेड़ के नीचे और गंजबाजार सहित सभी शिवालियों में शिवभक्तों का मेला सा लग रहा। सोमवार वह भी सावन का, यह तो शिव भक्ति की बयार लेकर आता है, बढ़ चढ़कर श्रद्धालु शिवार्चन हेतु शिव के मंदिर पहुंच रहे हैं। किसी के हाथ में जल है, किसी के हाथ में बेलपत्ती, किसी के हाथ में कच्चे चावल और कोई अपने बाबा को फूलों के साथ मिठाइयां भी खिला रहा है, इन्हें पूर्ण विश्वास है कि अवघड़दानी इस सावन सोमवार में उनकी अर्जी जरूर सुनेंगे।

खरसिया की मिट्टी एवं रक्षा-सूत्र पहुंचेगे बॉर्डर▪️पूर्व भारतीय सैनिकों का आगमन 23 जुलाई को खरसिया में▪️हेल्पिंग हैंड्स क...
21/07/2025

खरसिया की मिट्टी एवं रक्षा-सूत्र पहुंचेगे बॉर्डर
▪️पूर्व भारतीय सैनिकों का आगमन 23 जुलाई को खरसिया में
▪️हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजन की तैयारी जोरों पर
▪️महिलाओं एवं बच्चियों द्वारा अपने हाथों से बनाई जा रही राखी

खरसिया। बॉर्डर पर तैनात इंडियन आर्मी जो कि त्योहारों के अपने घर नहीं जा पाते, हमारी रक्षा हेतु अपनी जान जोखिम में डालकर हमारी रक्षा करते हैं। उनके लिए पूर्व भारतीय सैनिकों द्वारा छत्तीसगढ़ से लाखों राखियां और हर शहर की मिट्टी लेकर बॉर्डर पर लेजाया जा रहा है। इसी कड़ी में ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र जिसमें हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन भी अपना योगदान दे रही है। भारत की मिट्टी को गौरवान्वित करने वाला अभियान जो भारत के लोगो के देशप्रेम और सैनिकों की मार्मिक भावनाओं को पूर्व सैनिकों द्वारा आपस में मिलाता है। धर्म की नगरी खरसिया में महिला समूहों द्वारा, सामाजिक संगठन द्वारा अपने अपने हाथों से रक्षा सूत्र बनाया जा रहा है। वहीं छोटे-छोटे बच्चों द्वारा अपनी आर्मी के लिए चिट्ठी भी लिखी जा रही है। जिसमें आपको भी रक्षा सूत्र भेजना हो तो आप राखी अग्रवाल, रीना गर्ग, प्रेमलता गोयल या सोनम सलूजा से संपर्क कर उन्हें भेज सकते हैं।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा पूर्व सैनिकों का स्वागत 23 जुलाई को स्पाइस ऑफ पंजाब में किया जाना है। कार्यक्रम में एसडीएम खरसिया, एसडीओपी खरसिया, नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग समेत नगर की महिलाएं, सामाजिक बंधुगण, सभी सादर आमंत्रित हैं।
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के संरक्षक बंटी सोनी, संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष विन्नी सलूजा, विकास शारदा, निलेश अग्रवाल, रजत शर्मा, राहुल डनसेना, अम्बर अग्रवाल, साहिल शर्मा, डॉ.विकास अग्रवाल, डॉ.दिलेश्वर पटेल सहित सभी अन्य सदस्यगण जोर शोर से तैयारी में लगे हैं।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के संरक्षक मनोज गोयल ने अपील की है कि नगर की समस्त महिलाएं माताएं बहनें इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। विन्नी सलूजा ने बताया कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन हमेशा ही इंडियन आर्मी के सम्मान में एवं पुलिस रक्षकों के सम्मान में आयोजन करते आ रहा है। राखी अग्रवाल ने बताया कि नगर की समस्त महिलाओं द्वारा सामाजिक संगठनों द्वारा ज्यादा से ज्यादा संख्या में रक्षासूत्र एकत्रित कर उसे सजाकर तैयारी की जा रही है।
नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा कि यह पल गौरवान्वित करने वाला पल है एवं खरसिया की मिट्टी बॉर्डर तक पहुंचना यह हमारा सौभाग्य है। इसमें सभी नगरवासियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने की अपील करता हूं। बता दें कि पूर्व सैनिकों का आगमन दिनांक 23 जुलाई दिन बुधवार दोपहर 1 बजे स्पाइस ऑफ पंजाब में होगा।

Address


Telephone

+917697101657

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when kharsia.news posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to kharsia.news:

Shortcuts

  • Address
  • Telephone
  • Alerts
  • Contact The Business
  • Claim ownership or report listing
  • Want your business to be the top-listed Media Company?

Share