19/02/2024
*चुराह:ड्यूटी से गायब था वन रक्षक, वन काटुओं ने काट दिए देवदार के पेड़*
*🙏CHURAH NEWS GROUP🙏*
*वन मंडल चुराह के तहत डियुर वन बीट में वन रक्षक की लापरवाही के कारण देवदार के पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है।*
*चंबा*। वन मंडल चुराह के तहत डियुर वन बीट में वन रक्षक की लापरवाही के कारण देवदार के पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है।
*वन विभाग ने वन रक्षक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार वन रक्षक ड्यूटी से गायब था। इसका फायदा उठाकर वन काटुओं ने जंगल में देवदार के पेड़ काट डाले। इसका पता विभाग को उस समय लगा, जब स्थानीय लोगों ने अवैध कटान और वन रक्षक के ड्यूटी से लापता होने की शिकायत वन खंड अधिकारी से की।*
शिकायत मिलते ही वन खंड अधिकारी ने मौके पर जाकर असलियत का पता लगाया। इस दौरान उन्हें वन रक्षक ड्यूटी से लापता मिला। जंगल में देवदार के दो पेड़ों के ठूंठ भी बरामद हुए। इन्हें कुछ दिन पहले ही काटा गया है। पेड़ों की लकड़ी गायब थी। इनके स्थान पर सिर्फ ठूंठ ही दिखाई दे रहे थे। इस बारे में वन रक्षक को कोई जानकारी नहीं थी।
मामले में गंभीरता दिखाते हुए वनखंड अधिकारी ने मामले की रिपोर्ट बनाकर वन परिक्षेत्र अधिकारी को सौंपी। उन्होंने मामले के बारे में वन मंडलाधिकारी को अवगत करवाया। वन मंडल अधिकारी ने जांच शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान वन रक्षक की ड्यूटी को लेकर भी जांच की जा रही है। लोगों की शिकायत के अनुसार वन रक्षक आठ से दस दिन तक ड्यूटी से गायब चल रहा था। हालांकि, अभी इसको लेकर विभाग ने कोई खुलासा नहीं किया है। विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में खुलासा हो पाएगा।
*उधर, वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया* कि डियुर वन बीट में वन रक्षक की ड्यूटी के दौरान लापरवाही को लेकर शिकायत मिली है। मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।