
18/07/2025
नहीं रही 113 साल की चंद्रो देवी...
फरीदाबाद की सबसे बुजुर्ग वोटर चंद्री देवी का 113 वर्ष की उम्र में निधन
हरियाणा के फरीदाबाद जिले की सबसे अधिक उम्र की वोटर, 113 वर्षीय चंद्री देवी का गुरुवार को निधन हो गया। उनका जन्म 1 जनवरी 1914 को हुआ था और वे बल्लभगढ़ के सेक्टर-8 स्थित हाउस नंबर 26 में निवास करती थीं।
जिला प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार, चंद्री देवी फरीदाबाद की सबसे बुजुर्ग महिला मतदाता थीं। वे हमेशा चुनावों में भाग लेकर नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन की मिसाल पेश करती थीं। उन्होंने अपने जीवन का आखिरी वोट नगर निगम चुनाव में डाला था।
गुरुवार को उन्होंने अपने निवास पर अंतिम सांस ली। चंद्री देवी अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं, जिसमें दो बेटे – राजबीर तेवतिया और सुखबीर तेवतिया, दो पौत्र – नवीन तेवतिया व सोनू तेवतिया तथा उनके बच्चे शामिल हैं।
उनके निधन पर क्षेत्र की कई सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका अंतिम संस्कार सेक्टर-8 बाईपास स्थित श्मशान घाट में संपन्न हुआ।
चंद्री देवी न केवल अपने परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत थीं। उनके जीवन और लोकतंत्र के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।