26/08/2026
किराना हिल्स से धुआं उठता देख घबरा गया था पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंदूर पर खुलासा
KASHI MAIL
ऑपरेशन सिंदूर…यह पहलगाम अटैक का बदला था. भारत ने पहलगाम अटैक का बदला लेने के लिए पाकिस्तान की ईंट से ईंट बजा दी थी. ऑपरेशन सिंदूर में न केवल आतंकी ठिकाने नष्ट हुए थे. पाकिस्तानी एयरबेस तक तबाह हुए थे. ब्रह्मोस मिसाइलों की बरसात से पाकिस्तान में हाहाकार मच गया था. आतंकियों की कमर टूट गई थी. पाक सेना लाचार हो गई थी. पाकिस्तानियों की हालत तो तब और खराब हो गई थी, जब किराना हिल्स से धुआं उठता दिखा था. जी हां, पूर्व सीडीएस अनिल चौहान ने किराना हिल्स पर हमले का राज खोला है. उनके मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के परमाणु ठिकाने पर भारत का ड्रोन जा गिरा था.
भारत ने किराना हिल्स को निशाना नहीं बनाया, आत्मघाती ड्रोन किसी पहाड़ी से टकरा गया होगा: पूर्व सीडीएस
दरअसल, पूर्व सीडीएस यानी प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर पर लंबी बातचीत की. उन्होंने साफ किया कि भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान की किराना हिल्स को निशाना नहीं बनाया था. किराना हिल्स पाकिस्तान का एक परमाणु प्रतिष्ठान है. उनके मुताबिक, पाकिस्तान के सरगोधा की ओर भारत ने कई आत्मघाती ड्रोन भेजे थे. इनमें से एक अपनी उड़ान क्षमता खोने के बाद नीचे गिरकर एक पहाड़ी से टकरा गया होगा.
ऑपरेशन सिंदूर की वो कहानी
अनिल चौहान ने ‘ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद के हालात’ पर हुई बातचीत के दौरान अपनी बात स्पष्ट करते हुए एयर मार्शल ए.के. भारती का भी समर्थन किया. एयर मार्शल भारती ने पिछले साल 12 मई को वायुसेना के ‘वायु संचालन महानिदेशक (डीजीएओ) के तौर पर पत्रकारों से कहा था, ‘हमने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया है, चाहे वहां कुछ भी रहा हो.’ एयर मार्शल भारती 31 जुलाई को उप वायुसेना प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए. उनसे सोशल मीडिया पर फैली उन अफवाहों के बारे में पूछा गया जिनमें कहा गया था कि भारत ने जवाबी कार्रवाई के दौरान ‘किराना हिल्स’ नाम की जगह पर हमला किया था, जहां कथित तौर पर परमाणु हथियार भंडारण केंद्र था.
अनिल चौहान ने बताया किराना हिल्स अटैक का राज
अनिल चौहान ने कहा, ‘एयर मार्शल भारती से किराना हिल्स के बारे में एक सवाल पूछा गया था. मुझे लगता है कि मुझे इस बारे में साफ तौर पर बताना चाहिए. कई बार यह पूछा गया है कि क्या किराना हिल्स पर हमला किया गया था; क्योंकि वहीं पर उनके (पाकिस्तान के) परमाणु ठिकाने हैं.’ उन्होंने कहा कि एयर मार्शल भारती ने तब सही कहा था कि हमने किराना हिल्स को निशाना नहीं बनाया था. ‘मैं शायद कुछ हद तक समझा सकता हूं… उन हमलों से पहले हमने सरगोधा में कई ड्रोन भेजे थे, और किराना हिल्स सरगोधा से लगभग 10 किलोमीटर उत्तर में है. तो ये ड्रोन उन राडार को ढूंढ रहे थे जो सरगोधा और उसके आस-पास थे. इसकी एक समय-सीमा होती है, जिसका मतलब है कि ये लगभग दो घंटे तक हवा में मंडराते रहते हैं, और अगर कोई लक्ष्य नहीं मिलता, तो ये नीचे आकर कहीं टकरा जाते हैं.’
किराना हिल्स की पहाड़ियों से निकला धुआं
पूर्व सीडीएस ने कहा, ‘हो सकता है कि वह आकर उन पहाड़ियों में से किसी एक से टकराया हो. इसलिए यह उन वजहों में से एक हो सकता है जिनके बारे में लोगों ने पूछा… क्योंकि पाकिस्तानी मीडिया ने कुछ ऐसी तस्वीरें भी दिखाई थीं जिनमें किराना पहाड़ियों से धुआं निकलता दिख रहा था.’ जी हां, पाकिस्तान में इसे देखकर ही हड़कंप मच गया था. उन्हें लगा था कि भारत ने किराना हिल्स पर अटैक कर दिया है. इसका मतलब है कि पाकिस्तान में हाहाकार मचेगा. इसके बाद ही पाकिस्तान ने तुरंत भारत के आगे सीजफायर की गुहार लगाई थी. गौरतलब है कि भारत ने 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए मई 2025 में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए.