11/07/2026
71 वर्षीय महिला से चेन लूट का खुलासा, सारनाथ पुलिस ने शातिर लुटेरे को दबोचा; सोने की चेन और चोरी की बुलेट बरामद.
वाराणसी कमिश्नरेट की सारनाथ पुलिस ने 71 वर्षीय महिला से चेन लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9.09 ग्राम वजनी पीली धातु की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चोरी और लूट की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के पर्यवेक्षण में थाना सारनाथ पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विजय चौहान उर्फ लकी (निवासी छोटा लालपुर, थाना लालपुर-पांडेयपुर, वाराणसी) को हवेलिया क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया।
क्या था मामला?
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को सारनाथ निवासी मोहित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाइक सवार दो बदमाश उनकी 71 वर्षीय मां की दुकान में घुस गए और मारपीट कर उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना सारनाथ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात से पहले अस्सी घाट से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद दोनों ने सारनाथ क्षेत्र में रेकी की और वृद्ध महिला को अकेला पाकर दुकान में घुसकर मारपीट करते हुए गले से सोने की चेन लूट ली। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी वारदात की कोशिश की थी, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण सफल नहीं हो सके। पुलिस के अनुसार, आरोपी लूटी गई चेन बेचने जा रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के विरुद्ध पहले से भी वाराणसी के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
#वाराणसी #सारनाथ #चेनलूट #पुलिस #ब्रेकिंगन्यूज़ #क्राइमन्यूज #उत्तरप्रदेश