21/08/2026
वृंदावन में ओमैक्स के निर्माणाधीन मॉल में हादसा: शटरिंग टूटने से 3 मजदूरों की मौत, 1 की हालत गंभीर; PWD करेगा जांच
वृंदावन। रुक्मिणी बिहार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां गोलचक्कर के पास ओमैक्स कंपनी के निर्माणाधीन मॉल (ओमैक्स कोर्टयार्ड) की चौथी मंजिल का छज्जा डालते समय अचानक शटरिंग टूट कर गिर गई। हादसे में शटरिंग समेत चार मजदूर चौथी मंजिल से नीचे आ गिरे और मलबे में दब गए। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके व अस्पताल में मौत हो गई, जबकि एक मजदूर की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
सुबह 7 बजे हुआ हादसा मॉल का निर्माण देहरादून की कंपनी वीकेजे प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। गुरुवार रात आठ बजे चौथी मंजिल पर काम शुरू हुआ था जो रातभर चला। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जब छज्जे का निर्माण चल रहा था, तब अचानक शटरिंग भार न सहन पाने के कारण टूट गई। वहां मौजूद 6 मजदूरों में से 2 शौच के लिए गए हुए थे, जिससे उनकी जान बच गई।
मृतकों और घायलों का विवरण
शिवराम (42 वर्ष): निवासी वार्ड 6 सिपरी जोशीपुर, जिला कैलाली (नेपाल) - मौके पर ही मृत्यु।
आलम मियां (30 वर्ष): निवासी अदारन सिंघीमरी, कूच बिहार (पश्चिम बंगाल) - जिला संयुक्त अस्पताल में मृत घोषित।
रफीउल मियां (28 वर्ष): निवासी ब्लाक सिताई छांटा, कूच बिहार (पश्चिम बंगाल) - जिला संयुक्त अस्पताल में मृत घोषित।
दिलदार (45 वर्ष): गंभीर रूप से घायल (सिर में चोट), जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।