28/09/2026
रीवा। जिले के महसांव में जनसुनवाई के दौरान जमीन से जुड़ी समस्या बताते हुए एक महिला के रोने पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी नाराज हो गए। उन्होंने मौके से ही गुढ़ तहसीलदार अरुण कुमार यादव को फोन लगाया और महिला की परेशानी को लेकर फटकार लगाई।
महिला ने कलेक्टर को बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, लेकिन जमीन से जुड़े मामले में तहसीलदार ने स्थगन लगा दिया है। इसके बाद से वह लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर काट रही है। महिला ने रामजी, भारतलाल और कमलेश के नाम से प्रकरण चलने की जानकारी भी कलेक्टर को दी।
जमीन संबंधी कार्रवाई के कारण प्रधानमंत्री आवास का निर्माण प्रभावित होने की बात बताते हुए महिला भावुक हो गई और रोने लगी। उसकी स्थिति देखकर कलेक्टर ने तत्काल तहसीलदार को फोन किया और प्रकरण की स्थिति तथा स्थगन लगाए जाने की वजह पूछी।
बातचीत के दौरान कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा, “ज्यादा उड़ रहे हो, अभी जमीन में उतार दूंगा। शर्म करो, तुम्हारे नाम से लोग रो रहे हैं।”
कलेक्टर ने मामले की जांच कर नियमानुसार महिला की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर और तहसीलदार के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। 🙏🏻पंडित राजगुरु टिकर🙏🏻