Sheohar Express

Sheohar Express Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from Sheohar Express, Media/News Company, Sheohar.

बागेश्वर धाम सरकार की जय, श्री बालाजी सरकार की जय, श्री हनुमान जी महाराज की जय, परम पूज्य श्री दादा गुरु जी महाराज की जय, श्री प्रेतराज सरकार की जय, श्री सन्यासी बाबा की जय, सीताराम साधु जी🙏🙏

आंगनबाड़ी भवन निर्माण में सुस्ती पर डीडीसी सख्त, समय पर काम पूरा करने का निर्देश।शिवहर। जिले में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों ...
22/08/2026

आंगनबाड़ी भवन निर्माण में सुस्ती पर डीडीसी सख्त, समय पर काम पूरा करने का निर्देश।

शिवहर। जिले में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर उप विकास आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई है। जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा गया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि आरआईडीएफ मद से जिले में 15 नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्धारित समय-सीमा के अनुसार इन भवनों का निर्माण तीन माह में पूरा किया जाना था, लेकिन चार माह से अधिक समय बीतने के बाद भी कई भवनों का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इस पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाने का निर्देश दिया।

स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के अधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्माणाधीन 15 भवनों में से 6 आंगनबाड़ी केंद्रों का फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही इन भवनों को बाल विकास सेवाएं विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।

बैठक में जिले की सभी पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति बेहतर करने को लेकर भी महत्वपूर्ण लक्ष्य निर्धारित किए गए। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मती सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायतवार नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि और आवश्यक स्थल को चिन्हित करने को कहा गया।

उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े निर्माण एवं मरम्मती कार्य सीधे तौर पर बच्चों और महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं को प्रभावित करते हैं। इसलिए इन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया।

सड़क हादसों पर रोकथाम को लेकर प्रशासन सख्त, दुर्घटना संभावित स्थलों पर होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।शिवहर एक्सप्रेस। ज...
22/08/2026

सड़क हादसों पर रोकथाम को लेकर प्रशासन सख्त, दुर्घटना संभावित स्थलों पर होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।

शिवहर एक्सप्रेस। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण और सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग एवं एनएच के कार्यपालक अभियंता, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।

दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, साइनेज और रिफ्लेक्टर लगाने का निर्देश एनएचएआई एवं पथ निर्माण विभाग को दिया गया। वहीं ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया।

दुर्घटना के बाद घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए हाईवे पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। राजमार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों के आसपास अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस देने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में सरकारी एवं गैर-सरकारी वाहन चालकों के लिए समयबद्ध सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के आश्रितों को मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी एवं ट्रैफिक डीएसपी को दिया गया।

प्रशासन की ओर से स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं, व्यावसायिक वाहन चालकों और आम नागरिकों के बीच यातायात नियमों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो, ताकि जिले में सड़क हादसों और उनसे होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।

आपदा प्रबंधन को लेकर शिवहर में एनडीआरएफ का विशेष प्रशिक्षण, डीएम ने प्रशिक्षित मानव संसाधन को बताया अहम।शिवहर। आपदा की स...
22/08/2026

आपदा प्रबंधन को लेकर शिवहर में एनडीआरएफ का विशेष प्रशिक्षण, डीएम ने प्रशिक्षित मानव संसाधन को बताया अहम।

शिवहर। आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी ढंग से राहत और बचाव कार्य संचालित करने को लेकर शिवहर जिला प्रशासन की ओर से समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने अधिकारियों एवं कर्मियों को विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक बचाव तकनीकों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, अपर समाहर्ता कृष्ण कुमार यादव, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्वेता सुमन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

एनडीआरएफ के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने आपदा के दौरान त्वरित निर्णय लेने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा राहत-बचाव कार्य को बेहतर तरीके से संचालित करने की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्राथमिक उपचार, सीपीआर देने की सही प्रक्रिया, बाढ़ अथवा मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की रेस्क्यू तकनीक और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि आपदा प्रबंधन में त्वरित प्रतिक्रिया, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रशिक्षित मानव संसाधन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय कुछ ही मिनटों में लिया गया सही निर्णय किसी व्यक्ति की जान बचाने में निर्णायक साबित हो सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से जिला प्रशासन की आपदा से निपटने की क्षमता मजबूत होगी और आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों का अपने कार्यक्षेत्र में उपयोग करने के साथ-साथ आम लोगों को भी आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए केवल प्रशासनिक तैयारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक स्तर पर जागरूकता और प्रशिक्षण जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई।

मीनापुर बलहा में दरवाजे पर मिला युवक का शव, संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप।35 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम, पु...
22/08/2026

मीनापुर बलहा में दरवाजे पर मिला युवक का शव, संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप।

35 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शिवहर। पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बलहा पंचायत के वार्ड नंबर 10 में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके घर के दरवाजे पर संदिग्ध अवस्था में पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय कामोद महतो, पिता चेतन महतो, निवासी वार्ड नंबर 10, मीनापुर बलहा के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह परिजनों एवं ग्रामीणों ने कामोद महतो का शव घर के दरवाजे पर पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की संभावना है।

बताया गया है कि मृतक अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हरनाही में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवरात व नकदी चोरीछत के रास्ते घर में घुसे चोर, गोदरेज के तीन ट्रंक...
22/08/2026

हरनाही में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवरात व नकदी चोरी

छत के रास्ते घर में घुसे चोर, गोदरेज के तीन ट्रंक के ताले ब्लेड से काटकर दिया वारदात को अंजाम; घटना से गांव में दहशत

शिवहर। नगर थाना क्षेत्र के हरनाही गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

जानकारी के अनुसार, शिवहर जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दक्षिण स्थित हरनाही गांव निवासी विनोद शर्मा उर्फ हरिजी के घर में चोरी की वारदात हुई। गृहस्वामी शिवहर स्थित अपने आवास पर रहते हैं। उनका पुत्र हिमांशु कुमार सुंदरपुर चौक पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का संचालन करते हैं और सामान्यतः गांव के घर पर भी आते-जाते रहते हैं।

बताया गया कि घटना की रात हिमांशु कुमार अपने परिवार के साथ पटना गए हुए थे। घर पूरी तरह खाली था। चोरों ने घर के सामने लगे ग्रिल का ताला नहीं तोड़ा, बल्कि छत के रास्ते अंदर प्रवेश करने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखे गोदरेज अलमारी एवं तीन डोर ट्रंक के ताले ब्लेड से काटकर सामान खंगाला।

शुक्रवार दोपहर जब परिजन घर पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोला तो अंदर के कमरों के दरवाजे खुले मिले। गोदरेज अलमारी भी खुली थी और घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।

पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में परिवार की बुजुर्ग मां, पत्नी और पतोहू के सोने-चांदी के जेवर रखे हुए थे। हिमांशु कुमार ने बताया कि चोरी गए स्वर्णाभूषणों की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा करीब 15 हजार रुपये नकद भी चोर ले गए।

घटना की जानकारी सबसे पहले डायल-112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर शिवहर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

शिवहर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुनील कुमार झा ने बताया कि अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इधर, लंबे समय बाद गांव में हुई चोरी की इस बड़ी घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद घर को निशाना बनाकर की गई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर गिरफ्तारी करने की मांग की है।

बताते चलें कि विनोद शर्मा उर्फ हरिजी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह कार्यवाह भी रह चुके हैं। घटना के बाद उनके घर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

विद्यार्थी सहयोग शिविर के लिए प्रशिक्षण आयोजित, पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू।शिवहर। विद्यार्थियों को सरकारी योजना का ल...
21/08/2026

विद्यार्थी सहयोग शिविर के लिए प्रशिक्षण आयोजित, पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू।

शिवहर। विद्यार्थियों को सरकारी योजना का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को शिवहर समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ के सफल संचालन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवेदन प्रक्रिया तथा विभागीय पोर्टल के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी (DIO) ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को पोर्टल के उपयोग, पंजीकरण और आवेदन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में इंस्ट्रक्टर, वार्डन, छात्रावास अधीक्षक, प्रभारी प्राचार्य एवं डाटा एनालिस्ट सहित संबंधित कर्मियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण और आवेदन की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। अधिकारियों को बताया गया कि योजना के तहत विद्यार्थियों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पोर्टल पर शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

अधिकारियों को आवेदन की पात्रता संबंधी शर्तों की भी जानकारी दी गई। इसके तहत लाभार्थी की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के बाद संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विद्यार्थियों को योजना और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें तथा पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन सुनिश्चित कराएं।

प्रशासन की ओर से इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों तक योजना का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुंचाना तथा आवेदन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाना है।

पीएम सूर्य घर’ योजना को गति देने की कवायद तेज, DDC ने दिए सख्त निर्देश; लापरवाही पर होगी कार्रवाई।शिवहर। जिले में ‘पीएम ...
21/08/2026

पीएम सूर्य घर’ योजना को गति देने की कवायद तेज, DDC ने दिए सख्त निर्देश; लापरवाही पर होगी कार्रवाई।

शिवहर। जिले में ‘पीएम सूर्य घर’ योजना को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने और अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने को लेकर उप विकास आयुक्त (DDC), शिवहर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की वर्तमान प्रगति, लक्ष्य एवं आम लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजना की प्रगति की अब नियमित एवं दैनिक स्तर पर निगरानी की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

उप विकास आयुक्त ने योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान की जानकारी आम लोगों तक व्यापक रूप से पहुंचाने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें। बैठक में विभिन्न क्षमता के सोलर रूफटॉप प्लांट पर मिलने वाले अनुदान की भी जानकारी दी गई।

योजना के तहत मिलने वाला अनुदान....

- 1 किलोवाट तक: केंद्र सरकार से 30,000 और राज्य सरकार से 10,000, यानी कुल 40,000।
- 2 किलोवाट तक: केंद्र सरकार से 60,000 और राज्य सरकार से 20,000, यानी कुल 80,000।
- 3 किलोवाट तक: केंद्र सरकार से 78,000 और राज्य सरकार से 20,000, यानी कुल 98,000 का अनुदान।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार की ओर से दिया जा रहा अतिरिक्त अनुदान 31 मार्च 2027 तक लागू है। इसके अलावा सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए लाभुकों को आसान किस्तों में 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजना के लाभ, अनुदान एवं आवेदन प्रक्रिया को लेकर पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। आम नागरिक योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन के लिए www.pmsuryaghar.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 15555 भी उपलब्ध है।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि ‘पीएम सूर्य घर’ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन जिले में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों के बिजली खर्च को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं संबंधित नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ने तथा उन्हें स्वच्छ ऊर्जा एवं आर्थिक बचत का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने की बात कही।

शिवहर में नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, स्कूल-कॉलेजों के आसपास 50 मीटर का क्षेत्र होगा नशामुक्त।शिवहर। जिले में मादक पदार्थ...
21/08/2026

शिवहर में नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, स्कूल-कॉलेजों के आसपास 50 मीटर का क्षेत्र होगा नशामुक्त।

शिवहर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमेटी (NCORD) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के साथ-साथ युवाओं और बच्चों को नशे की गिरफ्त से दूर रखने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए। जिला औषधि निरीक्षक को जिले के सभी मेडिकल स्टोरों की नियमित एवं आकस्मिक जांच करने का निर्देश दिया गया। बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित अथवा नशीली दवाओं की बिक्री पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध लाइसेंस रद्द करने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।

मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग को अपने सूचना तंत्र को और मजबूत करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर संभावित नशा हॉटस्पॉट चिह्नित करने तथा वहां नियमित रूप से औचक छापेमारी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों को नशामुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल देते हुए स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों में नियमित रूप से नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार एवं अन्य गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही शिक्षण संस्थानों के 50 मीटर के दायरे को पूर्णतः नशामुक्त रखने के लिए वहां संचालित गुमटियों एवं अनधिकृत दुकानों को हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया।

बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रखंड स्तर पर स्पोर्ट्स क्लब, लिटरेसी क्लब, कला-संस्कृति क्लब एवं क्विज क्लब गठित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। इन क्लबों का संचालन विद्यालयी पढ़ाई के बाद संध्याकाल में प्रतिदिन एक से दो घंटे तक करने की योजना है, जिसमें इच्छुक बच्चे एवं युवा भाग लेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देना है।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र में सक्रिय ड्रग पेडलर्स एवं नशीले पदार्थों की आपूर्ति से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में आवश्यक आसूचना भी जुटाई जाए।

इसके अलावा एनडीपीएस (NDPS) से संबंधित मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। बरी होने वाले मामलों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार सक्षम न्यायालय में अपील दायर करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला समादेष्टा गृह रक्षा वाहिनी, जिला औषधि निरीक्षक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, सहायक निदेशक बाल संरक्षण, सिविल सर्जन, अधीक्षक मद्यनिषेध सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन के इन निर्देशों से स्पष्ट है कि शिवहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के साथ-साथ युवाओं को नशे से बचाने के लिए सख्ती, निगरानी और जागरूकता—तीनों स्तरों पर अभियान को प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है।

ईज ऑफ लिविंग’ को लेकर डीएम सख्त, जनता की शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश।शिवहर। आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध औ...
21/08/2026

ईज ऑफ लिविंग’ को लेकर डीएम सख्त, जनता की शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश।

शिवहर। आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पदाधिकारी, शिवहर प्रतिभा रानी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। डीएम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।

जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जमाबंदी परिमार्जन, जमीन की मापी, भू-अर्जन, अतिक्रमण और रास्ता विवाद से जुड़े मामले सामने आए। डीएम ने अंचल स्तर के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अंचलाधिकारियों को जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। रैयती भूमि पर दखल तथा आपसी बंटवारे से जुड़े मामलों में आवेदकों को न्यायालय की विधिवत प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया गया।

अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों पर भी जिला पदाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। एक मामले में नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि मापी के बाद दोबारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आम रास्ते से जुड़े विवादों का भी स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार समाधान करने को कहा गया।

जनता दरबार में पेंशन, नल-जल योजना, नाली निर्माण एवं जल निकासी से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिलने तथा नल-जल योजना के संचालन में आ रही समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वहीं, शिक्षा एवं युवा कल्याण से जुड़े मामलों में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिला पदाधिकारी ने DRCC एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।

विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों पर भी डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। बिजली के तार एवं पोल हटाने से जुड़े मामले में संबंधित अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा गया। नए बिजली कनेक्शन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन का भी निर्देश दिया गया।

इसके अलावा राशन वितरण में परेशानी और पैक्स के माध्यम से किसानों के लंबित भुगतान से संबंधित शिकायतें भी जनता दरबार में पहुंचीं। जिला पदाधिकारी ने आपूर्ति एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों को विभागवार दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि ‘ईज ऑफ लिविंग’ यानी नागरिकों के जीवन को सुगम बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें। कार्य में लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

तरियानी थाना में 266 लीटर जब्त शराब का विनष्टीकरण, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप।शिवहर। जिले में शराबबंदी कानून को प्र...
21/08/2026

तरियानी थाना में 266 लीटर जब्त शराब का विनष्टीकरण, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप।

शिवहर। जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तरियानी थाना परिसर में शुक्रवार को विभिन्न मामलों में जब्त शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर अंचलाधिकारी तरियानी रोहन रंजन एवं थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार की मौजूदगी में संपन्न हुई।

विनष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान कुल 266 लीटर शराब नष्ट की गई। इसमें 227 लीटर नेपाली सोफिया शराब, 38 लीटर देसी शराब तथा 1 लीटर विदेशी शराब शामिल थी। जब्त शराब को सक्षम प्राधिकार से प्राप्त आदेश एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत थाना परिसर में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में नष्ट किया गया।

अंचलाधिकारी रोहन रंजन ने बताया कि विभिन्न मामलों में जब्त शराब का सक्षम आदेश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त शराब को निर्धारित नियमों के अनुसार नष्ट किया जाएगा।

तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और जब्त शराब को न्यायिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्ट किया जा रहा है।

पुलिस एवं प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Address

Sheohar

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Sheohar Express posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Sheohar Express:

Shortcuts

Share